मुंबई के बाद यूपी में तरबूज खाने से एक ही परिवार के 3 लोगों की तबीयत बिगड़ी, युवती की मौत
यूपी के बिजनौर के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के गांव शेरनगर नरैनी में तरबूज खाने के बाद एक ही परिवार के तीन लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान 21 वर्षीय युवती की मौत हो गई।

मुंबई में तरबूज खाने से एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत के बाद अब यूपी में भी तरबूत से मौत का मामला सामने आया है। बिजनौर के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के गांव शेरनगर नरैनी में तरबूज खाने के बाद एक ही परिवार के तीन लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को गंभीर हालत में उपचार के लिए बिजनौर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान गुरुवार को 21 वर्षीय युवती की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। उधर, सीएचसी अधीक्षक डा. विशाल ने घटना से अनभिज्ञता जताते हुए बताया कि टीम भेजकर जांच की जाएगी।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी डॉ. जियाउल रहमान, उनकी पत्नी और पुत्री मुस्कान की बुधवार शाम अचानक तबीयत बिगड़ गई। तीनों को उल्टी और बेचैनी की शिकायत होने लगी। परिजन उन्हें पहले स्थानीय चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने बिजनौर रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक तीनों ने दोपहर में तरबूज खाया था। कुछ घंटे बाद ही तबीयत खराब होने लगी। बिजनौर के एक निजी अस्पताल में तीनों का उपचार चल रहा था, लेकिन मुस्कान की हालत लगातार गंभीर बनी रही और गुरुवार को उसकी मौत हो गई।
आपको बता दें कुछ दिन पहले मुंबई के साउथ इलाके में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत के मामले की शुरुआती जांच में तरबूज खाने से हुई फूड पॉइजनिंग बताया गया था। मृतकों में अब्दुल्ला दोकाडिया, उनकी पत्नी नसरीन और उनकी दो बेटियां जैनब और आयशा शामिल थीं। पुलिस के अनुसार, 25 अप्रैल को परिवार ने अपने घर पर रिश्तेदारों को खाने के लिए बुलाया था। सभी ने मटन पुलाव खाया और रात में रिश्तेदार वहां से चले गए। इसके बाद परिवार ने रात करीब 1 बजे तरबूज खाया। सुबह 5 से 6 बजे के बीच चारों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उन्हें तेज उल्टी और दस्त की शिकायत हुई। हालत गंभीर होने पर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन कुछ ही घंटों में सभी की मौत हो गई।
शुरुआत में पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पोस्टमार्टम के दौरान शवों से सैंपल लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए। अब रिपोर्ट में चारों के शरीर में जिंक फॉस्फाइड के अंश मिलने की पुष्टि हुई है। जांच एजेंसियों को तरबूज के सैंपल में भी यही जहरीला रसायन मिला है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जहरीला पदार्थ गलती से तरबूज में पहुंचा या फिर किसी ने जानबूझकर मिलाया था। मामले ने जांच एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।




साइन इन