देवर से शादी के बाद जान की दुश्मन बन गई महबूबा, फोटो नहीं डिलीट करने पर प्रेमी को पेट्रोल से जलाया
प्रेमिका द्वारा जलाया गया प्रेमी एक ऑटो ड्राइवर है। उसकी बहन ने पुलिस को बताया कि आजमपाड़ा निवासी महिला के पति की दो साल पहले संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। उस महिला ने उसके भाई को फंसा लिया। अपने दो बच्चों के साथ चांद के साथ लिव इन में रहने लगी। 15 दिन पहले उसने उसके भाई को छोड़ दिया।

यूपी के आगरा के शाहगंज के दौरेठा इलाके में दो साल लिव इन में रही एक महिला ने पेट्रोल डालकर प्रेमी को आग लगा दी। महिला अपने देवर के साथ आई थी। प्रेमी को गंभीर रूप से जली हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रेमिका उससे पुराने फोटो डिलीट करने की बोल रही थी। इसी बात पर विवाद हुआ था। जली हुई हालत में मदद के लिए प्रेमी ने सड़क पर दौड़ लगाई। लोगों के दरवाजे खटखटाए। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना गुरुवार की रात करीब नौ बजे की है। प्रेमी चांद उर्फ सद्दाम ऑटो चालक है। उसकी बहन निशा ने पुलिस को बताया कि आजमपाड़ा निवासी शबनम के पति की दो साल पहले संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। शबनम ने उसके भाई चांद उर्फ सद्दाम को फंसा लिया। अपने दो बच्चों के साथ चांद के साथ लिव इन में रहने लगी। चांद भी उससे प्रेम करने लगा। उसका और उसके बच्चों का पूरा खर्चा उठाता था। पंद्रह दिन पहले शबनम ने भाई को छोड़ दिया। अपने देवर अल्ली से निकाह कर लिया। चांद को इससे धक्का लगा था। गुरुवार की रात भाई ऑटो से सवारी छोड़कर घर लौट रहा था। योजना के तहत उसके भाई को दौरेठा में विलासगंज के पास घेर लिया। आरोप है कि शबनम अपने नए पति अल्ली, भाई वकील, मां नगीना, जीजा शरीफ आदि के साथ आई थी। सभी ने मिलकर उसके भाई को ऑटो से बाहर खींच लिया। उस पर शबनम के पुराने फोटो डिलीट करने का दबाव बनाया। बहस हो गई।
आरोप है कि चांद के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग लगने पर भाई छटपटाने लगा। जान बचाने के लिए सड़क पर भागा। यह देख आरोपित मौके से भाग गए। गंभीर हालत में पुलिस ने चांद उर्फ सद्दाम को एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा। उसकी हालत गंभीर थी। यह देख परिजन निजी अस्पताल में ले गए।
स्थानीय लोगों ने बुझाई थी आग
पीड़ित चांद की बहन निशा ने बताया कि भाई करीब 40 प्रतिशत जल गया है। हालत खराब है। होश में आने पर भाई ने बताया कि वह लपटों से घिरा हुआ था। मदद के लिए चीखते हुए भाग रहा था। लोगों के घरों के दरवाजे खटखटाए। भीड़ जमा हो गई। लोगों ने आग बुझाई। पुलिस घटना स्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी खंगाल रही है।
क्या बोली पुलिस
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने कहा कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर शबनम सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा लिखा है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन