After Akhilesh Yadav, Ajay Rai is now demanding that family of the deceased BLO be given Rs 1 crore and a job मृतक बीएलओ के परिजनों को मिले एक करोड़ और नौकरी, अखिलेश के बाद अब अजय राय की मांग, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

मृतक बीएलओ के परिजनों को मिले एक करोड़ और नौकरी, अखिलेश के बाद अब अजय राय की मांग

सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बाद अब अजय राय ने डिमांड की है कि मृतक बीएलओ के परिजनों को एक करोड़ और नौकरी दिया जाए। उन्होंने कहा कि एसआईआर फार्म कर्मचारियों को मानसिक तनाव दे रहा है। इसका समय बढ़ाकर चुनाव आयोग कर्मचारियों को राहत दे।

Fri, 28 Nov 2025 06:45 PMDeep Pandey लाइव हिन्दुस्तान
share
मृतक बीएलओ के परिजनों को मिले एक करोड़ और नौकरी, अखिलेश के बाद अब अजय राय की मांग

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय शुक्रवार को देवरिया के रुद्रपुर क्षेत्र के माझा नरायन गांव के मनियापुरा टोला पहुंचे। यहां उन्होंने मृतक बीएलओ रंजू देवी के घर पहुंच कर शोक संवेदना व्यक्त किया। इस दौरान बीएलओ के परिवार को एक करोड़ रुपए की आर्थिक मदद और सरकारी नौकरी देने की मांग की। उन्होंने कहा कि एसआईआर फार्म कर्मचारियों को मानसिक तनाव दे रहा है। इसका समय बढ़ाकर चुनाव आयोग कर्मचारियों को राहत दे। इसके पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग से मांग की है कि मृतक बीएलओ के आश्रितों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दें। समाजवादी पार्टी मृतक बीएलओ के आश्रितों को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि देगी।

रुद्रपुर क्षेत्र के माझा नरायन गांव के मनियापुरा टोला की रहने वाली बीएलओ रंजू देवी की 25 नवंबर की रात मौत हो गई थी। उनके पति जगदम्बा दूबे ने आरोप लगाया था कि रंजू देवी की मौत वीसी के बाद मानसिक तनाव के चलते हुई। इसके बाद से ही यह मामला तूल पकड़ लिया है। शुक्रवार को कांग्रेस के प्रदेश अजय राय और राष्ट्रीय प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह लम्बे काफिले के साथ दोआबा के माझा नरायन गांव के मनियापुरा टोला पहुंचे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मृतक बीएलओ रंजू देवी के पति जगदम्बा दूबे से घटना के बारे में जानकारी ली। इसके बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए उन्होंने मृतक रंजू देवी के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और एक करोड़ रुपए की क्षतिपूर्ति देने की मांग की।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अखिलेश ने भरा एसआईआर फार्म, मृतक बीएलओ के आश्रितों को 2 लाख रुपए देने का ऐलान भी

अजय राय ने कहा कि केन्द्र और प्रदेश की भाजपा सरकार निरंकुश हो गई है। एसआईआर फार्म को जल्दी भरने के लिए कर्मचारियों पर दबाव बनाया जा रहा है। जिसके चलते कर्मचारी अनावश्यक मानसिक तनाव में आ जा रहे हैं और उनकी जान तक चली जा रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार जल्दी फार्म भरवाकर विपक्षी दलों के वोट को काटने का प्रयास कर रही है। जिसे कांग्रेस कार्यकर्ता किसी कीमत पर पूरा नहीं होने देंगे। 14 दिसम्बर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान कांग्रेस कार्यकर्ता बहुत बड़ी संख्या में धरना देने जा रहे हैं। जिसमें एसआईआर फार्म को जल्दबाजी में भरने के कारण हो रहे मौत के मुद्दे को मैं गंभीरता के साथ रखूंगा। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल रोशन, वरिष्ठ नेता सुयश मणि त्रिपाठी, राघवेन्द्र सिंह राकेश, मुकुन्द भाष्कर, चंद्रिका निषाद, विजय प्रताप सिंह, अरविन्द कुमार सिंह, राहुल सिंह, अशोक दूबे आदि मौजूद रहे।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result 2026 Live, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।