धर्मातरण के धंधेबाज छांगुर बाबा के गैंग पर ऐक्शन तेज, बलरामपुर में गिराया गया भतीजे सबरोज का घर
प्रशासन के अनुसार जांच में यह निर्माण अवैध पाया गया था। प्रशासन ने सबरोज के मकान के अवैध हिस्सों को हटाने के लिए नोटिस जारी किए थे। लेकिन मकान मालिक की ओर से इस बारे में कुछ नहीं किया गया। अंतत: पुलिस बल के साथ पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने मकान ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कराई।

यूपी पुलिस और प्रशासन ने धर्मांतरण के धंधेबाज छांगुर बाबा उर्फ जलालुद्दीन के गैंग पर ऐक्शन तेज कर दिया है। इस बीच शनिवार की सुबह बलरामपुर में छांगुर बाबा के भतीजे सबरोज का मकान गिराया गया। आरोप है कि यह मकान ग्राम समाज की जमीन पर अतिक्रमण करके बनाया गया था। छांगुर बाबा, उसकी करीबी नीतू उर्फ नसरीन और गैंग के कुछ अन्य सदस्यों के पकड़े जाने और इस पूरे मामले का खुलासा होने के बाद सबरोज को भी पिछले दिनों यूपी एटीएस ने गिरफ्तार किया था। सभी आरोपी जेल में है। प्रशासन का कहना है कि कई बार नोटिस दिए जाने के बाद भी अवैध ढंग से बनाए गए मकान को लेकर न तो कोई जवाब दिया गया न ही मकान खाली किया गया। इसके बाद प्रशासन ने मकान ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया को पूरा किया। दो बुलडोजरों से सबरोज का यह अवैध मकान 15 से 20 मिनट में गिराकर मलबे में तब्दील कर दिया गया। बता दें कि इसके पहले छांगुर बाबा के आलीशान घर पर भी बुलडोजर चला था।
बलरामपुर के गैंडासबुजुर्ग थाा क्षेत्र के रेहरामाफी गांव में यह कार्रवाई हुई। प्रशासनिक टीम पुलिस बल के साथ मकान गिराने पहुंची थी। आरोप है यह मकान ग्राम समाज की जमीन पर अवैध ढंग से कब्जा करके बनाया गया था। बुलडोजर ऐक्शन के बारे में जानकारी देते हुए एक अधिकारी ने एक निजी चैनल से बातचीत में कहा कि जांच में यह निर्माण अवैध पाया गया था। प्रशासन ने मकान के अवैध हिस्सों को हटाने के लिए नोटिस जारी किए थे। लेकिन मकान मालिक ने कोई कार्रवाई नहीं की। अंतत:शनिवार को मकान ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
नेपाल सीमा से सटे जिलों में खुफिया एजेंसियों ने जाल बिछाया
अवैध धर्मान्तरण के आरोपी छांगुर को लेकर भारत नेपाल सीमावर्ती जिलों में पड़ताल तेज हो गई है। बलरामपुर, बहराइच, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, महराजगंज, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी व गोरखपुर में खुफिया एजेंसियों ने छांगुर कनेक्शन को तलाशने में अपना जाल बिछा दिया है। नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र के जिलों में एक के बाद एक धर्मान्तरण के नए खुलासे हो रहे हैं। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही बड़ा खुलासा होगा।
अवैध धर्मान्तरण के मामले की जांच अब सिर्फ एटीएस या ईडी तक सीमित नहीं है बल्कि कई अन्य एजेंसियां भी उसका भंडाफोड़ करने के लिए सक्रिय हो गई हैं। भारत-नेपाल सीमावर्ती जिलों के साथ आजमगढ़, बनारस, गाजियाबाद, बस्ती, सिद्धार्थनगर में भी खुफिया एजेंसियां छांगुर के कनेक्शन को तलाश रही हैं। औरैया में भी छांगुर के कनेक्शन मिलने की बात कही जा रही है। धीरे-धीरे जांच का दायरा बढ़ता जा रहा है। सूत्र बताते हैं कि तीन हजार से अधिक लोग छांगुर गैंग में शामिल होकर स्लीपर सेल के रूप में काम कर रहे थे। ये लोग भी धर्मांतरण में उसका साथ दे रहे थे।
दूसरी जांच एजेंसियां भी सक्रिय
ईडी ने अभी कुछ दिन पूर्व उतरौला स्थित उसके ठिकानों पर छापेमारी की थी।ईडी को कई अहम दस्तावेज मिले थे। ईडी के तैयार सीजर मेमो में कई खुलासे गए हैं। इसमें यह कहा गया है कि बलरामपुर के उतरौला में छांगुर के ताजुद्दीन बुटीक पर सुबह पांच बजे ईडी की टीम ने पहुंचकर कार्रवाई की थी। इस तीन मंजिला शोरूम को छांगुर का बेटा महबूब चला रहा था। दुकान का ताला तोड़कर पड़ताल की गई, जिसमें कई अहम सबूत ईडी के हाथ लगे थे। छांगुर और नसीर वाडीलाल के बीच 2017 का एक एमओयू भी ईडी के हाथ लगा था। साथ ही नीतू और नवीन के धर्मान्तरण से सम्बन्धित दस्तावेज मिले थे। रिपब्लिक ऑफ पनामा में रजिस्टर्ड मेसर्स लोगोज मरीन नाम की कम्पनी से छांगुर के करीबी नवीन रोहरा उर्फ जमालुद्दीन के बीच करार के दस्तावेज भी ईडी के हाथ लगे हैं।




साइन इन