लखनऊ में आतंकी मॉड्यूल पर बड़ी कार्रवाई, महिला डॉक्टर गिरफ्तार, कार से मिली AK-47
लखनऊ में सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने लालबाग इलाके से एक महिला डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। उसके पास पास से AK-47 राइफल और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आतंकवाद के खिलाफ चलाए जा रहे एक बड़े अभियान के तहत सोमवार को लखनऊ से एक महिला डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई महिला की पहचान डॉ. शाहीन शाहिद के रूप में हुई है, जो लखनऊ के लालबाग इलाके की रहने वाली बताई जा रही हैं। पुलिस ने उनकी कार से एके-47 राइफल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर पुलिस, उत्तर प्रदेश पुलिस, हरियाणा पुलिस और केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के संयुक्त ऑपरेशन में की गई। जांच में सामने आया है कि डॉ. शाहीन शाहिद आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गज़वत-उल-हिंद से जुड़े एक सक्रिय आतंकी मॉड्यूल का हिस्सा थीं। इस नेटवर्क के तार कई राज्यों में फैले हुए हैं और इसका संचालन विदेशों से बैठे हैंडलर कर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, इस मॉड्यूल का मकसद देश में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के साथ-साथ शिक्षित वर्ग के जरिए व्हाइट कॉलर टेरर इकोसिस्टम तैयार करना था। इसमें पेशेवर डॉक्टरों, विश्वविद्यालयों के छात्रों और कुछ शिक्षकों तक की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि हरियाणा के फरीदाबाद में गिरफ्तार अल फलाह यूनिवर्सिटी के डॉक्टर मुजम्मिल इसी मॉड्यूल से जुड़ा हुआ था। वही डॉ. शाहीन शाहिद की कार का इस्तेमाल करता था, जिसमें से एके-47 राइफल बरामद हुई।
फरीदाबाद में हाल ही में चलाए गए ऑपरेशन में पुलिस ने करीब 2900 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री जब्त की थी, जिसमें अमोनियम नाइट्रेट, पोटैशियम नाइट्रेट और सल्फर शामिल थे। इसके अलावा रिमोट कंट्रोल, टाइमर, हथियार और विस्फोटक बनाने के उपकरण भी बरामद किए गए थे। अधिकारियों के अनुसार, इस आतंकी नेटवर्क की फंडिंग और ट्रेनिंग दोनों विदेश से की जा रही थी। एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि देश के किन-किन हिस्सों में इनके संपर्क सक्रिय थे और क्या किसी अन्य बड़े आतंकी हमले की साजिश रची जा रही थी।
फिलहाल, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने डॉ. शाहीन शाहिद को हिरासत में लेकर श्रीनगर स्थानांतरित कर दिया है, जहां उनसे पूछताछ जारी है। लखनऊ में उनकी गिरफ्तारी के बाद खुफिया एजेंसियों और स्थानीय पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है।




साइन इन