बगावत के बाद ऐक्शन, अपना दल ने ब्रजेन्द्र को निकाला; पत्नी को हटाने के लिए योगी को लिखी चिट्ठी
अपना मोर्चा बनाने का ऐलान करने वाले चौधरी ब्रजेन्द्र प्रताप सिंह पर अब अपना दल (एस) ऐक्शन मोड में आ गया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आर.पी.गौतम ने ब्रजेंद्र और अरविंद बौद्ध को पार्टी से निकालने की बात कही है। इसके साथ ही उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ को चिट्ठी लिखी है। आज सोनेलाल पटेल की जयंती भी है।

केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल और उनके पति प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल पर कार्यकर्ताओं के अपमान का आरोप लगाते हुए मंगलवार को अपना मोर्चा बनाने का ऐलान करने वाले चौधरी ब्रजेन्द्र प्रताप सिंह पर अब अपना दल (एस) ऐक्शन मोड में आ गया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आर.पी.गौतम ने ब्रजेंद्र और अरविंद बौद्ध को पार्टी से निकाले जाने की बात कही है। इसके साथ ही सीएम योगी आदित्यनाथ को चिट्ठी लिख उन्होंने ब्रजेंद्र की पत्नी मोनिका आर्या को अपर शासकीय अधिवक्ता (राज्य सरकार) और अरविंद बौद्ध को पूर्वांचल विकास बोर्ड के सदस्य पद से हटाने की मांग की है।
बता दें कि मंगलवार को ही दोनों ने अपना मोर्चा नामक नई पार्टी का गठन किया था। उन्होंने कहा था कि अपना दल अब अपने सिद्धांतों से भटक गई है। उन्होंने कहा कि दोनों पति-पत्नी कुर्मी बिरादरी का नहीं बल्कि अपना हित साधने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि बीते 10 वर्षों में जो कार्यकर्ता नाराज होकर अपना दल (एस) से बाहर हुए हैं उन्होंने अब एकजुट होकर अपना मोर्चा बनाया है। उन्होंने यह दावा किया था कि उनके साथ पार्टी के नौ विधायक हैं। इस बगावत के एक दिन बाद ही अपना दल (एस) के प्रदेश अध्यक्ष आर.पी.गौतम ने दोनों को पार्टी से निकालने का ऐलान किया।
सीएम योगी को लिखी चिट्ठी में उन्होंने कहा कि पूर्व में अपना दल (एस) के कोर्ट से ब्रजेंद्र प्रताप सिंह की पत्नी मोनिका आर्या को अपर शासकीय अधिवक्ता (राज्य सरकार) और अरविंद बौद्ध को पूर्वांचल विकास बोर्ड को सदस्य मनोनीत किया गया था। लेकिन दोनों पदाधिकारियों की गतिविधियां और आचरण संगठन के मूल सिद्धांतों, नीति, अनुशासन और गठबंधन धर्म अनुरूप नहीं रहे हैं।
इन्होंने पार्टी की छवि को छति पहुंचाने वाले बयानों और कार्यशैली को अपनाया, जिससे संगठन की प्रतिष्ठा और विश्वसनीयता प्रभावित होने के कारण तीन साल पहले ही इनको पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। लेकिन इसके बाद भी अपना दल (एस) को विश्वास में लिए बिना ही मोनिका आर्या और अरविंद बौद्ध को नए कार्यकाल के लिए नामित कर दिया गया है। इसके साथ ही प्रदेश अध्यक्ष आर.पी.गौतम ने दोनों को तत्काल प्रभाव से हटाने की मांग की। कहा कि इससे गठबंधन धर्म की गरिमा बनी रहेगी और अपना दल (एस) के कार्यकर्ताओं में एनडीए गठबंधन के प्रति विश्वास और पारदर्शिता की भावना मजबूत होगी।




साइन इन