एएसपी पर साजिश के तहत हत्या का आरोप, साले ने थाने में दी तहरीर; बोला-प्रेमिका के चक्कर में थे जीजा
सीबीसीआईडी के एएसपी मुकेश इटावा भीमनगर अजीतनगर के निवासी हैं। उनके साले ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद मुकेश का एक सरकारी विभाग में तैनात महिला से प्रेम प्रसंग हो गया। प्रेम-प्रसंग भरे मैसेज बहन ने मुकेश के व्हाट्सएप पर देख लिए थे। बहन के विरोध पर वह आए दिन उसके साथ मारपीट कर उसे प्रताड़ित करते थे।

सीबीसीआईडी के एएसपी मुकेश प्रताप सिंह के खिलाफ शनिवार रात उनके साले प्रमोद ने महानगर थाने में तहरीर दी है। प्रमोद ने आरोप लगाया है कि प्रेमिका के चक्कर में एएसपी ने उनकी बहन नितेश की साजिश के तहत हत्या की है। प्रमोद ने तहरीर में लिखा कि जब बुधवार दोपहर 12:30 बजे उनकी नितेश से बात हुई सब कुछ ठीक था, तो वह सवा तीन घंटे बाद आत्महत्या कैसे कर सकती है?
इंस्पेक्टर महानगर अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रमोद ने शनिवार रात तहरीर दी है। इसके बारे में उच्चाधिकारियों को जानकारी दे दी गई है। सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रमोद ने बताया कि वह मूल रूप से फिरोजाबाद नगला करन के रहने वाले हैं। 30 नवंबर 2012 को उन्होंने बहन का विवाह मुकेश प्रताप सिंह के साथ किया था। मुकेश इटावा भीमनगर अजीतनगर के निवासी हैं। शादी के बाद मुकेश के एक सरकारी विभाग में तैनात महिला से प्रेम प्रसंग हो गया। प्रेम-प्रसंग भरे मैसेज बहन ने मुकेश के व्हाट्सएप पर देख लिए थे।
बहन के विरोध पर वह आए दिन उसके साथ मारपीट कर उसे प्रताड़ित करते थे। 30 जुलाई को दोपहर करीब 12:30 बजे बहन से बात हुई थी। सब कुछ ठीक था। बहन ने बताया था कि भाई मम्मी को लेकर आ जाओ। मुकेश तीन दिन की ड्यूटी पर वाराणसी जा रहे हैं। मम्मी से मिलने का बहुत मन है। दोपहर सवा तीन बजे भांजी का फोन आया और उसने बताया कि आंटी को लेकर मम्मी का पापा से बहुत झगड़ा हुआ है। मारपीट भी हुई है। मम्मी पंखे से लटकी हुई हैं। प्रमोद ने बताया कि इसके बाद वह वहां से देर शाम लखनऊ पुलिस लाइन पहुंचे। वहां घर पर फर्श पर बहन का शव पड़ा था। काफी संख्या में लोग इकट्ठा थे।
ससुराल वाले बना रहे थे तलाक देने का दबाव
प्रमोद ने बताया कि मुकेश के प्रेम प्रसंग और बहन को प्रताड़ित करने की जानकारी जब उनके घरवालों को दी तो उन्होंने कोई सुनवाई नहीं की। मुकेश को समझाने के बजाए उल्टा बहन पर तलाक का दबाव बनाते थे। सबकी प्रताड़ना से परेशान बहन टूट चुकी थी।
प्रमोद ने बताया कि भांजी अनन्या ने उसने फोन पर बताया था कि झगड़े के बाद पापा ने मां को धमकी दी थी। उनसे कहा था कि कहीं जाकर घर से निकल कर मर जा। मुझसे तेरा कोई वास्ता नहीं है। प्रमोद के मुताबिक मुकेश की प्रताड़ना से बहन त्रस्त हो गई थी।




साइन इन