aa bail mujhe mar salon purani kahavat ka pahali baar live video aya samane aap bhi dekhiye आ बैल मुझे मार, सालों पुरानी कहावत का पहली बार लाइव वीडियो आया सामने, आप भी देखिए, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

आ बैल मुझे मार, सालों पुरानी कहावत का पहली बार लाइव वीडियो आया सामने, आप भी देखिए

आ बैल मुझे मार की कहावत तो आपने जरूर सुनी होगी। आज आप इसी कहावत का लाइव वीडियो यहां देख सकते हैं। यह वीडियो यूपी के बुलंदशहर में लगे सीसीटीवी में रिकार्ड हो गया है। अब यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Thu, 18 Dec 2025 02:27 PMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान, बुलंदशहर
share
आ बैल मुझे मार, सालों पुरानी कहावत का पहली बार लाइव वीडियो आया सामने, आप भी देखिए

हिंदी की सालों पुरानी और मशहूर कहावत 'आ बैल मुझे मार' का अर्थ हम सभी ने किताबों में पढ़ा है। इसका मतलब होता है, स्वयं ही मुसीबत को दावत देना। अब उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में इस कहावत का एक ऐसा खौफनाक और साक्षात उदाहरण सामने आया है, जिसे देखकर हर कोई दंग है। सोशल मीडिया पर इसका लाइव सीसीटीवी (CCTV) फुटेज वायरल हो रहा है। इसमें एक बुजुर्ग अकारण ही शांति से अपने रास्ते पर जा रहे सांड को छेड़ देते हैं और अपनी जान जोखिम में डालते नजर आ रहे हैं।

यह सनसनीखेज घटना बुलंदशहर के नगर कोतवाली क्षेत्र की दुर्गापुरम कॉलोनी की है। वीडियो में दिख रहा है कि कॉलोनी की एक संकरी गली से एक सांड बड़े ही शांत स्वभाव से गुजर रहा था। वह न तो किसी को परेशान कर रहा था और न ही किसी के रास्ते में रुकावट डाल रहा था। तभी एक घर से निकले बुजुर्ग मेघराज सिंह ने आराम से जा रहे सांड को भगाने की कोशिश की। बुजुर्ग ने पास पड़ा एक पत्थर उठाया और सांड को पीछे से दे मारा। अब तक शांत दिख रहा सांड पत्थर लगते हैं भड़क उठा।

भड़के सांड ने बुजुर्ग को उठाकर पटका

बुजुर्ग ने शायद सोचा भी नहीं होगा कि उनकी यह छोटी-सी हरकत उन पर इतनी भारी पड़ जाएगी। पत्थर लगते ही सांड ने बिजली की फुर्ती से पीछे मुड़कर देखा और सीधे बुजुर्ग पर हमला बोल दिया। सांड से बचने के लिए बुजुर्ग ने पहले वहां खड़ी एक बाइक के पीछे छिपने की कोशिश की। इसके बाद भी लगा कि वहां नहीं बच पाएंगे तो दूसरी गली की तरफ भागे। सांड ने भी सबक सिखाने की जैस कसम खा ली थी। सांड बुजुर्ग के पीछे ही पड़ गया। सांड ने अपने सींगों से बुजुर्ग को हवा में उछाल दिया और फिर बेरहमी से जमीन पर पटक दिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गजब संयोग! लखनऊ के इकाना में दक्षिण अफ्रीका के क्रिकेट मैच पर ही आते हैं संकट

इस बीच शोरगुल, सुनकर कई लोग बाहर आए और बुजुर्ग को बचाने की कोशिश की लेकिन क्रोधित सांड उन्हें बार-बार टक्कर मारता रहा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग लाठी-डंडे लेकर बाहर दौड़े। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद सांड को वहां से भगाया और बुजुर्ग की जान बचाई।

गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

सांड के इस भयानक हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इस वीडियो को देखकर 'आ बैल मुझे मार' की कहावत को याद कर रहे हैं। यह घटना उन लोगों के लिए एक बड़ी सीख है जो अक्सर बेजुबान और शांत जानवरों को बेवजह परेशान करते हैं। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि वे सड़कों या गलियों में आवारा पशुओं से दूरी बनाए रखें और उन्हें बिल्कुल न उकसाएं।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।