मारपीट की उलाहना देने गए युवक को पेड़ से बांधकर पीटा, रुपये और सोने की चेन लूटने का भी आरोप
बस्ती जिले में कुछ मनबढ़ों ने एक व्यक्ति को पेड़ से बांधकर पीट दिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस मामले में पुलिस ने दो नामजाद समेत अन्य के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यूपी के बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र के भगतपुर गांव में मनबढ़ों ने एक व्यक्ति को पेड़ से बांधकर पीट दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। कलवारी पुलिस ने दो नामजाद समेत अन्य के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
बताया जा रहा है कि कलवारी थानाक्षेत्र के भगतपुर निवासी सीमा ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि 20 अक्टूबर को उनके भाई श्रीचंद, अमरजीत और उन्हें विपक्षियों ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। उनके गाड़ी में रखा 42000 नकद और सोने की चेन ले ली। इसके बाद गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की उलाहना देने गए उनके भाई अमरजीत को आरोपियों ने पेड़ में बांधकर मारा-पीटा। इस घटना का वीडियो किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस संबंध में सीओ कलवारी प्रदीप कुमार ने बताया कि वीडियो को संज्ञान लेकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
फिरोजाबाद में दो पक्षों के विवाद में घायल महिला की मौत
उधर, फिरोजाबाद जिले के टूंडला क्षेत्र के गांव नगला महादेव में सोमवार शाम को दो पक्षों के बीच हुए आपसी विवाद के बाद एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई जिसकी उपचार के दौरान मंगलवार को सुबह मौत हो जाने से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर जाम लगाया।कई थानों की पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
टूंडला क्षेत्र के गांव नगला महादेव में सोमवार की शाम को दो पक्ष शिशुपाल और प्रवीण कुमार के बीच आपसी रंजिश को लेकर विवाद हो गया जिसमें मारपीट के दौरान शीशुपाल की माता लता (42) गंभीर रूप से घायल हो गई जिन्हें पहले एफ एच मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया बाद में आगरा रेफर कर दिया गया जहां मंगलवार सुबह उनकी मौत हो गई।




साइन इन