A huge tree fell due to continuous rain in Lucknow, two died, Deputy CM also reached लखनऊ में लगातार बारिश से भारी भरकम पेड़ गिरा, एक की मौत, कई दबे, डिप्टी सीएम पहुंचे, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

लखनऊ में लगातार बारिश से भारी भरकम पेड़ गिरा, एक की मौत, कई दबे, डिप्टी सीएम पहुंचे

लखनऊ में लगातार हुई बारिश के बाद कैसरबाग में एक भारी भरकम पीपल पेड़ कई मकानों पर गिर गया। इससे दस से ज्यादा लोग दब गए। सूचना पर नगर निगम, प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। जब तक सभी को अस्पताल पहुंचाया जाता एक व्यक्ति की मौत हो गई। ब्रजेश पाठक भी मौके पर पहुंचे हैं।

Tue, 16 Sep 2025 05:46 PMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share
लखनऊ में लगातार बारिश से भारी भरकम पेड़ गिरा, एक की मौत, कई दबे, डिप्टी सीएम पहुंचे

लखनऊ में सोमवार की रात से मंगलवार की सुबह तक हुई बारिश के बाद बड़ा हादसा हुआ है। कैसरबाग में एक भारी भरकम पीपल पेड़ का पेड़ गिर गया। पेड़ मछली मंडी के साथ ही आसपास के कई मकानों पर गिरा है। इससे दस से ज्यादा लोग दब गए। सूचना पर नगर निगम, प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी मौके पर पहुंचे। बड़ी संख्या में पुलिस बल और फायर ब्रिगेड के जवान राहत में लगे हैं। जहां पेड़ गिरा है, वहां मछली मंडी लगती थी। घायलों को पेड़ की डालें काट-काटकर निकालने की कोशिश हो रही है। आला अधिकारी भी खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं। कमिश्नर रौशन जैकब भी मौके पर हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया है कि पेड़ करीब 150 साल पुराना था। सोमवार की पूरी रात बारिश होने के बाद यह घटना हुई है। पेड़ की टहनियों ने आसपास के घरों को भी क्षतिग्रस्त किया है। पेड़ के नीचे कई गुमटियां भी दबी हुई हैं। दबे लोगों को निकाल-निकाल कर अस्पताल भेजा जा रहा है। ब्रजेश पाठक ने कहा कि सभी का बेहतर इलाज कराया जाएगा। अधिकारियों को इस बारे में निर्देश भी दे दिया गया है।

पेड़ इतना विशाल था कि उसके गिरते ही टीन शेड की मंडी का बड़ा हिस्सा उसकी चपेट में आ गया। इससे अफरातफरी मच गई। मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में मछली बेचने वाले रामू दादा की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक गैस सिलेंडर सप्लाई करने वाला युवक भी शामिल है। दोनों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:वोटिंग लिस्ट से नाम हटाएं तो…, पंचायत चुनाव तैयारियों के बीच अफसरों की ट्रेनिंग

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि एक व्यक्ति की मौत की सूचना है। अन्य सभी घायलों को बलरामपुर अस्पताल और सिविल अस्पताल भेजा गया है। वहां सभी का इलाज चल रहा है। केजीएमयू को डॉक्टरों को भी अलर्ट कर दिया गया है। अगर जरूरत पड़ेगी तो वहां भी भेजकर तत्काल इलाज कराया जाएगा।

मौके पर अफरा-तफरी, खुद बचाव में जुट लोग

पेड़ गिरने की आवाज सुनते ही मंडी में मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। कुछ लोगों ने समय रहते भागकर अपनी जान बचा ली, लेकिन जो लोग पेड़ के पास शेड में मछली बेच रहे थे, वे दब गए। देखते ही देखते पूरा इलाका डर से भर गया। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस और नगर निगम को सूचना दी।

राहत और बचाव अभियान

खबर मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंचीं। पेड़ इतना विशाल था कि उसे हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। काटने की मशीनों की मदद से शाखाओं को हटाया गया। राहत कार्य की निगरानी खुद पुलिस अधिकारियों ने की। कमिश्नर डॉ रोशन जैकब और नगर आयुक्त गौरव कुमार भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत अभियान का जायजा लिया।

स्थानीय लोगों ने हादसे की वजह पेड़ की जड़ों को कटना बताया

स्थानीय लोगों ने हादसे की वजह जड़ों के कटने को बताया। दरअसल, पास में एक जर्जर मकान और दुकान थी, जिसके मालिक शेखू और दिनेश सोनकर हाल ही में मरम्मत का काम करा रहे थे। मकान की नींव और पिलर डालने के दौरान पीपल के पेड़ की कई जड़ें कट गई थीं। इसी वजह से पेड़ कमजोर हो गया और मंगलवार को अचानक धराशायी हो गया।

मंडी में काम करने वाले लोग बने शिकार

पेड़ मकान की बजाय दूसरी तरफ, यानी सब्जी मंडी की ओर गिरा। उस समय मंडी में सामान्य दिनों के मुकाबले भीड़ काफी कम थी, क्योंकि मंगलवार को मंडी लगभग बंद रहती है। इसी वजह से बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि यह पेड़ किसी और दिन गिरता तो दर्जनों लोग इसकी चपेट में आ सकते थे।

चश्मदीदों का बयान

स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि हादसा अचानक हुआ। हम लोगों ने जोर की आवाज सुनी और तुरंत भागकर बाहर आ गए। लेकिन कुछ लोग नहीं निकल पाए। अगर मंगलवार को मंडी बंद न होती तो नुकसान बहुत बड़ा हो सकता था।

आगे की कार्रवाई

पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। नगर निगम और प्रशासन ने मंडी में लगे अन्य पेड़ों और आसपास की जर्जर इमारतों की भी जांच कराने का आदेश दिया है। पास ही एक और भारी-भरकम पेड़ खड़ा है, जिसे लेकर स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है।

बड़ा हादसा टला

मंडी में मौजूद लोगों का कहना है कि मंगलवार की छुट्टी होने की वजह से वहां ग्राहकों की भीड़ नहीं थी। इसी कारण हादसा सीमित रहा। अगर किसी और दिन यह पेड़ गिरता तो नुकसान कई गुना ज्यादा हो सकता था।पेड़ इतना विशाल था कि उसके गिरते ही टीन शेड की मंडी का बड़ा हिस्सा उसकी चपेट में आ गया। इससे अफरातफरी मच गई। मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में मछली बेचने वाले रामू दादा की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक गैस सिलेंडर सप्लाई करने वाला युवक भी शामिल है। दोनों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।