नेपाल सीमा पर नशीले इंजेक्शन की खेप पकड़ाई, यूपी पुलिस और SSB की बड़ी कार्रवाई; दो गिरफ्तार
जब एक बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे, तो पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। पुलिस को देख युवक बाइक घुमाकर भागने लगे। इस दौरान जवानों ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया। उनके पास से 50 शीशी डायजापाम, 50 शीशी बुप्रेनोर्फिन और 50 शीशी फेनिरामाइन नशीले इंजेक्शन बरामद हुए।

इंडो-नेपाल सीमा पर एसपी सोमेंद्र मीना के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बरगदवा पुलिस व एसएसबी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। सीमा स्तंभ के पास घेराबंदी कर दो शातिर तस्करों को टीम ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से 150 शीशी प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन, दो मोबाइल, एक बाइक व नगदी बरामद हुई है। पकड़े गए दोनों आरोपित ठूठीबारी क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार बरगदवा पुलिस व एसएसबी की टीम ग्राम चकरार स्थित बैरियर चेकपोस्ट पर तैनात थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध युवक बाइक से नशीली दवाओं की बड़ी खेप लेकर सीमा पार करने की फिराक में हैं। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी तेज कर दी।
घेराबंदी देख भागने की कोशिश, पुलिस ने दौड़ाकर दबोचा
जब एक बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे, तो पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। पुलिस को देख युवक बाइक घुमाकर भागने लगे, लेकिन जवानों ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 50 शीशी डायजापाम, 50 शीशी बुप्रेनोर्फिन और 50 शीशी फेनिरामाइन नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इसे ऊंचे दामों पर बेचने की योजना बना रहे थे। आरोपितों के पास से दो रियलमी मोबाइल फोन व 2022 रुपये नगद बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान 19 वर्षीय रौशन गुप्ता निवासी गड़ौरा व 18 वर्षीय खालिद निवासी लोहेहली के रूप में हुई है। दोनों थाना ठूठीबारी क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस अब इनके नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।
एसएसबी और पुलिस की इस टीम ने की कार्रवाई
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए गए इस अभियान व कार्रवाई में बरगदवा थाने के एसआई स्वेन्द्र नारायण मिश्र, शिवम राय, मुख्य आरक्षी अतीक अहमद व पवन कुमार शामिल रहे। एसएसबी की ओर से एसआई युवराज सिंह, एएसआई कुशललाल व आरक्षी मनोज, विष्णु व रोहित राणा शामिल रहे।
क्या बोली पुलिस
एसपी सोमेन्द्र मीना ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। पकड़े गए आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर जेल भेजा जा रहा है।




साइन इन