एटा में दारोगा समेत तीन पुलिसकर्मियों पर डकैती का मुकदमा दर्ज, वकील के घर में घुसकर की थी लूटपाट
एटा में दारोगा सहित तीन पुलिसकर्मी और दो अन्य आरोपियों पर अधिवक्ता के घर में घुसकर डकैती का मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोप है कि अधिवक्ता की गैरमौजूदगी में घर में घुसकर पुलिसकर्मी और साथ आए लोग हजारों की नकदी, जेवर, सामान लूटकर ले गए।

यूपी के एटा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां दारोगा सहित तीन पुलिसकर्मी और दो अन्य आरोपियों पर अधिवक्ता के घर में घुसकर डकैती का आरोप लगा है। आरोप है कि अधिवक्ता की गैरमौजूदगी में घर में घुसकर पुलिसकर्मी और साथ आए लोग हजारों की नकदी, जेवर, सामान लूटकर ले गए। शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने पर अधिवक्ता ने कोर्ट के आदेश पर कोतवाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अरुणानगर के रहने वाले अधिवक्ता अमित पचौरी के दर्ज मुकदमे के अनुसार, वह तीन सितंबर को जिला अलीगढ़ न्यायालय में निजी कार्य से गए थे। आरोप है कि दोपहर करीब तीन बजे थाना-लोधा जिला अलीगढ़ के खेरेश्वर चौकी प्रभारी मनेन्द्र सिंह, सिपाही आकाश बाल्यान, सिपाही अनुज गिरी, इनके साथ कृष्ण कुमार तिवारी उर्फ बंटी तिवारी, सचिन शर्मा असलहों के साथ पीड़ित की गैरहाजिरी में जबरन घर में घुस आए। कहा कि एक मामले में आरोपी की लोकेशन उनके घर की आ रही है। परिजनों के विरोध पर अभद्रता की। घर में घुसकर अलमारी से 57 हजार 523 रुपये और सोने के जेवर ले गए। घर की कीमती सामान में भी तोड़फोड़ की। तीनों पुलिसकर्मी सीसीटीवी में कैद हुए हैं।
बाकी के दो अज्ञात आरोपी, कृष्ण कुमार तिवारी, सचिन शर्मा घर में पीछे के दरवाजे से दाखिल हुए थे। आरोप है कि पुलिसकर्मियों व अन्य आरोपियों ने घर में घुसकर लूटपाट की। इस संबंध में पीड़ित अधिवक्ता ने कोतवाली नगर और एसएसपी से शिकायत की। लेकिन मामले में कोई भी कार्रवाई नहीं होने पर कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली नगर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सर्राफ संग लूटपाट की घटना में थाना प्रभारी, चौकी इंचार्ज संग तीन निलंबित
उधर, बदायूं जिले के उघैती थाना क्षेत्र के खितौरा में सर्राफा व्यापारी के यहां फिल्मी अंदाज में लूट की वारदात के बाद तमंचे लहराने और भीड़ द्वारा तीन बदमाशों को पकड़कर पीटने के मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आई है। एसएसपी ने प्रभारी निरीक्षक, चौकी इंचार्ज और हेड कांस्टेबल को लारवाही के चलते निलंबित कर दिया है। वहीं पांच लाख रुपये की नगदी लेकर फरार हुए चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं।




साइन इन