व्यापारी की पत्नी की गला रेतकर हत्या, कान फाड़कर ले गए कुंडल, यूपी में दिलदहला देने वाला मर्डर
यूपी के सहारनपुर में दिलदहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। बदमाशों ने घर में घुसकर लूटपाट के दौरान व्यापारी की पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी।

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में दिलदहला देने वाला मर्डर सामने आया है। कोतवाली नकुड़ क्षेत्र के कस्बा अंबेहटा में सोमवार को वारदात ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। बदमाशों ने घर में घुसकर लूटपाट के दौरान व्यापारी की पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। बदमाश घर में रखे नगदी, जेवरात और मृतका के कानों से कुंडल और अंगूठी भी ले गए। कुंडल खींचने के दौरान बदमाशों ने महिला के दोनों कान फाड़ दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की।
पुलिस के अनुसार कस्बा अंबेहटा के मोहल्ला झावरी निवासी संजय मित्तल मुख्य बाजार में कॉस्मेटिक का कारोबार करते हैं। सोमवार को वह दुकान पर गए हुए थे। घर पर उनकी पत्नी 58 वर्षीय पूनम मित्तल अकेली थीं। दोपहर करीब सवा दो बजे व्यापारी ने अपने नौकर को घर खाना लेने भेजा। उस समय तक सब कुछ सामान्य था। करीब सवा तीन बजे पूनम मित्तल ने अपनी भाभी कौशल निवासी शामली से फोन पर बातचीत की थी। इसके कुछ देर बाद बदमाश घर में घुस आए। आशंका है कि बदमाशों ने पहले घर में रखी अलमारियों, संदूक और लॉकर को खंगाला। इसी दौरान पूनम मित्तल ने विरोध किया तो आरोपियों ने धारदार हथियार से उनकी गला रेतकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद बदमाशों ने घर में जमकर लूटपाट की। अलमारियों में रखी नगदी और जेवरात समेटने के साथ मृतका के कुंडल और हाथ की अंगूठी भी उतार ली। बदमाशों ने महिला के कुंडल खींचे तो उनके दोनों कान फट गए। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए। सूचना मिलते ही कोतवाली नकुड़ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों की तलाश में जुटी
दिनदहाड़े हुई वारदात के विरोध में व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिया। पुलिस-प्रशासन से जल्द से जल्द हत्यारोपियों की गिरफ्तारी तथा घटना के खुलासे की मांग की। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों की तलाश में जुटी है।
नहीं उठाया फोन तो हुई अनहोनी की आशंका
शाम करीब चार बजे संजय मित्तल ने पत्नी को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इससे उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। वह तत्काल दुकान से घर पहुंचे। घर के अंदर का दृश्य देख उनके होश उड़ गए। बेड पर पत्नी का शव पड़ा था और गर्दन पर धारदार हथियार के गहरे निशान थे। यह दृश्य देखकर संजय मित्तल बेहोश हो गए। इस बीच आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।




साइन इन