देर रात चाय की फरमाइश पूरी न होने पर 65 साल के पति को आया गुस्सा, पत्नी की कर दी हत्या
रविवार रात इस शख्स ने अपनी पत्नी से चाय बनाने को कहा था। पत्नी ने रात होने की बात कहकर मना कर दिया। इस पर दोनों में कहासुनी भी हुई। पत्नी के चाय न बनाने पर वह गुस्से की आग में जल रहा था। सुबह जब बेटा काम पर चला गया तो पत्नी खाना लेकर आई।

65 साल की उम्र में भी ऐसा गुस्सा कि देर रात चाय की फरमाइश पूरी न होने पर कर्रही निवासी केस्को से रिटायर कर्मचारी ने साबड़ से हमला कर पत्नी की नृशंस हत्या कर दी। इसके बाद बाहर आकर चबूतरे पर बैठ गया और बड़ी बेबाकी से पड़ोसियों को हत्या की जानकारी दी। उनकी सूचना पर बेटा और पड़ोस में रहने वाले चाचा पहुंचे तो महिला का रक्तरंजित शव गैलरी में पड़ा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बर्रा, कर्रही पुरानी बस्ती निवासी रामप्रकाश राजपूत उर्फ साहेब लाल केस्को से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पद से वर्ष 2018 में रिटायर हुआ है। परिवार में 60 वर्षीय पत्नी ललिता, दो बेटे महेंद्र, सुरेंद्र व चार शादीशुदा बेटियां आशा, ज्योति, सोनी व मोनी हैं। बड़ा बेटा महेंद्र अपने परिवार के साथ कुछ दूरी पर दूसरे घर में रहता है। अविवाहित छोटा बेटा सुरेंद्र उसके साथ रहता है। सुरेंद्र के मुताबिक रविवार रात पिता ने मां से चाय बनाने को कहा था। मां ने रात होने की बात कहकर मना कर दिया था। इस पर दोनों में कहासुनी भी हुई। सोमवर सुबह वह खाना बनाकर रखने के बाद काम पर चला गया। रामप्रकाश ने बताया कि पत्नी के चाय न बनाने पर वह गुस्से की आग में जल रहा था। सुबह जब बेटा काम पर चला गया तो पत्नी ललिता खाना लेकर आई। खाना खाने से इनकार करने पर पत्नी विवाद करने लगी।
इसी आवेश में आकर उसके सिर पर पास में रखी लोहे के साबड़ से वार कर दिया। बेसुध होकर वह जमीन पर गिरी तो फिर कई वार किए। जब उसकी सांसें बंद हो गईं तो बाहर आकर पड़ोसियों को जानकारी दी। पड़ोसी ने फोन पर बड़े बेटे महेंद्र को सूचना दी तो उसने घर के पास में रहने वाले चाचा महेश को घर पहुंचने को कहा। वहां गैलरी में ललिता का शव पड़ा मिला। मौके पर पहुंचे डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि पति-पत्नी के बीच मामूली विवाद में घटना हुई है। आरोपी ने हत्या की बात कबूल की है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। बेटे की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आला कत्ल साबड़ भी बरामद कर लिया गया है। एडीसीपी साउथ योगेश कुमार, बर्रा थाने का फोर्स और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची थी।
1985 में भी हत्या के मामले में गया था जेल
पत्नी की हत्या के मामले में गिरफ्तार राम प्रकाश अपनी जवानी में भी मनबढ़ रहा है। डीसीपी के मुताबिक, साहेब लाल, 40 साल पहले पड़ोस के एक युवक की हत्या के आरोप में जेल जा चुका है। करीब एक माह की जेल काटने के बाद जमानत पर बाहर आ गया था। पुलिस अब उसका आपराधिक इतिहास भी जुटा रही है।




साइन इन