यूपी के इस शहर की 54 बड़ी परियोजनाओं से बदलने जा रही सूरत, 25 फ्लाईओवर, 20 ओवरब्रिज बनेंगे
यूपी के लखनऊ शहर की 54 बड़ी परियोजनाओं से सूरत बदलने जा रही है। 25 फ्लाईओवर, 20 ओवरब्रिज बनेंगे। वर्ष 2026-27 की सेतु निगम की कार्ययोजना में इसे शामिल कर लिया गया है।

UP News: यूपी की राजधानी लखनऊ शहर की आठों विधानसभा क्षेत्र में 24 हजार करोड़ की 54 बड़ी परियोजनाओं से सूरत बदलने जा रही है। परियोजनाओं की खाका तैयार कर लिया गया है। इसमें नदी सेतु, रेलवे ओवरब्रिज, फ्लाईओवर, क्लोवरलीफ और अंडरपास शामिल हैं। वर्ष 2026-27 की सेतु निगम की कार्ययोजना में इसे शामिल कर लिया गया है। 25 फ्लाईओवर, 20 ओवरब्रिज बनेंगे।
सरोजनीनगर और लखनऊ पूर्व विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। सरोजनीनगर में 14 तो पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में 11 परियोजनाओं पर कार्य किया जाएगा। दोनों ही विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 16000 करोड़ रुपये से कार्य कराए जाएंगे। इनके अलावा पश्चिम, उत्तर, मध्य, मलिहाबाद, मोहनलालगंज और बक्शी का तालाब विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न परियोजनाओं में 8000 करोड़ से अधिक के कार्य कराए जाएंगे।
विभाग के अनुसार मौजूदा समय में विकास परक परियोजनाओं का जो खाका तैयार किया गया है उसमें 24 हजार 732 करोड़ रुपये का है। आने वाले समय में इसमें फेर-बदल संभव है। यह प्रस्ताव सभी विधानसभा क्षेत्रों के जन प्रतिनिधियों की ओर से दिए गए हैं। जिसमें सबसे अधिक 25 फ्लाईओवर शामिल हैं। उसके बाद नदियों पर बनाए जाने वाले 20 पुल शामिल हैं। इसमें कुछ परियोजनाएं वित्तीय वर्ष 2025-26 की भी हैं, जिन पर शासन की तरफ से संस्तुति नहीं मिल पाई थी। ऐसी परियोजनाओं की संख्या 10 से अधिक हैं। शेष नए प्रस्तावों को शामिल किया गया है।
विकास भवन में हुई बैठक में लगी मुहर
जिले के विकास कार्यों को लेकर आठ मई को विकास भवन में विधायकों, एमएलसी, प्रशासनिक अधिकारियों, सांसद प्रतिनिधियों, एलडीए, पीडब्ल्यूडी, सेतु निगम, एनएचएआई सहित अन्य विभागों की हुई बैठक में विकास परक परियोजनों को लेकर मुहर लगी। इस दौरान जन प्रतिनिधियों की तरफ से कुछ परियोजनाओं में सुधार को लेकर सुझाव भी दिए गए। इन सुझावों पर अमल करते हुए संबंधित विभाग परियोजनाओं में सुधार कर रहे हैं। बताते हैं कि इन सुधारों के बाद एक बार फिर परियोजनाओं का खाका आने वाले समय में होने वाली ऐसी ही बैठक में रखा जाएगा। वहां से अंतिम मुहर के बाद परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा।
विधानसभा क्षेत्र और प्रस्तावित परियोजनाएं
पूर्वी विधानसभा क्षेत्र: दो रेलवे ओवरब्रिज, सात फ्लाईओवर और दो अंडरपास
पश्चिम विधानसभा क्षेत्र: एक रेलवे ओवरब्रिज और पांच फ्लाईओवर
उत्तर विधानसभा क्षेत्र: में दो रेलवे ओवरब्रिज और एक फ्लाईओवर
मध्य विधानसभा क्षेत्र: एक रेलवे ओवरब्रिज, तीन फ्लाईओवर और एक अंडरपास
सरोजनी नगर विस क्षेत्र: एक नदी सेतु, छह रेलवे ओवरब्रिज, छह फ्लाईओवर और एक अंडरपास
मलिहाबाद विस क्षेत्र: तीन नदी सेतु और दो रेलवे ओवरब्रिज
मोहनलालगंज विस क्षेत्र: तीन रेलवे ओवरब्रिज
बक्शी का तालाब विस क्षेत्र: एक नदी सेतु, तीन रेलवे ओवरब्रिज और तीन फ्लाईओवर




साइन इन