यूपी बजट का 27% कृषि, शिक्षा, और हेल्थ पर होगा खर्च, 10 लाख रोजगार भी देगी योगी सरकार
यूपी सरकार ने आज 9.12 लाख करोड़ का बजट पेश किया। कुल बजट का 27% कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य पर खर्च होगा। 10 लाख रोजगार, 16 नए मेडिकल कॉलेज, बेटियों की शादी सहायता 1 लाख रुपए, इंफ्रास्ट्रक्चर और एआई समेत कई योजनाओं पर जोर दिया गया है।

उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अब तक का सबसे बड़ा बजट पेश करते हुए विकास, रोजगार और सामाजिक सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया है। करीब 9 लाख 12 हजार करोड़ रुपए के इस बजट को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और युवाओं, किसानों तथा महिलाओं को सशक्त करने की दिशा में अहम बताया। यह बजट पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 12 प्रतिशत अधिक है। सरकार के अनुसार कुल बजट का 27 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे अहम क्षेत्रों पर खर्च किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार के बजट का 12.4 फीसदी हिस्सा शिक्षा पर, करीब 6 फीसदी स्वास्थ्य सेवाओं पर और लगभग 9 फीसदी कृषि एवं उससे जुड़ी योजनाओं पर खर्च किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य इन क्षेत्रों में निवेश बढ़ाकर किसानों की आय में वृद्धि, शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करना है। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बजट पेश करते हुए 43 हजार करोड़ रुपए से अधिक की नई योजनाओं का ऐलान किया, जिससे राज्य में विकास की गति को तेज करने का प्रयास किया जाएगा।
रोजगार सृजन को बजट की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है। सरकार ने 10 लाख रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए औद्योगिक निवेश को बढ़ावा, इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का विस्तार, स्टार्टअप और एमएसएमई सेक्टर को प्रोत्साहन दिया जाएगा। सीएम युवा उद्यमी योजना के तहत युवाओं को पांच लाख रुपए तक का बिना ब्याज और बिना गारंटी ऋण देने की घोषणा की गई है, जिससे स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
शिक्षा क्षेत्र में मेधावी छात्रों को स्कूटी देने के लिए 400 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है, जबकि फ्री टैबलेट और स्मार्टफोन योजना के लिए 2374 करोड़ रुपए रखे गए हैं। प्रदेश में 16 नए मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा की गई है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जाएगा। साथ ही तीन नई यूनिवर्सिटीज स्थापित करने की योजना भी शामिल है। महिला सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए बेटियों की शादी के लिए दी जाने वाली आर्थिक सहायता को 51 हजार रुपए से बढ़ाकर 1 लाख रुपए कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश ने अपनी छवि बदली है और बजट का आकार तीन गुना से अधिक बढ़ा है। उन्होंने दावा किया कि बिना नए टैक्स लगाए राज्य को राजस्व के मामले में मजबूत बनाया गया है। सरकार के अनुसार यह बजट “सुरक्षित नारी, सक्षम युवा, खुशहाल किसान और हर हाथ को काम” की थीम पर आधारित है और प्रदेश को ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था की दिशा में आगे ले जाने वाला साबित होगा।




साइन इन