12 th student reads girlfriend s message on valentine s day and hangs himself in prayagraj ‘आई एम सॉरी, तुम मर जाओ’, वैलेंटाइन डे पर छात्र ने प्रेमिका का संदेश पढ़ा और खुद को लगा ली फांसी, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

‘आई एम सॉरी, तुम मर जाओ’, वैलेंटाइन डे पर छात्र ने प्रेमिका का संदेश पढ़ा और खुद को लगा ली फांसी

विनोद कुमार गिरि होमगार्ड हैं और PRV वाहन चलाते हैं। उनका इकलौता बेटा 17 वर्षीय आशुतोष गिरि उर्फ अमन 12वीं की पढ़ाई के साथ ही NDA की तैयारी कर रहा था। एक कोचिंग सेंटर में पढ़ने जाता था। वहीं पढ़ने वाली प्रतापगढ़ की छात्रा से उसकी दोस्ती हो गई।

Sun, 15 Feb 2026 06:57 AMAjay Singh संवाददाता, प्रयागराज
share
‘आई एम सॉरी, तुम मर जाओ’, वैलेंटाइन डे पर छात्र ने प्रेमिका का संदेश पढ़ा और खुद को लगा ली फांसी

वैलेंटाइन डे पर प्रयागराज के फतेहपुर बिछुआ में 12वीं के छात्र ने प्रेमिका के ‘मर जाओ मुझसे मतलब नहीं’ के संदेश से आहत होकर फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस को छात्र के कमरे से प्रेमिका का एक पत्र मिला है। छात्र के होमगार्ड पिता की तहरीर पर प्रेमिका और उसकी रूममेट सहित छह लोगों पर जबरन वसूली करने, धमकाने और आत्महत्या के लिए उकसाने आदि की धाराओं में जार्जटाउन थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना से नाराज छात्र के परिजनों ने थाने में जमकर हंगामा किया। उनकी पुलिस से तीखी नोकझोंक भी हुई।

जार्जटाउन क्षेत्र के फतेहपुर बिछुआ निवासी विनोद कुमार गिरि होमगार्ड हैं और पीआरवी वाहन चलाते हैं। उनका इकलौता बेटा 17 वर्षीय आशुतोष गिरि उर्फ अमन 12वीं की पढ़ाई के साथ ही एनडीए की तैयारी कर रहा था। एक कोचिंग सेंटर में पढ़ने जाता था। वहीं पढ़ने वाली प्रतापगढ़ की छात्रा से उसकी दोस्ती हो गई। मोहल्ले के ही एक गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली छात्रा और आशुतोष एक-दूसरे से प्रेम करने लगे। बताया गया कि कुछ समय से छात्रा, आशुतोष से दूरी बनाने लगी थी। इस बात का खुलासा आशुतोष के मोबाइल चैट और कमरे में मिले एक पत्र से हुआ। यह पत्र छात्रा का बताया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:Maha Shivratri: यूपी के सभी गो आश्रय स्थलों पर नंदी पूजन, हर-हर महादेव की गूंज

पत्र में लिखा है, ‘डियर आशुतोष, मैं जानती हूं कि मैं तुमसे बहुत प्यार करती हूं, लेकिन अब मैं तुम्हारे साथ नहीं रह सकती। आई एम सॉरी, तुम मर जाओ, मुझसे कोई मतलब नहीं’। इस पत्र के बाद से आशुतोष काफी तनाव में था। शनिवार सुबह कमरे में उसका शव फंदे पर लटका मिला। पिता विनोद कुमार के मुताबिक बेटे ने छात्रा के आर्थिक शोषण करने और प्रताड़ना की सारी बातें 13 फरवरी को उन्हें बताई थी। आशुतोष के पिता की तहरीर पर छात्रा, उसकी रूम पार्टनर सहित छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चक्का जाम

पोस्टमार्टम के बाद शाम लगभग छह बजे आशुतोष के परिजनों ने शव बालसन चौराहे पर रखकर चक्काजाम कर दिया। उनकी मांग थी कि नामजद आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। मौके पर मौजूद रहे प्रभारी निरीक्षक जार्जटाउन रोहित तिवारी ने आरोपियों की यथाशीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन देकर नाराज लोगों को शांत कराया। उनके आश्वासन पर लगभग आधे घंटे बाद परिजन शव को लेकर सड़क से हटे। देर शाम करछना के मनैया गंगा घाट पर अंतिम संस्कार किया।

छात्रा के बचाव में आए थे दर्जनों छात्र

परिजनों के मुताबिक, आशुतोष के फांसी लगाने की जानकारी होते ही शनिवार को छात्रा को हॉस्टल से निकाल ले जाने के लिए दर्जनों छात्र पहुंचे। लोगों के भारी विरोध के चलते वह अपने मकसद में कामयाब नहीं हुए। सभी भाग निकले। छात्रा के बचाव के लिए आए छात्र एक हॉस्टल के बताए गए हैं। उन्हें लेकर छात्रा का नया प्रेमी आया था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:इस नए एक्सप्रसवे के लिए ड्रोन सर्वे शुरू, यहां की जमीनों की बिक्री पर लगेगी रोक

लड़कों ने आशुतोष का छीना था मोबाइल

वैलेंटाइन डे पर आत्महत्या करने वाले आशुतोष गिरि उर्फ अमन का मोबाइल चार दिन पहले कुछ लड़कों ने मारपीट कर छीन लिया था। उसने यह बात घरवालों को नहीं बताई थी। इसका खुलासा उसकी मौत के बाद हुआ। आशुतोष के चाचा होमगार्ड सुनील गिरि ने बताया कि उसने मोबाइल खो जाने की बात घरवालों को बताई थी। मोहल्ले के कुछ लोगों ने मोबाइल छीनते देखा था। उन्होंने बताया कि तीन-चार लड़कों ने जबरन आशुतोष से मोबाइल छीना था।

सुनील कुमार के मुताबिक, मोबाइल छीने जाने की घटना भी भतीजे के साथ सुनियोजित साजिश का ही हिस्सा थी। प्रेम का नाटक कर आशुतोष का आर्थिक शोषण करने वाली छात्रा ने ही अपने नए प्रेमी और उसके दोस्तों के जरिए मोबाइल छिनवाया था। वह अपने और आशुतोष के बीच रिश्ते का सबूत मिटाना चाहती थी। प्रभारी निरीक्षक जार्जटाउन रोहित तिवारी ने बताया कि मुख्य आरोपी छात्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।