उदयपुर से अहमदाबाद के बीच 16 फरवरी से शुरू होगी वंदे भारत ट्रेन; देखिए टाइमटेबल, हॉल्ट व पूरा रूट
इस नई ट्रेन के शुरू होने से गाड़ी संख्या 20981/20982 (उदयपुर सिटी-आगरा कैंट-उदयपुर सिटी वन्दे भारत ट्रेन) 15 फरवरी और गाड़ी संख्या 20979-20980 (उदयपुर सिटी-जयपुर-उदयपुर सिटी वन्दे भारत ट्रेन) 14 फरवरी से संचालित नहीं की जाएगी।

यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेल विभाग ने कुछ दिन पहले राजस्थान के उदयपुर शहर से गुजरात के असारवा (अहमदाबाद) शहर के बीच वन्दे भारत एक्सप्रेस ट्रेन (गाड़ी संख्या 26963/26964) चलाने की घोषणा की थी। अब इस ट्रेन की शुरुआत होने की तारीख बेहद नजदीक आ चुकी है, यह ट्रेन 16 फरवरी (सोमवार) को उदयपुर से अपनी पहली यात्रा पर रवाना होगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह ट्रेन दोनों दिशाओं में सप्ताह में छह दिन संचालित की जाएगी। इस दौरान यह ट्रेन सिर्फ मंगलवार को नहीं चलेगी। यह ट्रेन दोनों स्टेशनों के बीच कुल 296 किलोमीटर की दूरी को 4 घंटे 15 मिनट में पूरा करेगी और इस दौरान रास्ते में सिर्फ तीन स्टेशनों पर ही रुकेगी। ट्रेन 70 किलोमीटर प्रति घंटे की औसत स्पीड से यह सफर पूरा करेगी।
रेल सेवा की समय सारिणी और गंतव्य पर पहुंचने का समय
गाड़ी संख्या 26963, उदयपुर सिटी-असारवा (अहमदाबाद) वन्दे भारत एक्सप्रेस ट्रेन
प्रस्थान- उदयपुर सिटी से सुबह 6.10 बजे रवाना होगी
आगमन- सुबह 10.25 बजे असारवा पहुंचेगी
स्टॉपेज- यह ट्रेन रास्ते में जावर (आगमन- 6.43 बजे), डूंगरपुर (7.48 बजे) और हिम्मत नगर (आगमन- 9.05 बजे) स्टेशनों पर रुकेगी।
गाड़ी संख्या 26964, असारवा (अहमदाबाद)-उदयपुर सिटी वन्दे भारत एक्सप्रेस ट्रेन
प्रस्थान- असारवा से शाम 17.45 बजे रवाना होगी
आगमन- रात 22.00 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी
स्टॉपेज- यह ट्रेन रास्ते में हिम्मत नगर (आगमन- 18.45 बजे), डूंगरपुर (20.03 बजे) और जावर (आगमन- 21.05 बजे) स्टेशनों पर रुकेगी।

रास्ते में होगा 2-2 मिनट का स्टॉप
प्राप्त जानकारी के अनुसार उदयपुर से अपनी पहली यात्रा पर शुरू होने वाली यह ट्रेन रास्ते में जावर, डूंगरपुर और हिम्मतनगर में 2-2 मिनट के लिए स्टॉप लेते हुए रुकेगी। इस ट्रेन का शुरुआती रखरखाव उदयपुर सिटी में किया जाएगा, साथ ही उदयपुर और असरवा दोनों स्टेशनों पर पानी और सफाई का इंतजाम किया जाएगा।
ट्रेन में होंगे कुल आठ कोच होंगे
इस वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में कुल आठ कोच होंगे, जिसमें एग्जीक्यूटिव चेयर कार और चेयर कार कोच के साथ-साथ दो पावर कार शामिल हैं, जो यात्रियों को ज़्यादा आराम, तेज एक्सलरेशन और मॉडर्न ऑनबोर्ड की सुविधा देंगे। इस नई रेल सेवा से यात्रा का समय काफी कम होने, स्थानीय शहरों के बीच सुगम कनेक्टिविटी मिलने और राजस्थान और गुजरात के बीच आने-जाने वाले यात्रियों के लिए आरामदायक हाई-स्पीड यात्रा का विकल्प मिलने की उम्मीद है।
नई ट्रेन की वजह से बंद होंगी ये दो गाड़ियां
उधर रेल विभाग का कहना है कि इस नई ट्रेन के शुरू होने से गाड़ी संख्या 20981/20982 (उदयपुर सिटी-आगरा कैंट-उदयपुर सिटी वन्दे भारत ट्रेन) 15 फरवरी और गाड़ी संख्या 20979-20980 (उदयपुर सिटी-जयपुर-उदयपुर सिटी वन्दे भारत ट्रेन) 14 फरवरी से संचालित नहीं की जाएगी। (वार्ता इनपुट के साथ)




साइन इन