भट्ठी की तरह तप रहा राजस्थान; श्रीगंगानगर 47 डिग्री तापमान, कब होगी बारिश?
राजस्थान में भीषण गर्मी सितम ढा रही है। श्रीगंगानगर 47 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। कल भी लू चलने का अनुमान है। हालांकि एक नए पश्चिमी विक्षोभ से राहत की संभावना है।

Rajasthan Mausam: राजस्थान में भीषण गर्मी कहर बरपाने पर आमादा है। आलम कि श्रीगंगानगर 47 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ राजस्थान का सबसे गर्म स्थान रहा। बीकानेर, फलौदी और कोटा समेत अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान 40 से 46 डिग्री सेल्सियस के पार रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले बुधवार तक राजस्थान में लू का प्रकोप देखा जाएगा। हालांकि, 28 मई से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण कुछ इलाकों में आंधी और बारिश से तापमान में गिरावट आएगी। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान के अधिकांश प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। 47 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ श्रीगंगानगर राजस्थान का सबसे गर्म स्थान रहा। बीकानेर और फलौदी में अधिकतम तापमान 46 से 46 डिग्री जबकि जैसलमेर में 45.6 डिग्री, कोटा में 45.4 डिग्री और राजधानी जयपुर में 43.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजस्थान में कल भी लू चलने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने बुधवार को राजस्थान के बूंदी, सवाई मोधोपुर, टोंक, बालोतरा, बाड़मेर, चुरू और हनुमानगढ़ जिलों के अलग-अलग हिस्सों में लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की ओर से बुधवार को ही कोटा, बीकानेर, जैसलमेर, फलौदी और श्रीगंगानगर में भीषण लू चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा सकता है।
आंधी और बारिश की गतिविधियां होंगी तेज
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को बीकानेर, कोटा संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में कहीं-कहीं अधिकतम तापमान 46 से 47 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। मौसम विभाग की मानें तो 28 मई से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान के कुछ हिस्सों में आंधी-बारिश देखी जा सकती है। मौसम विभाग की मानें तो 28 मई के बाद आंधी और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी देखी जाएगी। इससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आने की संभावना है।
इन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 28 मई को राजस्थान के अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, जयपुर, झुंझनूं, खैरथल - तिजारा, कोठपुतली बहरोड़, सीकर, बीकानेर, चुरू, डीडवाना कुचामन, हनुमानगढ़, नागौर और श्रीगंगानगर जिलों के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक और तेज आंधी के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं राज्य के कई जिलों में लू भी चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। आंधी के दौरान हवा की स्पीड 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक चल सकती है। 29 और 30 मई को भी सूबे के कई हिस्सों में आंधी और बारिश वाला मौसम देखा जाएगा।




साइन इन