राजस्थान में एक झोपड़ी में चल रही MD ड्रग फैक्ट्री, पुलिस ने भंडाफोड़ कर करोड़ों का माल जब्त किया
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से दो आरोपियों को दबोच लिया। जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भागने में कामयाब रहे, जिनकी तलाशी के लिए अभियान छेड़ दिया गया है।

देशभर से एमडी ड्रग की बरामदगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला अब राजस्थान के प्रतापगढ़ से सामने आया है, जहां पर एक झोपड़ी में इस मादक पदार्थ को बनाने का काम चल रहा था। इस दौरान पुलिस ने हथुनिया थाना क्षेत्र के एक खेत में बनी झोपड़ी में चल रही मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग की इस फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया और वहां से दो तस्करों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से 1.60 करोड़ रुपए की ड्रग्स बरामद की। मुख्य आरोपी की पहचान मुराद खान के रूप में हुई है, उसके पास से पुलिस ने एक लोडेड पिस्टल और 5 कारतूस भी जब्त किए हैं। वह पहले से हत्या की कोशिश और ड्रग्स से जुड़े NDPS एक्ट मामलों में शामिल रहा है।
1 किलो 897 ग्राम एमडी ड्रग बरामद
पुलिस सूत्रों ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि हथुनिया थाना पुलिस ने प्रतापगढ़ जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य के निर्देश पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने असावता-कुलथाना मार्ग पर बने एक सुनसान खेत में दबिश दी जहां एक सीमेंट की चादरों वाली झोपड़ी में नशीली दवा बनाने का आधुनिक मिनी सेटअप चल रहा था। पुलिस ने मौके से एक किलो 897 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1.60 करोड़ रुपए बताई जा रही है। मौके से ड्रग्स बनाने के उपकरण जैसे इंडक्शन कुकर, मिक्सर, हीटर और इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी बरामद किया गया है।
मुख्य आरोपी पर पहले से दर्ज है हत्या की कोशिश का मामला
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से दो आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुराद खान पठान (28) निवासी असावता, प्रतापगढ़ और मोहम्मद जुनेद (48) निवासी मेहसाणा, गुजरात के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया है कि ये आरोपी पिछले दो दिन से यहां ड्रग्स तैयार कर रहे थे, वहीं अंधेरे का फायदा उठाकर दो अन्य आरोपी भागने में कामयाब रहे। जिनकी पहचान जीवन आंजना निवासी प्रतापगढ़ और शरीक उर्फ जेरी निवासी उज्जैन, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है। इन दोनों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
पुलिस ने इस दबिश के दौरान ना केवल ड्रग्स बल्कि अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। मुख्य आरोपी मुराद खान के कब्जे से एक लोडेड पिस्टल और पांच कारतूस मिले हैं। इसके अलावा तस्करी के दौरान इस्तेमाल में आने वाली एक यामाहा मोटरसाइकिल और एक कार को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। मुराद खान पहले से ही हत्या के प्रयास और NDPS एक्ट जैसे गंभीर मामलों में लिप्त रहा है।




साइन इन