राजस्थान में ससुराल जाकर पति ने पत्नी का काट दिया गला, फिर की आत्महत्या की कोशिश
Rajasthan Crime News: राजस्थान के बालोतरा जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के मायके पहुंचकर कथित तौर पर उसका गला काटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद पर भी चाकू से हमला कर आत्महत्या की कोशिश की।

Rajasthan Crime News: राजस्थान के बालोतरा जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के मायके पहुंचकर कथित तौर पर उसका गला काटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद पर भी चाकू से हमला कर आत्महत्या की कोशिश की। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मृतका की पहचान 30 वर्षीय कांता के रूप में हुई है। वह गर्मी की छुट्टियां बिताने अपने 14 वर्षीय बेटी और 10 वर्षीय बेटे के साथ मायके आई हुई थी। पुलिस के मुताबिक शनिवार को उसका पति 32 वर्षीय नितेश कुमार भी ससुराल पहुंचा। शुरुआत में सब सामान्य लग रहा था, लेकिन कुछ देर बाद उसने कांता को बात करने के बहाने घर के पास एक गली में बुलाया।
आरोप है कि गली में पहुंचते ही दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान नितेश ने चाकू निकालकर कांता का गला काट दिया। हमला इतना बेरहमी से किया गया कि कांता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पत्नी की हत्या करने के बाद नितेश ने खुद पर भी चाकू से कई वार कर लिए।
घटना के बाद खून से लथपथ हालत में नितेश गांव के चौक तक पहुंचा और एक दुकान के सामने बैठ गया। उसके हाथ में चाकू देखकर स्थानीय लोग घबरा गए। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल नितेश को अस्पताल पहुंचाया। बाद में हालत बिगड़ने पर उसे जोधपुर के बड़े अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में मामला पति-पत्नी के बीच विवाद का लग रहा है। आशंका जताई जा रही है कि बहस इतनी बढ़ गई कि नितेश ने गुस्से में आकर पत्नी की हत्या कर दी। हालांकि विवाद की असली वजह अभी साफ नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। बच्चों की हालत भी बेहद खराब बताई जा रही है। इलाके के लोग इस वारदात से स्तब्ध हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




साइन इन