rajasthan officer security issue kirori lal meena patwari threat राजस्थान में अफसरों की सुरक्षा का मुद्दा गरमाया, किरोड़ी बोले– महिला पटवारी को धमकाया गया, Jaipur Hindi News - Hindustan
More

राजस्थान में अफसरों की सुरक्षा का मुद्दा गरमाया, किरोड़ी बोले– महिला पटवारी को धमकाया गया

दौसा विधायक दीनदयाल बैरवा और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच चल रहे विवाद में अब प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा भी खुलकर मैदान में उतर आए हैं। मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कांग्रेस विधायक बैरवा पर गंभीर आरोप लगाते हुए 

Fri, 6 Feb 2026 07:49 PMSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान
share
राजस्थान में अफसरों की सुरक्षा का मुद्दा गरमाया, किरोड़ी बोले– महिला पटवारी को धमकाया गया

दौसा विधायक दीनदयाल बैरवा और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच चल रहे विवाद में अब प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा भी खुलकर मैदान में उतर आए हैं। मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कांग्रेस विधायक बैरवा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने महिला पटवारी को खुलेआम धमकाया और सरकारी जमीन पर कब्जा हटाने से रोकने का दबाव बनाया। मंत्री ने दो टूक कहा कि इस तरह की कार्यशैली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने यह बयान शुक्रवार को दौसा में खानभांकरी रोड स्थित टाउनहॉल के लोकार्पण और यूआईटी की आवासीय योजना के शुभारंभ कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान दिया।

महिला पटवारी को धमकाने का आरोप

मंत्री किरोड़ी ने कहा कि विधायक दीनदयाल बैरवा ने महिला पटवारी से कहा कि “मेरे लोगों ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा है, इसे नहीं हटाओगे।” उन्होंने सवाल उठाया कि सरकारी जमीनों पर कब्जा करने वालों की स्थिति सभी जानते हैं, इसके बावजूद जनप्रतिनिधि प्रशासनिक अधिकारियों पर दबाव बना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राजनीति जनता की सेवा के लिए होती है, न कि धंधा करने के लिए। यदि कोई जनप्रतिनिधि भूमाफियाओं के साथ मिलकर जमीन के कारोबार में उतर जाए, तो यह दौसा की जनता के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।

‘प्रिविलेज मोशन’ पर तंज

डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कार्यक्रम में सांसद और विधायक की गैरहाजिरी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह सरकारी कार्यक्रम था और सभी जनप्रतिनिधियों को इसमें शामिल होना चाहिए था। यदि नाम नेम प्लेट में न लिखवाने को लेकर आपत्ति थी, तो विधानसभा में बात की जा सकती थी।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर नाम नहीं लिखे जाने पर प्रिविलेज मोशन लाया जा सकता है, तो फिर जमीन पर कब्जा करने का भी प्रिविलेज मोशन लेकर आ जाना चाहिए और कहना चाहिए कि “मेरा विशेषाधिकार है कि मैं सरकारी जमीन पर कब्जा करूंगा।”

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:राजस्थान में तहसीलदार के बाद अब पटवारी से उलझे दौसा विधायक; जानें क्या मामला

अवैध कब्जों को लेकर कांग्रेस पर निशाना

मंत्री किरोड़ी ने कांग्रेस नेताओं पर पहाड़ों को खोखला करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संवासा, कालवान और टाउनहॉल के पीछे की पहाड़ियों को कांग्रेस नेताओं ने नुकसान पहुंचाया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का कोई भी नेता जमीनों पर कब्जा नहीं करता, लेकिन जब प्रशासन अवैध कब्जे हटाने जाता है तो क्षेत्रीय विधायक उसे रुकवाने पहुंच जाते हैं।

‘मीणा हाईकोर्ट को बुलडोजर से तुड़वाने की भाषा’

डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि जिला अस्पताल में ट्रॉमा सेंटर के उद्घाटन के दौरान विधायक दीनदयाल बैरवा का सम्मान किया गया था और उनका नाम भी शिलापट्ट पर अंकित किया गया। उस समय उन्होंने कहा था कि चुनावी हार-जीत के बाद सभी को मिलकर जिले के विकास के लिए काम करना चाहिए।

इसके बावजूद विधायक द्वारा मीणा हाईकोर्ट को बुलडोजर से तुड़वाने जैसी भाषा का इस्तेमाल करना और सरकारी जमीन पर बनी अवैध कॉलोनी में जाकर महिला पटवारी को धमकाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि “ऐसा नहीं चलने वाला।”

प्रशासन और सांसद को लेकर बयान

मंत्री ने कहा कि सांसद मुरारी लाल मीणा ने पांच साल तक डाक बंगले में जनसुनवाई की और कभी किसी ने आपत्ति नहीं की। लेकिन सरकारी योजनाओं के पोस्टर फाड़ना और गेट पर लात मारना पूरी तरह अमर्यादित है।

उन्होंने कहा कि कुछ जनप्रतिनिधि तनाव बढ़ाने और जातीय विद्वेष फैलाने का काम कर रहे हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इतने बड़े कार्यक्रमों में सांसद और विधायक का नहीं आना यह दर्शाता है कि वे जिले के विकास में सहयोग नहीं देना चाहते।

एक इंच जमीन पर कब्जा साबित हो तो राजनीति छोड़ दूंगा

डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि यदि यह साबित हो जाए कि उन्होंने या उनके परिवार ने एक इंच जमीन पर भी कब्जा किया है, तो वे राजनीति छोड़ देंगे। उन्होंने कहा कि सवाल उठाने से विकास नहीं रुकता, लेकिन इससे सामाजिक सौहार्द और भाईचारे पर असर पड़ता है।

मंत्री ने भरोसा दिलाया कि भजनलाल सरकार दौसा के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और यदि जनता किसी के बहकावे में नहीं आई, तो दौसा को दस गुना विकास के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने जयपुर मेट्रो से दौसा को जोड़ने के प्रयासों का भी जिक्र किया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।