खाटू श्याम मंदिर के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार पलटी, महिला की मौत; बच्चों समेत 5 घायल
राजस्थान के सीकर स्थित खाटू श्याम मंदिर के दर्शन कर कोटा लौट रहे श्रद्धालुओं की कार बुधवार शाम टोंक जिले में नेशनल हाईवे-52 पर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चों समेत पांच लोग घायल हो गए।

राजस्थान के सीकर स्थित खाटू श्याम मंदिर के दर्शन कर कोटा लौट रहे श्रद्धालुओं की कार बुधवार शाम टोंक जिले में नेशनल हाईवे-52 पर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चों समेत पांच लोग घायल हो गए। हादसा बरौनी थाना क्षेत्र में शाम करीब साढ़े चार बजे हुआ। दुर्घटना के बाद हाईवे पर करीब आधा घंटा यातायात प्रभावित रहा।
पुलिस के अनुसार कार में कुल छह लोग सवार थे। इनमें दो दंपती और उनके साथ परिवार के दो बच्चे शामिल थे। सभी कोटा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कार तेज रफ्तार में थी और फोरलेन हाईवे के डिवाइडर से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गई।
वैष्णो देवी पुलिया के पास हुआ हादसा
बरौनी थाना प्रभारी नूर मोहम्मद ने बताया कि बुधवार शाम करीब 4:30 बजे सूचना मिली कि टोंक के पास बनास नदी किनारे नेशनल हाईवे-52 पर वैष्णो देवी पुलिया के पास एक वेगनआर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई है। सूचना मिलते ही एएसआई शंकर लाल पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। कार पलटी हुई हालत में मिली और उसमें सवार लोग अंदर फंसे हुए थे।
पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से बच्चों समेत सभी छह घायलों को बाहर निकाला गया। एंबुलेंस की सहायता से उन्हें तत्काल सआदत अस्पताल, टोंक पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण पूनम (40) पत्नी जतिन गुप्ता, निवासी महावीर नगर विस्तार-6, कोटा को मृत घोषित कर दिया।
दो महिलाएं गंभीर, बच्चों को भी आई चोटें
पुलिस के मुताबिक हादसे में विश्वा पत्नी रोहित सोनी निवासी छबड़ा गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। इसके अलावा जतिन गुप्ता, रोहित सोनी और दोनों बच्चे भी घायल हुए हैं। सभी घायलों का सआदत अस्पताल में उपचार जारी है। कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर करने की भी तैयारी की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में परिजनों और परिचितों की भीड़ लग गई। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
दर्शन कर लौट रहा था परिवार
पुलिस जांच में सामने आया है कि सभी लोग सीकर जिले में स्थित खाटू श्याम मंदिर में दर्शन कर कोटा लौट रहे थे। परिवार धार्मिक यात्रा से वापस घर आ रहा था, तभी टोंक जिले की सीमा में यह हादसा हो गया। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन चालक का नियंत्रण खोना दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
आधा घंटा प्रभावित रहा ट्रैफिक
दुर्घटना के बाद नेशनल हाईवे-52 पर यातायात करीब आधे घंटे तक बाधित रहा। सड़क पर पलटी कार को हटाने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के दौरान वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
जांच में जुटी पुलिस
बरौनी थाना पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है। वाहन की तकनीकी जांच कराई जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हादसा केवल तेज रफ्तार के कारण हुआ या किसी अन्य तकनीकी खराबी की भी भूमिका रही। पुलिस ने चालक से भी पूछताछ शुरू कर दी है।
टोंक जिले में नेशनल हाईवे-52 पर आए दिन तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हादसे होते रहे हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि धार्मिक यात्रा या लंबी दूरी की ड्राइविंग के दौरान विशेष सतर्कता बरतें और गति सीमा का पालन करें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन