jaipur husband strangled wife murder case accused arrested jaipur crime news जयपुर में पति ने पत्नी का गला घोंटकर की हत्या; आरोपी गिरफ्तार, Jaipur Hindi News - Hindustan
More

जयपुर में पति ने पत्नी का गला घोंटकर की हत्या; आरोपी गिरफ्तार

जयपुर शहर के बगरू थाना इलाके में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। झगड़े के बाद गुस्साए पति ने अपनी पत्नी की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी।

Mon, 16 March 2026 03:22 PMSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान, जयपुर
share
जयपुर में पति ने पत्नी का गला घोंटकर की हत्या; आरोपी गिरफ्तार

जयपुर शहर के बगरू थाना इलाके में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। झगड़े के बाद गुस्साए पति ने अपनी पत्नी की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद खुद को बचाने के लिए आरोपी ने अनजान बनने का नाटक किया और पत्नी की लाश देखकर सिर पटक-पटक कर रोने लगा। हालांकि पुलिस की सख्त पूछताछ के आगे उसकी कहानी ज्यादा देर टिक नहीं पाई और आखिरकार उसने हत्या का जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच बगरू थाना पुलिस कर रही है।

मजदूरी करने वाले दंपती के बीच हुआ था विवाद

बगरू थाना प्रभारी राजेन्द्र गोदारा के मुताबिक मृतका सुशीला देवी (26) बिहार के चंपारण की रहने वाली थी। करीब 10 साल पहले उसकी शादी रविन्द्र मुखिया (27) से हुई थी। दंपती पिछले तीन महीने से बगरू रिको इलाके की कृष्णा विहार कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था। उनके साथ उनके दो छोटे बेटे भी रहते थे।

दोनों पति-पत्नी बगरू रिको क्षेत्र में मजदूरी का काम करते थे और रोजमर्रा की कमाई से परिवार का गुजारा चलाते थे। लेकिन परिवार के मुताबिक रविन्द्र को शराब पीने की आदत थी, जिसके कारण आए दिन घर में झगड़े होते रहते थे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:UP की तरक्की में राजस्थान का कनेक्शन,CM योगी ने मंच से किया जिक्र

शराब के नशे में अक्सर करता था मारपीट

मृतका की बहन निर्मला देवी ने पुलिस को बताया कि रविन्द्र शराब पीकर अक्सर सुशीला से झगड़ा करता था। 13 मार्च को भी उसने नशे की हालत में पत्नी के साथ मारपीट की थी। विवाद बढ़ने पर सुशीला अपने दोनों बेटों को लेकर बहन निर्मला के घर चली गई थी, जो उसी कॉलोनी में थोड़ी दूरी पर रहता है।

निर्मला के अनुसार उस दिन सुशीला काफी डरी हुई थी और उसने पति की मारपीट की शिकायत भी की थी। परिवार वालों ने उसे समझाने की कोशिश की और अगले दिन मामले को सुलझाने का प्रयास किया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जिन्होंने राम को नकारा, राम ने उन्हें नकार दिया; जालौर में गरजे CM योगी

समझाइश के बाद पत्नी को घर ले गया आरोपी

14 मार्च की सुबह रविन्द्र मुखिया अपनी पत्नी को लेने के लिए निर्मला के घर पहुंचा। वहां निर्मला और उसके पति विनोद ने उससे झगड़े के बारे में बात की और भविष्य में विवाद न करने की समझाइश दी। इसके बाद उन्होंने सुशीला को उसके पति के साथ घर भेज दिया।

दोपहर करीब 1 बजे निर्मला ने सुशीला को फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं किया। कई बार कॉल करने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो शाम करीब 4 बजे निर्मला खुद बहन के घर पहुंची।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गहलोत ने हाथ मिलाते ही पूछा लाल डायरी?… पढ़िए जयपुर के समारोह का सियासी किस्सा

कमरे में जमीन पर पड़ी मिली लाश

घर के अंदर का नजारा देखकर निर्मला के होश उड़ गए। कमरे के अंदर सुशीला की लाश जमीन पर पड़ी हुई थी। उसके सिर से खून बह रहा था और गले में चुन्नी की गांठ बंधी हुई थी। जांच में सामने आया कि चुन्नी से गला घोंटकर उसकी हत्या की गई थी।

बहन ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। इसके बाद परिवार ने सुशीला के पति रविन्द्र को फोन कर बुलाया।

लाश देखकर करने लगा रोने का नाटक

परिजनों के मुताबिक रविन्द्र शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी की लाश देखकर अनजान बनने लगा। वह सिर पटक-पटक कर रोने लगा और खुद को निर्दोष बताने लगा।

सूचना मिलने पर बगरू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी की नाक से खून निकलते देखा तो उसे इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बगरू सीएचसी भेजा गया।

पूछताछ में खुल गया पूरा राज

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रविवार को पुलिस ने रविन्द्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। शुरू में आरोपी खुद को निर्दोष बताकर पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या की बात कबूल कर ली।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि पत्नी को घर वापस लाने के बाद दोनों के बीच फिर से झगड़ा हो गया था। घर छोड़कर जाने की बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई। गुस्से में उसने पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे उसके सिर में चोट लगी और हाथ की चूड़ियां टूट गईं।

इसके बाद आरोपी ने चुन्नी से पत्नी का गला घोंट दिया। वारदात के बाद वह घर छोड़कर चला गया और बाद में परिवार के बुलाने पर वापस लौटा।

थाना प्रभारी राजेन्द्र गोदारा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।