up ki tarakki mein rajasthan ka connection cm yogi ne manch se kiya zikr UP की तरक्की में राजस्थान का कनेक्शन,CM योगी ने मंच से किया जिक्र, Jaipur Hindi News - Hindustan
More

UP की तरक्की में राजस्थान का कनेक्शन,CM योगी ने मंच से किया जिक्र

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में आयोजित जौहर मेला और श्रद्धांजलि समारोह में शिरकत की।

Mon, 16 March 2026 11:34 AMSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान, जयपुर
share
UP की तरक्की में राजस्थान का कनेक्शन,CM योगी ने मंच से किया जिक्र

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में आयोजित जौहर मेला और श्रद्धांजलि समारोह में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने मेवाड़ की वीरता, बलिदान और परंपराओं की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में हो रहे बदलावों और विकास की प्रेरणा कहीं न कहीं राजस्थान की वीरभूमि से भी जुड़ी हुई है। उन्होंने मंच से कहा कि उत्तर प्रदेश की तरक्की में राजस्थान का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

मेवाड़ की परंपराओं से मिली प्रेरणा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि चित्तौड़गढ़ किले में रानी पद्मिनी का बलिदान महिलाओं की गरिमा और राष्ट्र की अस्मिता की रक्षा के संकल्प का प्रतीक है। मेवाड़ की महिलाओं द्वारा किया गया ऐतिहासिक जौहर साहस, आत्मसम्मान और दृढ़ संकल्प का परिचायक रहा है। उन्होंने कहा कि जब भी चित्तौड़गढ़ और मेवाड़ की वीरता की चर्चा होती है, तब वीर योद्धाओं के साथ-साथ वीरांगनाओं के बलिदान की गाथाएं भी सामने आती हैं।

योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जो बदलाव देखने को मिल रहे हैं, उनकी प्रेरणा मेवाड़ और चित्तौड़गढ़ की ऐतिहासिक विरासत से भी मिली है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में जो कुछ भी सकारात्मक परिवर्तन हो रहे हैं, उसमें राजस्थान की इस वीरभूमि का तेज भी शामिल है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:भीलवाड़ा में देर रात घरों पर पत्थरबाजी से दहशत, एक दर्जन मकान बने निशाना

दादा गुरु का राजस्थान से जुड़ाव बताया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन के दौरान व्यक्तिगत जुड़ाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनके पूज्य दादा गुरु का संबंध भी राजस्थान की इसी वीरभूमि से रहा है और वे यहां से गोरखपुर गए थे। उन्होंने कहा कि इस कारण राजस्थान की धरती से उनका विशेष भावनात्मक रिश्ता है।

योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और इस यात्रा में देश की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं से मिली प्रेरणा अहम भूमिका निभा रही है।

वीरांगनाओं को दी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चित्तौड़गढ़ किले में स्थित जौहर स्थल पर पहुंचकर वीरांगनाओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कालिका माता मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मेवाड़ की महिलाओं का जौहर और संत मीरा बाई की भक्ति भारत की संस्कृति और परंपराओं की महान विरासत का प्रतीक है। ऐसी परंपराएं पूरे देश को प्रेरणा देती हैं।

जालोर में धार्मिक कार्यक्रम में लिया भाग

चित्तौड़गढ़ के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जालोर पहुंचे, जहां उन्होंने सिरे मंदिर धाम में आयोजित दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने श्री शांतिनाथ आदर्श विद्या मंदिर के विद्यालय भवन का निरीक्षण किया और परिसर में अशोक का पौधा भी लगाया।

विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान भी किया।

कई नेता और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

इस कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, सांसद लुंबराम चौधरी, भाजपा विधायक बालकनाथ और छगन सिंह राजपुरोहित सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

अपराध पर सख्ती की नीति का जिक्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि जब राज्य में भाजपा सरकार बनी तो अपराध और अपराधियों के प्रति किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरतने की नीति अपनाई गई। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को सरकार ने सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।

योगी ने कहा कि पहले लड़कियों को पढ़ाई के लिए दूर-दराज के रिश्तेदारों के यहां रहना पड़ता था, लेकिन अब वे अपने घर से ही पांच से दस किलोमीटर दूर स्थित स्कूलों तक सुरक्षित आ-जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में बेटियां और बहनें रात की शिफ्ट में भी कार्यालयों और फैक्टरियों में काम कर सुरक्षित घर लौटती हैं, जो राज्य में बेहतर सुरक्षा वातावरण का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश का यह बदलाव देश के सामने एक सकारात्मक उदाहरण बनकर उभरा है और इसमें देश की सांस्कृतिक विरासत से मिली प्रेरणा की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।