अजमेर से मुंबई और दौंड के लिए 3 साप्ताहिक ट्रेनों को मंजूरी, क्या रहेगा इनका रूट?
अजमेर से मुंबई और दौंड़ के लिए तीन नई वीकली ट्रेनों को मंजूरी मिली है। ये ट्रेनें जयपुर और चित्तौड़गढ़ के रास्ते चलेंगी। इससे यात्रियों और व्यापारियों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी और शनिवार से इनका संचालन शुरू होगा।

अजमेर के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से की जा रही मांग को देखते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी के प्रयासों से अजमेर से मुंबई और दौंड के लिए तीन नई वीकली ट्रेनों को मंजूरी मिली है। इनमें से 2 ट्रेनें मुंबई के लिए जबकि एक दौंड के लिए चलेगी जो जयपुर, कोटा, रतलाम और सूरत जैसे प्रमुख शहरों को जोड़ेंगी। इन ट्रेनों के शुरू होने से व्यापारियों, विद्यार्थियों और पर्यटकों को काफी सुविधा होगी और रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
अजमेर से मुंबई के लिए 2 ट्रेनें
अजमेर संसदीय क्षेत्र के निवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग और यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी की अनुशंसा पर अजमेर से मुंबई एवं दौंड़ के लिए 3 नई वीकली ट्रेनों के संचालन को मंजूरी मिली है। केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने बताया कि अजमेर से मुंबई के लिए 2 नई वीकली ट्रेनों और दौंड के लिए एक वीकली ट्रेन को मंजूरी मिली है।
मुंबई जाने वाली ट्रेन का क्या रहेगा रूट?
इनमें ट्रेन संख्या 09621 और 09622 अजमेर-मुंबई वीकली एक्सप्रेस हर रविवार को जयपुर, कोटा, रतलाम और सूरत मार्ग से संचालित होगी। इसके अतिरिक्त ट्रेन संख्या 09653 एवं 09654 अजमेर-मुंबई वीकली एक्सप्रेस हर शनिवार को चित्तौड़गढ़, रतलाम और सूरत मार्ग से संचालित होगी।
दौंड तक जाने वाली ट्रेन का क्या रहेगा रूट?
दूसरी ट्रेन संख्या 09625 एवं 09626 अजमेर-दौंड वीकली एक्सप्रेस हर गुरुवार को जयपुर, कोटा, रतलाम और पूना होकर दौंड तक जाएगी।
अजमेर और आसपास के जिलों के लिए बड़ी सुविधा
इन नई ट्रेनों के संचालन से उनके अजमेर संसदीय क्षेत्र सहित आसपास के जिलों के यात्रियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, कामगारों और पर्यटकों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही रेल संपर्क और अधिक मजबूत होगा।
शनिवार को होगा शुभारंभ
इन नई रेल सेवाओं के शुभारंभ के अवसर पर शनिवार को शाम 5:30 बजे अजमेर रेलवे स्टेशन पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें वह नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और यात्रियों से संवाद भी करेंगे। इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का अजमेर संसदीय क्षेत्रवासियों की ओर से आभार जताया।
पुरी से कोरापुट के बीच भी नई ट्रेन का ऐलान
इस बीच पुरी से कोरापुट के बीच जल्द ही एक नई एक्सप्रेस ट्रेन शुरू होने वाली है। यह ट्रेन हफ्ते में 3 दिन चलेगी। इससे तीर्थनगरी पुरी और आदिवासी बहुल कोरापुट के बीच आना-जाना बहुत आसान हो जाएगा। रेल मंत्रालय ने इस एक्सप्रेस ट्रेन के लिए अपनी मंजूरी दे दी है। पूर्वी तटीय रेलवे ने बताया कि इस नई ट्रेन का नंबर 18407 और 18408 होगा। यह पुरी से चलकर भुवनेश्वर, संबलपुर, बोलंगीर और रायगडा जैसे प्रमुख स्टेशनों से होते हुए कोरापुट पहुंचेगी।




साइन इन