राजस्थान में गिरे ओले; दो की मौत, इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट, आगे भी 2 दिन बारिश
Rajasthan Weather: राजस्थान में मौसम के बदलते मिजाज से अलवर और झुंझुनूं सहित कई जिलों में बारिश के साथ ओले गिरे हैं। हल्की बारिश गेहूं और सरसों के लिए फायदेमंद है तो ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंचने का बड़ा खतरा पैदा हो गया है।

राजस्थान में मौसम ने तीखे तेवर अख्तियार कर लिए हैं। अलवर समेत कई जिलों में बारिश के साथ ओले गिरे हैं। इससे सर्दी बढ़ गई है। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि हल्की बारिश तो गेहूं और सरसों जैसी रबी फसलों के लिए वरदान साबित होगी लेकिन ओले गिरने से फसलों को नुकसान होगा। मौसम विभाग ने राजस्थान के अलग-अलग जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की मानें तो जल्द एक और पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय पर दस्तक देगा जिससे आगे भी दो दिन मौसम खराब रहेगा।
कई जगहों पर गिरे ओले
राजस्थान के अलवर जिले के राजगढ़ और रैणी सहित आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को गरज-चमक के साथ तेज बारिश और हल्की ओलावृष्टि हुई। झुंझुनूं जिले के कई हिस्सों में भी हल्की बारिश के साथ ओले गिरे। सूरजगढ़ उपखंड के कुलोठ और आसपास के इलाकों में भी हल्की ओलावृष्टि हुई।
वज्रपात से दो की मौत
राजस्थान में वज्रपात से दो लोगों की मौत हो गई। सीकर जिले में खेत में काम कर रही करीब 40 साल की एक महिला पर अचानक बिजली गिर गई। घरवाले महिला को तुरंत अस्पताल लेकर गए लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इसी तरह कोटा जिले के मंडाना इलाके में भी बिजली गिरने से एक 25 साल के युवक की जान चली गई।
अलवर में बिजली गिरने से मकान को नुकसान
अलवर जिले के राजगढ़ क्षेत्र में बिजली गिरने से एक मकान की दीवार टूट गई और घर में रखे बिजली के उपकरण भी जल गए। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
ओले से खराब हो सकती हैं फसलें
कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि हल्की बारिश तो गेहूं और सरसों जैसी रबी फसलों के लिए फायदेमंद साबित होगी लेकिन ओले गिरने से फसलों के नुकसान की आशंका भी अब बन गई है। इससे सरसों के फूल खत्म हो जाएंगे और उपज प्रभावित होगी। ओले गिरने के बाद जैसे ही गलन शुरू होगी तापमान में गिरावट देखी जाएगी। इससे शीतलहर की आशंका भी बन गई है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान राजस्थान के अलवर, बारां, भरतपुर, बूंदी, दौसा, डींग, धौलपुर, जयपुर, झालावाड़, करौली, खैरथल तिजारा, कोटा, कोटपुतली बहरोड़, सवाई माधोपुर और टोंक जिलों के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक के साथ बारिश और ओले गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से तूफानी हवाएं भी चल सकती हैं। कुछ जगहों पर वज्रपात की घटनाएं भी देखी जा सकती हैं।
इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान राजस्थान के अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, झुंझुनू, सीकर, चुरू, डीडवाना कुचामन, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिलों के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने का येलो अलर्ट जारी किया है। कुछ जगहों पर वज्रपात भी देखा जा सकता है।

एक और पश्चिमी विक्षोभ से आगे भी दो दिन बारिश
मौसम विभाग ने 31 जनवरी और 1 फरवरी के दौरान उत्तर पश्चिमी भारत पर एक और पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने की संभावना जताई है। इसके प्रभाव से राजस्थान में मौसम बदल जाएगा। राजस्थान में 31 जनवरी और 1 फरवरी को जयपुर,भरतपुर और बीकानेर संभाग के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है।




साइन इन