SIR में षडयंत्र! भाजपा वोटर लिस्ट से कांग्रेसियों के नाम काट रही? अशोक गहलोत का बड़ा दावा
गहलोत ने सरकार पर हमलावर होते हुए ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा- सत्ता के मद में चूर भाजपा सरकार ने प्रशासन का दुरुपयोग कर मतदाता सूचियों में हेराफेरी का जो षड्यंत्र रचा है, वह शर्मनाक है।

राजस्थान के पूर्व सीएम और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने भाजपा सरकार पर मतदाता सूचियों में हेरफेर का षडयंत्र रचने का आरोप लगाया है। गहलोत ने सरकार पर हमलावर होते हुए ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा- "सत्ता के मद में चूर भाजपा सरकार ने प्रशासन का दुरुपयोग कर मतदाता सूचियों में हेराफेरी का जो षड्यंत्र रचा है, वह शर्मनाक है।" इससे पहले राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए इसी मामले में सरकार पर हमला बोला था।
BLO पर दबाव बना रही सरकार, गहलोत
गहलोत ने एक्स पर लिखा- आज का दिन राजस्थान में लोकतंत्र के लिए एक काले अध्याय जैसा है जिसने भाजपा को बेनकाब कर दिया है। SIR प्रक्रिया के अंतिम दिन, एक सुनियोजित साजिश के तहत EROs के माध्यम से BLOs पर दबाव डाला गया कि वे कांग्रेस विचारधारा वाले मतदाताओं के नाम काटें। यहाँ तक कि फॉर्म-7 में पहले से डेटा भरकर BLOs को थमाया गया, जो सीधे तौर पर निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर हमला है।
BLO को धमकियां, OTP तक ले रहे
गहलोत ने आगे लिखा- "कई जगहों पर प्रशासनिक अधिकारियों और BLOs ने इस लोकतंत्र की हत्या में शामिल होने से इंकार किया, तो उन्हें सत्ताधारी पार्टी के लोगों ने तबादलों की धमकी दी है। भाजपा ने ऐसा दुस्साहस कर जनता और लोकतंत्र का अपमान किया है।"
प्रेस कॉन्फ्रेंस में डोटासरा ने बताया था- "भाजपा नेताओं के दबाव में अधिकारी BLO से लॉगिन आईडी, पासवर्ड और OTP तक ले रहे हैं। ये न सिर्फ़ प्रशासनिक अपराध है, बल्कि मतदाता सूची से छेड़छाड़ का सीधा सबूत है।"
गहलोत और डोटासरा ने दी चेतावनी
गहलोत ने आगे लिखा- "मैं उन अधिकारियों को भी स्पष्ट शब्दों में आगाह करना चाहता हूं कि सरकारें आती-जाती रहेंगी, लेकिन अगर आपने नियम विरुद्ध कार्य किया, तो कानून के दायरे में आपकी जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी और सख्त कार्रवाई होगी।"
डोटासरा ने भी आज प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अधिकारियों को चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था- "मैं उन तमाम अधिकारियों को आगाह करता हूं जो नियमों को ताक पर रखकर भाजपा की भाषा बोल रहे हैं। अगर ज़रा भी बेईमानी पकड़ी गई, तो FIR दर्ज कराई जाएगी। कांग्रेस पीछे हटने वाली नहीं है।"




साइन इन