इस गैंगस्टर ने ली AAP नेता लक्की ओबरॉय मर्डर की जिम्मेदारी, बोला- कॉलेज प्रधानगी विवाद में गंवाई जान
जालंधर में आम आदमी पार्टी नेता सतिंदर पाल सिंह जोगी उर्फ लक्की ओबरॉय की हत्या मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की स्टाइल में की गई है। मूसेवाला को भी हमलावरों ने थार में ही गोलियों से भून दिया था।

पंजाब के जालंधर में आम आदमी पार्टी के नेता सतिंदर पाल सिंह जोगी उर्फ लक्की ओबरॉय की सुबह सरेआम गोलियां मारकर हत्या करने की जिम्मेदारी गैंगस्टर जोगा फोलड़ीवाल ने ली है। उसने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर कहा है कि वह हमारे भाइयों को नुकसान पहुंचा रहा था, जिसका जवाब आज हमने दे दिया है। फोलड़ीवाल ने लिखा है, "खालसा कॉलेज की प्रधानगी को लेकर यह सब कुछ हुआ है। ये कत्ल हमने अपनी आपसी दुश्मनी के चलते करवाया है। सोशल मीडिया पर इसे आम आदमी पार्टी नेता कहकर वायरल किया जा रहा है, जो बिल्कुल गलत है।"
फोलड़ीवाल ने आगे लिखा, “ये एक बहुत बड़ा नशा तस्कर था। ये खुद भी नशे करता था और इसके सारे काले कारनामों के सबूत हमारे पास हैं। इसने अपने सारे काले कामों को छिपाने के लिए आम आदमी पार्टी का पल्ला पकड़ा था। ये कोई लीडर नहीं था, ये पुलिस का खास मुखबिर था। ये कत्ल खासला कॉलेज की प्रधानगी को लेकर हुआ है। इसने हमारे बारे में जो बकवास की थी, आज हमने उसका जवाब दे दिया है। जो भी हमारे बारे में गलत बोलते हैं, उनको भी जल्दी ही जवाब दे देंगे।”
पुलिस को भी टारगेट किलिंग का शक
पुलिस ने भी शक जताया था कि यह टारगेट किलिंग का मामला है और इसके पीछे गैंगस्टर हो सकते हैं। हमलावरों ने सब कुछ पूरी प्लानिंग के साथ किया। मर्डर को ट्रेस करने के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं। पुलिस ने बताया कि परिवार के बयान पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। डेडबॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया है। गुरुद्वारे के सीसीटीवी और रोड पर लगे कैमरों की फुटेज निकलवाई जा रही है। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट की भी जांच कर रही है। जालंधर पुलिस कमिश्नरेट के एडीसीपी जयंत पुरी ने बताया कि घटना के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया। हमलावरों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।
सिद्धू मूसेवाला मर्डर स्टाइल में वारदात
जालंधर में आम आदमी पार्टी नेता सतिंदर पाल सिंह जोगी उर्फ लक्की ओबरॉय की हत्या मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की स्टाइल में की गई है। मूसेवाला को भी हमलावरों ने थार में ही गोलियों से भून दिया था। आज शुक्रवार सुबह लक्की ओबरॉय जालंधर के पॉश एरिया, मॉडल टाउन इलाके में गुरुद्वारे में माथा टेकने आए थे। जैसे ही वे गुरुद्वारे से निकलकर अपनी थार गाड़ी में बैठने लगे तो स्कूटी पर आए दो युवकों ने उन्हें 6 गोलियां मारी। इनमें से 5 गोलियां ओबरॉय के सीने और एक सिर में लगी। बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां चलते हुए का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। परिजन उन्हें गंभीर हालत में मॉडल टाउन के प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां डॉक्टरों के मृत घोषित कर दिया। ओबरॉय आम आदमी पार्टी से जालंधर कैंट में वार्ड-35 के हलका इंचार्ज थे।
रिपोर्ट: मोनी देवी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन