भगवंत मान सरकार की बड़ी सौगात, मेरी रसोई योजना का ऐलान; 40 लाख परिवारों को होगा फायदा
सीएम ने स्पष्ट किया कि इस स्कीम के साथ-साथ पुरानी गेहूं वितरण की योजना भी जारी रहेगी। नीले कार्ड धारकों को इसका फायदा होगा। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं में सुधार कर रही है।

भगवंत मान की अगुवाई वाली पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार ने राज्य के 40 लाख परिवारों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री मान ने सोमवार (23 फरवरी) को 'मेरी रसोई' नाम की एक नई योजना की घोषणा की है। चंडीगढ़ में हुई पंजाब कैबिनेट की बैठक के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पत्रकार वार्ता में इसका ऐलान किया। मान ने कहा कि इस योजना के जरिए 40 लाख परिवारों को फूड किट दी जाएगी। उन्होंने कहा कि स्कीम के तहत तीन माह का राशन एक साथ दिया जाएगा। फूड किट में 2 किलो प्रति माह-छोले की दाल, 2 किलो चीनी, एक किलो नमक, 200 ग्राम हल्दी पाउडर और एक लीटर सरसों का तेल होगा।
सीएम ने स्पष्ट किया कि इस स्कीम के साथ-साथ पुरानी गेहूं वितरण की योजना भी जारी रहेगी। नीले कार्ड धारकों को इसका फायदा होगा। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं में सुधार कर रही है। अब तक लाभार्थियों को गेहूं उपलब्ध कराया जाता था, लेकिन नई व्यवस्था के तहत गेहूं के साथ अन्य जरूरी खाद्य सामग्री भी दी जाएगी। मेरी रसोई योजना की शुरुआत अप्रैल महीने से होगी।
बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए जरूरी कदम
भगवंत मान ने कहा, "हम चुनावी घोषणाओं के अलावा भी काम करते हैं। ये नहीं है कि जो चुनावी घोषणाओं में कहा या लिखा, सिर्फ वही किया जाये। हम लोगों के कल्याण और भले के लिए हर जरूरी कदम उठा रहे हैं। हमारी सरकार का संकल्प है कि पंजाब में हर घर में दोनों समय का चूल्हा जले और उस पर जो पके वो कुछ अच्छा पके।" सीएम भगवंत मान ने कहा कि सरकार तीन महीने का सामान पहले ही दे देगी ताकि लोगों को परेशानी ना हो।
एक स्टडी के अनुसार, राज्य के बच्चों में जरूरी पोषक तत्वों की कमी देखने को मिली, जिसके बाद इस योजना पर विचार किया गया। प्रशासनिक स्तर पर योजना को लागू करने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। गुणवत्ता का खास ध्यान रखा जाएगा। मार्कफेड डिस्ट्रिब्यूशन के लिए किट तैयार करेगी और पूरी तरह से इसकी क्वालिटी जांच भी होगी।
रिपोर्ट: मोनी देवी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन