दिल्ली में दो दिन राहत फिर बारिश की आफत, 40 की स्पीड से चलेंगी हवाएं; येलो अलर्ट
Delhi Weather: दिल्ली में मौसम फिर खराब होगा। मौसम विभाग की मानें तो 30 जनवरी से एक और पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देगा जिससे दिल्ली और आसपास के इलाकों में गरज चमक के साथ बारिश होगी। दिल्ली में कब-कब होगी बारिश? इस रिपोर्ट में जानें…

दिल्ली में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मंगलवार को कई स्थानों पर बारिश हुई। कुछ जगहों से ओले गिरने की भी खबरें आईं। बारिश और ओला गिरने के बाद गलन बढ़ने से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सफदरजंग में बुधवार को अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विभाग ने 30 जनवरी की रात से एक और पश्चिमी विक्षोभ के पहाड़ों पर दस्तक देने की संभावना जताई है। इस पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली के साथ ही एनसीआर में भी मौसम बदल जाएगा।
कल चलेंगी सर्द हवाएं
मौसम विभाग ने 29 जनवरी यानी गुरुवार को दिल्ली के साथ ही एनसीआर में सुबह के वक्त हल्का से मध्यम कोहरा छाने की संभावना जताई है। दिन में आंशिक रूप से बादल नजर आ सकते हैं। दिल्ली में गुरुवार को सर्द हवाएं भी चलेंगी। हवा की स्पीड 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा देखी जा सकती है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान के 6 से 8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है।
दस्तक देगा पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग ने 30 जनवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ के दस्तक देने की चेतावनी दी है। इस पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली एनसीआर में बादल नजर आने का अनुमान जताया है। इस दिन दिल्ली में 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से सर्द हवाएं चलने की संभावना जताई है। 30 जनवरी को दिल्ली में सुबह के वक्त हल्का से मध्यम कोहरा छाने का अनुमान है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान के 7 से 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है।
31 जनवरी को बारिश, चलेंगी तेज हवाएं
मौसम विभाग ने 31 जनवरी को दिल्ली में बादल छाने की संभावना जताई है। दिल्ली के साथ ही एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में रात के वक्त गरज चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। रात को बारिश के दौरान तेज हवाएं चलेंगी। हवा की स्पीड 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक देखी जा सकती है। इस दिन दिल्ली में न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है।

1 फरवरी को बारिश का येलो अलर्ट, तेज हवाएं
मौसम विभाग ने दिल्ली एनसीआर में पहली फरवरी को भी मौसम खराब रहने का अनुमान जारी किया है। दिल्ली एनसीआर में पहली फरवरी को भी बादल छाए रहेंगे। इस दिन गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। हवा की स्पीड 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक देखी जा सकती है। इस दिन दिल्ली में अधिकतम तापमान के 17 से 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किए जाने का अनुमान है।

तीन फरवरी तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग की मानें तो इसके बाद भी दिल्ली में न्यूनतम तापमान में कमी नहीं देखी जाएगी। मौसम विभाग ने पहली फरवरी को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री, दो को 12 से 14 डिग्री और तीन फरवरी को इसके 11 से 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने पहली और दो फरवरी को दिल्ली में अधिकतम तापमान के 17 से 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है। दो और तीन फरवरी को सुबह के वक्त हल्का से मध्यम कोहरा छाने का अनुमान जताया है।




साइन इन