दिल्ली-NCR में 4 दिन मौसम के तीखे तेवर; चलेंगी तेज हवाएं, बारिश का भी अलर्ट
Delhi Mausam Ki Jankari: दिल्ली-NCR में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश से तापमान में हल्की गिरावट आने की उम्मीद है।

Delhi Weather: दिल्ली-NCR में 4 दिन मौसम की उठापटक देखी जाएगी। मौसम विभाग ने तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है। इससे दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं चलने का अनुमान है। तापमान की बात करें तो बारिश के बाद इसमें हल्की गिरावट आने की उम्मीद है।
26 मार्च को बारिश के साथ तेज हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार, 26 मार्च यानी गुरुवार को दिल्ली के साथ ही एनसीआर में मौसम बदल जाएगा। इस दिन बादल छाए रहेंगे। इस दिन दोपहर से शाम के बीच गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से तेज हवाएं चलेंगी। हवाओं की गति बढ़कर 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
27 और 29 मार्च को मौसम के तेवर रहेंगे तीखे
इसके अगले दिन यानी 27 मार्च को भी बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग ने 27 मार्च यानी शुक्रवार को सुबह से दोपहर के बीच गरज चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। 28 मार्च को मौसम थोड़ा शांत रहेगा लेकिन 29 मार्च को एक बार फिर मौसम के तेवर तीखे हो जाएंगे। 29 मार्च यानी रविवार को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग ने इस दिन गरज चमक के साथ हल्की बारिश की भी संभावना जताई है।
30 मार्च को भी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, 30 मार्च को भी दिल्ली के साथ ही एनसीआर में बादल छाए रहेंगे। इस दिन गरज चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद 31 मार्च को बारिश नहीं होगी। कुल मिलाकर इस हफ्ते यानी 31 मार्च तक कुल चार दिन मौसम के तीखे तेवर से लोग रूबरू होंगे।मौसम विभाग का कहना है कि यह बदलाच दो पश्चिमी विक्षोभों के कारण नजर आएगा। इन वेदर सिस्टम से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में 31 मार्च तक मौसम में उलटफेर देखा जाएगा।
कितना रहा न्यूनतम तापमान और एक्यूआई?
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में बुधवार को सुबह के वक्त न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम है। पालम में 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक जबकि लोधी रोड पर 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.7 डिग्री ज्यादा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में AQI 185 अंक रिकॉर्ड किया गया। इसे मध्यम श्रेणी में शामिल माना जाता है।




साइन इन