दिल्ली के 30 से ज्यादा प्रमुख इलाकों में अगले कई दिन रहेगा जलसंकट, देख लीजिए प्रभावित एरिया की लिस्ट
जल बोर्ड ने बताया कि जब तक स्थिति में सुधार नहीं हो जाता, तब तक ऐसे इलाकों के लोगों को पानी की सप्लाई कम प्रेशर पर ही उपलब्ध रहेगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार इन दोनों वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से शहर के 31 से ज्यादा इलाकों में पानी की सप्लाई की जाती है।

दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों में रहने वाले लोगों को अगले कुछ दिन पानी की कमी का सामना करना पड़ेगा। इस बात की जानकारी दिल्ली जल बोर्ड की तरफ सो शुक्रवार को दी गई। इसकी वजह बताते हुए बोर्ड ने कहा कि वजीराबाद तालाब में आने वाले यमुना नदी के पानी में भारा मात्रा में अमोनिया जैसे जहरीले प्रदूषक आ रहे हैं, जो कि एक तय मात्रा से भी बहुत ज्यादा संख्या (NH3 2.8 ppm से ज्यादा) में हैं। इसकी वजह से वजीराबाद और चंद्रावल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में पानी का उत्पादन लगभग 40 से 50 प्रतिशत तक प्रभावित हुआ है और ऐसे में इन WTP से जिन इलाकों में पानी की आपूर्ति की जाती है, वहां के लोगों को स्थिति में सुधार होने तक पानी की कमी का सामना करना पड़ेगा।
जल बोर्ड ने बताया कि जब तक स्थिति में सुधार नहीं हो जाता, तब तक ऐसे इलाकों के लोगों को पानी की सप्लाई कम प्रेशर पर ही उपलब्ध रहेगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार इन दोनों वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से शहर के 31 से ज्यादा इलाकों में पानी की सप्लाई की जाती है। ऐसे में उस सभी इलाकों में रहने वाले लोगों को पानी की कमी का सामना करना पड़ेगा। हालांकि जल बोर्ड ने यह नहीं बताया कि स्थिति को सुधरने में कितना समय लग सकता है, उसने सिर्फ इतना ही बताया है कि जब तक हालात सुधर नहीं जाते, तब तक दोनों प्लांट से पानी का उत्पादन प्रभावित रहेगा और लोगों को कम दबाव से पानी मिलता रहेगा।
शहर के इन 31+ इलाकों में प्रभावित रहेगी जल आपूर्ति
(1) मजनू का टीला, (2) ISBT, (3) GPO, (4) NDMC एरिया, (5) ITO, (6) हंस भवन, (7) LNJP हॉस्पिटल, (8) डिफेंस कॉलोनी, (9) CGO कॉम्प्लेक्स, (10) राजघाट, (11) WHO, (12) IP इमरजेंसी, (13) रामलीला मैदान, (14) दिल्ली गेट, (15) सुभाष पार्क, (16) गुलाबी बाग, (17) तिमारपुर, (18) SFS फ्लैट्स, (19) पंजाबी बाग, (20) आजादपुर, (21) शालीमार बाग, (22) वजीरपुर, (23) लॉरेंस रोड, (24) मॉडल टाउन, (25) जहांगीरपुरी, (26) मूलचंद, (27) साउथ एक्सटेंशन, (28) ग्रेटर कैलाश, (29) बुराड़ी और आसपास के इलाके, (30) कैंटोनमेंट एरिया के कुछ हिस्से, (31) साउथ दिल्ली और दूसरे इलाके।
शुक्रवार को जगपुरी BPS पंप से जल आपूर्ति वाले इलाके रहे प्रभावित
इससे पहले जल बोर्ड ने शुक्रवार को जगतपुरी BPS में एक बड़ी तकनीकी खराबी के कारण, पंप हाउस के पूरी तरह से बंद होने की जानकारी दी थी और बताया था कि इसकी वजह से 08.05.2026 शुक्रवार को दिल्ली के कई इलाकों में सुबह और शाम, दोनों समय की पानी की आपूर्ति प्रभावित रहेगी। जलबोर्ड ने इसकी वजह से होने वाली असुविधा के लिए खेद भी जताया था साथ ही प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों को सलाह दी थी कि वे पहले से ही पर्याप्त मात्रा में पानी जमा करके रख लें।
पानी से जुड़ी किसी भी आपात स्थिति के लिए जलबोर्ड ने जल आपातकालीन नंबर और दिल्ली जल बोर्ड के हेल्पलाइन नंबर 1916 पर संपर्क करने के लिए कहा है।




साइन इन