बैंकॉक से दिल्ली आए विमान में लावारिस रखे हुए थे ट्रॉली बैग, अंदर मिला करोड़ों का नशा
विमान के अंदर संदिग्ध तरीके से छोड़े गए ये ट्रॉली बैग एयरलाइन कर्मचारियों ने टर्मिनल-3 के अराइवल हॉल में कस्टम अधिकारियों को सौंप दिए। इसके बाद इन बैगों की ग्रीन चैनल पर X-रे स्क्रीनिंग की गई, जहां कुछ संदिग्ध तस्वीरें दिखाई दीं।

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (IGI) पर कस्टम विभाग के अधिकारियों ने हाल ही में लगातार दो दिन दो बड़ी कार्रवाईयों को अंजाम देते हुए भारी मात्रा में करोड़ों रुपए का नशीला पदार्थ बरामद किया और तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया। इनमें से पहली कार्रवाई को 20 अप्रैल तो वहीं दूसरी कार्रवाई को 21 अप्रैल को अंजाम दिया गया। इस दौरान अधिकारियों ने लगभग साढ़े 27 करोड़ रुपए का 27.5 किलोग्राम संदिग्ध पदार्थ बरामद किया।
पहली कार्रवाई के दौरान नशीला पदार्थ, बैंकॉक से दिल्ली आए विमान (TG-331) के अंदर लावारिस हालत में छोड़े गए ट्रॉली बैग्स से बरामद हुआ। संदिग्ध नशीले पदार्थ की पहचान गांजा के रूप में हुई है और इंटरनेशनल मार्केट में उसकी कीमत करीब 18.57 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
विमान के अंदर लावारिस हादल में मिले ट्रॉली बैग
इस बारे गुरुवार को जारी एक आधिकारिक बयान में विभाग ने बताया कि IGI हवाई अड्डे पर कस्टम अधिकारियों ने एक विमान के अंदर लावारिस हालत में मिले ट्रॉली बैग से 18.57 करोड़ रुपए की संदिग्ध मारिजुआना बरामद की है। बयान में अधिकारियों ने बताया कि 20 अप्रैल को बैंकॉक से आई एक उड़ान की सुरक्षा जांच के दौरान कुछ लावारिस ट्रॉली बैग बरामद हुए।
विमान कर्मचारियों ने कस्टम को सौंपे लावारिस बैग
बयान में आगे बताया गया, 'विमान के अंदर संदिग्ध तरीके से छोड़े गए ये ट्रॉली बैग एयरलाइन कर्मचारियों ने टर्मिनल-3 के अराइवल हॉल में कस्टम अधिकारियों को सौंप दिए। इसके बाद इन बैगों की ग्रीन चैनल पर X-रे स्क्रीनिंग की गई, जहां कुछ संदिग्ध तस्वीरें दिखाई दीं।'
बैगों के अंदर रखे थे काले रंग की पॉलिथिन वाले 19 पाउच
इसमें आगे बताया गया है कि विस्तृत जांच करने पर, बैगों के अंदर कुल 19 काले रंग की पॉलिथिन के पारदर्शी पाउच छिपाकर रखे हुए मिले, जिनमें संदिग्ध मारिजुआना (गांजा) भरा हुआ था। कस्टम विभाग के अनुसार, बरामद पैकेटों का कुल वजन लगभग 20.5 किलोग्राम है, और पैकिंग सामग्री का भार हटाने के बाद इस प्रतिबंधित सामग्री का शुद्ध वजन 18.57 किलोग्राम पाया गया। हालांकि अधिकारियों ने यह नहीं बताया कि लावारिस हालत में कितने ट्रॉली बैग मिले थे।
करीब 18.57 करोड़ रुपए का है जब्त गांजा
बयान में कहा गया की शुरुआती जांच में यह पदार्थ गांजा/मारिजुआना पाया गया। जब्त की गई इस प्रतिबंधित सामग्री का अनुमानित मूल्य लगभग 18.57 करोड़ रुपए है। इसमें आगे कहा गया है कि इस प्रतिबंधित सामग्री को, पैकेजिंग सामग्री के साथ, नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस (NDPS) एक्ट, 1985 के संबंधित प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया है।
21 अप्रैल को चार यात्रियों से बरामद हुईं 9 पॉलिथिन
इससे दो दिन पहले यानी मंगलवार को कस्टम अधिकारियों ने चार भारतीय यात्रियों के खिलाफ गांजा तस्करी का एक मामला दर्ज किया था। ये यात्री 21 अप्रैल को फ्लाइट नंबर AI-2333 से बैंकॉक से दिल्ली पहुंचे थे। यहां पहुंचने के बाद प्रोफाइलिंग के आधार पर जब उन्हें ग्रीन चैनल पर रोका गया और जब उनके सामान की X-ray तथा विस्तृत जांच की गई, तो तीन अलग-अलग ट्रॉली बैगों से कुल 9 पॉलिथिन के पैकेट बरामद हुए, जिनमें हरे रंग का नशीला पदार्थ भरा हुआ था।
मंगलवार को बरामद हुए 8.9 करोड़ रुपए का गांजा
शुरुआती जांच में जिसके गांजा की पुष्टि होने के बाद उन चारों यात्रियों को हिरासत में ले लिया गया। इस दौरान उनसे जब्त किए गए पदार्थ का कुल शुद्ध वजन 8925 ग्राम निकला, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 8.925 करोड़ रुपए है। आरोपी यात्रियों के खिलाफ NDPS अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के उल्लंघन का मामला दर्ज करते हुए एक दिन बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।




साइन इन