नमो भारत और दिल्ली मेट्रो के बीच सिर्फ एक बार चेकिंग, न्यू अशोक नगर में ट्रायल शुरू; कई फायदे होंगे
न्यू अशोक नगर में नमो भारत और दिल्ली मेट्रो के बीच इंटरचेंज करने वाले यात्रियों के लिए बहुत अच्छी खबर है। दोनों नेटवर्क के बीच यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए सिंगल-पॉइंट सिक्योरिटी चेकिंग की शुरुआत की गई है। यह पहल दोनों नेटवर्क के बीच यात्रा को सुविधाजनक बनाएगी।

न्यू अशोक नगर में नमो भारत और दिल्ली मेट्रो के बीच इंटरचेंज करने वाले यात्रियों के लिए बहुत अच्छी खबर है। दोनों नेटवर्क के बीच यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए सिंगल-पॉइंट सिक्योरिटी चेकिंग की शुरुआत की गई है। यह पहल दोनों नेटवर्क के बीच यात्रा को अधिक सुगम, समय बचाने वाली और निर्बाध बनाएगी।
सिंगल-पॉइंट सिक्योरिटी चेकिंग सुविधा की शुरुआत के बाद अब न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन और दिल्ली मेट्रो के ब्लू लाइन के न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन के बीच इंटरचेंज करने वाले यात्रियों को केवल एक बार ही सिक्योरिटी स्क्रीनिंग से गुजरना होगा। दिल्ली मेट्रो के यात्री जो नमो भारत के माध्यम से मेरठ की ओर यात्रा करना चाहते हैं, उन्हें इंटरचेंज के दौरान दोबारा सुरक्षा जांच से नहीं गुजरना पड़ेगा। इसी प्रकार, नमो भारत के यात्रियों को नोएडा की ओर मेट्रो में यात्रा करने के लिए मेट्रो स्टेशन पर पुनः सिक्योरिटी चेक की जरूरत नहीं होगी।
लंबी कतारों और अनावश्यक देरी से राहत
इस सुविधा को दोनों स्टेशनों को जोड़ने वाले इंटरचेंज फुट ओवर ब्रिज (FOB) और मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-2 पर एक नए सिक्योरिटी चेकपॉइंट की स्थापना कर संभव बनाया गया है। यह व्यवस्था दैनिक यात्रियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगी, क्योंकि इससे पीक आवर्स में लगने वाली लंबी कतारों और अनावश्यक देरी से राहत मिलेगी।
यात्रा के अनुभव को और बेहतर बनाएगी
कई बार होने वाली सिक्योरिटी जांच के कारण यात्रा में अतिरिक्त समय लगता है और यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। सिंगल- पॉइंट सिक्योरिटी चेकिंग इस समस्या का समाधान करते हुए यात्रा के समय को कम करेगी और इंटरचेंज को निर्बाध बनाएगी। गति और समयबद्धता नमो भारत की प्रमुख विशेषताओं में से एक है, जो दिल्ली-मेरठ की यात्रा को एक घंटे से भी कम समय में संभव बनाता है। यह पहल इस अनुभव को और बेहतर बनाएगी।
गाजियाबाद नमो भारत स्टेशन पर भी FOB की शुरुआत
यह पहल शहरी परिवहन प्रणालियों के आधुनिक बनती व्यवस्था को दर्शाता है, जिसमें यात्रियों की जरूरतों को केंद्र में रखकर योजनाएं बनाई जा रही हैं। इसी क्रम में, गाजियाबाद नमो भारत स्टेशन पर भी एक फुट ओवर ब्रिज की शुरुआत की गई है, जो दिल्ली मेट्रो के शहीद स्थल न्यू बस अड्डा स्टेशन से सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करता है।
लगभग 300 मीटर लंबा और 6.5 मीटर चौड़ा यह एफओबी नमो भारत स्टेशन के निचले PD लेवल को मेट्रो स्टेशन के कॉनकोर्स लेवल से जोड़ता है। इससे यात्रियों की आवाजाही सुरक्षित, आसान और समय-बचाने वाली बन गई है। भविष्य में इस एफओबी पर ट्रैवललेटर लगाने की भी योजना है, जिससे यात्रियों को और अधिक सुविधा मिलेगी।
इंटीग्रेटेड QR टिकटिंग व्यवस्था पहले ही लागू
यह पहल एनसीआरटीसी की उस समग्र दूरगामी रणनीति का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य यात्रियों के लिए पूरी यात्रा को सरल, सुगम और निर्बाध बनाना है। इसी क्रम में, दिल्ली मेट्रो के साथ इंटीग्रेटेड QR टिकटिंग व्यवस्था पहले ही लागू की जा चुकी है, जिससे यात्री दोनों में से किसी भी परिवहन माध्यम के मोबाइल एप्लिकेशन के द्वारा दोनों के टिकट बुक सकते हैं। इससे बार-बार कतारों में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ती।
यात्री-केंद्रित मोबिलिटी की दिशा में अहम कदम
ये सभी प्रयास नमो भारत परियोजना के मल्टी-मॉडल इंटीग्रेशन विशेषता को मजबूती प्रदान करते हैं। ऐसी पहलें न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ाती हैं, बल्कि लोगों को सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को प्रोत्साहित करने और निजी वाहनों पर निर्भरता कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। जैसे-जैसे शहरी परिवहन नेटवर्क का विस्तार हो रहा है, इस तरह का एकीकृत, यात्री-केंद्रित और भविष्य की तेज, सरल और भरोसेमंद मोबिलिटी सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम कदम है।




साइन इन