फरीदाबाद में पुलिस टीम से मारपीट करने व वर्दी फाड़ने के आरोप में 3 फौजी गिरफ्तार, छुट्टी पर आए हुए थे घर
पुलिस के अनुसार आरोपियों और पड़ोसी राजपाल के परिवार के बीच पुरानी कहासुनी चली आ रही थी। 18 फरवरी को पड़ोसी के लड़के की शादी थी और अधिकांश लोग बारात में गए हुए थे, जबकि घर पर केवल महिलाएं मौजूद थीं।

हरियाणा के फरीदाबाद के भूपानी गांव में पुलिस पार्टी पर हमला कर उनसे मारपीट करने व उनकी वर्दी फाड़ने समेत सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में भूपानी थाना की टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहताश उर्फ तोता, रोहित उर्फ भोला और आकाश उर्फ लीलू के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपी फौज में सिपाही हैं और छुट्टी पर गांव आए हुए थे। इनमें से रोहताश उर्फ तोता और रोहित उर्फ भोला सगे भाई हैं, जबकि आकाश उर्फ लीलू उनके चाचा का बेटा है।
घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 18 फरवरी की रात एक महिला ने भूपानी थाने पहुंचकर अपने पड़ोसियों के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि उसका पूरा परिवार एक शादी में गया हुआ है। इसी दौरान उसके पति राजपाल से पुरानी रंजिश रखने वाले उसके पड़ोसी ने कई लोगों के साथ घर पर हमला कर दिया। महिला के मुताबिक इसी रंजिश के चलते रोहताश, आकाश, रोहित, ओमवती, महावीरी व अन्य लोग लाठी-डंडों व फरसे के साथ उनके घर पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी।
शिकायत मिलते ही थाना भूपानी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा पूछताछ की कार्रवाई के दौरान आरोपी पक्ष के घर से कुछ पुरुष व महिलाएं लाठी-डंडों के साथ बाहर आए और पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया। जिसकी वजह से ना केवल पुलिस कर्मचारियों को चोटें आईं, बल्कि सरकारी कार्य में भी बाधा उत्पन्न की गई। इस दौरान हमलावरों ने सब इंस्पेक्टर देशराज, हवलदार पकंज व एसपीओ नरेंद्र की वर्दी भी फाड़ दी। घटना के बाद उप निरीक्षक देशराज की शिकायत पर इस घटना को लेकर आरोपियों के खिलाफ थाना भूपानी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
जिसके बाद थाना भूपानी की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रोहताश, आकाश और रोहित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों और पड़ोसी राजपाल के परिवार के बीच पुरानी कहासुनी चली आ रही थी। 18 फरवरी को वारदात वाली रात पड़ोसी के लड़के की शादी थी और अधिकांश लोग बारात में गए हुए थे, जबकि घर पर केवल महिलाएं मौजूद थीं। इसी दौरान विवाद हुआ और बाद में पुलिस टीम पर भी हमला कर दिया गया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।




साइन इन