थार बोर्ड में जा घुसी? दिल्ली-गुरुग्राम का बता वायरल हुए वीडियो का सच क्या
10 सेकेंड का एक वीडियो है। इसमें सड़क पर गाड़ियां चलती दिख रही हैं और एक थार साइनबोर्ड के अंदर घुसकर लटकी हुई दिख रही है। ऐसा प्रतीत होता है कि इस दृश्य को सड़क पर चल रही कार से रिकॉर्ड किया गया है। फैक्ट चेक में यह वीडियो एआई से तैयार किया गया मिला।

सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिनों से एक वीडियो बहुत तेजी से वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि एनएच-48 पर गुरुग्राम में एक तेज रफ्तार थार के साथ ऐसा हादसा हुआ कि गाड़ी उड़कर सड़क पर लगे साईन बोर्ड में जा घुसी। लोग इसे सच मानकर खूब वायरल कर रहे हैं। हालांकि, लाइव हिन्दुस्तान की पड़ताल में सच कुछ और ही निकला।
क्या दिख रहा है वीडियो में
10 सेकेंड का एक वीडियो है। इसमें सड़क पर गाड़ियां चलती दिख रही हैं और एक थार साइनबोर्ड के अंदर घुसकर लटकी हुई दिख रही है। ऐसा प्रतीत होता है कि इस दृश्य को सड़क पर चल रही कार से रिकॉर्ड किया गया है। साइन बोर्ड पर दिल्ली, गुरुग्राम, जयपुर, एक्जिट 22 KM और NH 48 लिखा हुआ दिख रहा है।
क्या किया जा रहा है दावा
इस वीडियो को शेयर करते हुए लोग एनएच 48 पर हादसे का दावा कर रहे हैं। कई सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि थार की रफ्तार इतनी तेज थी कि यह उड़कर साइनबोर्ड में जा घुसी। एक यूजर ने लिखा, 'सड़क पर रफ्तार, हवा में थार: साइनबोर्ड चीरते हुए बीच में जा फंसी गाड़ी! दिल्ली गुड़गांव: एक तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे एक विशाल साइनबोर्ड से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी उछलकर बोर्ड के बीचों-बीच जा फंसी, जिसे देख आसपास के लोग दंग रह गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, ड्राइवर को मामूली चोटें आई हैं, लेकिन गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। संभल कर चलिए अपनी गाड़ी को 'विमान' न समझें, जिंदगी साइनबोर्ड की तरह दोबारा नहीं लिखी जा सकती।'
कैसे हमें वीडियो पर शक हुआ और कैसे फर्जी निकला वीडियो
लाइव हिन्दुस्तान की पड़ताल में यह वीडियो फर्जी निकला, जिसे एआई से तैयार किया गया है। पहली नजर में यह वीडियो देखकर इसलिए भी शक होना चाहिए कि ऐसे किसी हादसे के बाद क्या वहां ट्रैफिक सामान्य तरीके से चल सकता है। ऊपर गाड़ी इस हालत में लटकी हो कि कभी भी गिर सकती है और नीचे ट्रैफिक सामान्य गति से चल सकता है? इसके अलावा वीडियो को फ्रेम बाई फ्रेम देखने से पता चलता है कि साईनबोर्ड पर दूसरी तरफ कुछ ऐसे अक्षर लिखे हैं जिनसे कोई शब्द नहीं बनता। इसके अलावा गाड़ीऔर साइबोर्ड के नीचे कई टुकड़े हवा मे लटके दिख रहे हैं, जो गिर नहीं रहे हैं।
एआई टूल ने बताया फर्जी है वीडियो
हमने एआई और डीफेक वीडियो की पड़ताल करने वाले एआई टूल hivemoderation का इस्तेमाल करके वीडियो की सच्चाई की जांच की। फ्रेम बाई फ्रेम जांच के बाद इसमें आया कि 99.9 फीसदी यह वीडियो एआई से जनरेट किया गया है।

जितने भी लोगों ने इस वीडियो को शेयर किया है उनमें एक इंस्टाग्राम आईडी Viiztrix का वॉटर मार्क दिख रहा है। हम जब उस इंस्टाग्राम आईडी पर पहुंचे तो वहां एआई से तैयार किए गए ऐसे कई वीडियो मिले। इस आईडी को चलाने वाले विष्णु एस ने बायो में साफ लिखा है कि ये एआई विजुअल्स हैं। साईनबोर्ड में घुसी गाड़ी वाला वीडियो वायरल होन के बाद उन्होंने एक और ऐसा ही वीडियो बनाकर पोस्ट किया है। इसमें साइनबोर्ड में एक दूसरी गाड़ी लटकी हुई दिख रही है।




साइन इन