Fact Check Truth Behind Viral Video of Women Shaving Heads Amid Ankita Bhandari Murder Case Fact Check: अंकिता भंडारी केस में बवाल के बीच महिलाओं का मुंडन, वायरल वीडियो की सच्चाई जानें, Uttarakhand Hindi News - Hindustan
More

Fact Check: अंकिता भंडारी केस में बवाल के बीच महिलाओं का मुंडन, वायरल वीडियो की सच्चाई जानें

Ankita Bhandari Case Viral Video: अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिलाएं मुंडन करा रही हैं। वीडियो की सच्चाई जानें

Wed, 7 Jan 2026 10:58 AMGaurav Kala लाइव हिन्दुस्तान, देहरादून
share
Fact Check: अंकिता भंडारी केस में बवाल के बीच महिलाओं का मुंडन, वायरल वीडियो की सच्चाई जानें

Ankita Bhandari Case Viral Video: अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर वायरल हो रहे ऑडियो-वीडियो प्रकरण पर उत्तराखंड से पूरे देश में बवाल बढ़ रहा है। लोग सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। इस बीच सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इस मुद्दे पर पहली बार खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि वायरल ऑडियो की सच्चाई के लिए एसआईटी गठित की है, जिसके पास भी सबूत हैं वो आएं और जमा कराएं। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अंकिता केस को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि महिलाएं मुंडन करा रही हैं और अंकिता को इंसाफ देने के लिए नारेबाजी कर रही हैं। इस वीडियो के पीछे की सच्चाई क्या है? चलिए जानते हैं।

अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर जमीन से लेकर सोशल मीडिया पर अभियान तेजी से चल रहा है। इस केस में कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो महिलाओं के मुंडन से जुड़ा है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि अंकिता केस में इंसाफ के लिए महिलाएं विरोध में मुंडन करा रही हैं। मुंडन करा रही महिलाओं में कई कांग्रेसी कार्यकर्ता बताई जा रही हैं।

वीडियो की सच्चाई क्या है?

फैक्ट चेक में यह वीडियो अंकिता हत्याकांड से ही जुड़ा हुआ है, लेकिन महिलाओं के मुंडन की यह घटना हाल ही में नहीं घटी। वीडियो सितंबर 2023 का है। 21 सितंबर 2023 को पीटीआई में छपी खबर के अनुसार, देहरादून में कांग्रेस महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला और पार्टी की एक अन्य महिला कार्यकर्ता ने अपने सिर मुंडवाए थे। यह कदम उन्होंने मुख्यमंत्री आवास की ओर निकाले गए मार्च के दौरान उठाया।

यह प्रदर्शन अंकिता भंडारी को न्याय न मिलने के आरोपों के विरोध में किया गया था। मार्च का नेतृत्व कर रहीं ज्योति रौतेला और अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हाथीबड़कला चौक पर भारी बैरिकेडिंग के बीच रोक लिया था और उन्हें मुख्यमंत्री आवास की ओर आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी गई। जिसके बाद विरोध में महिलाएं सड़क पर ही बैठ गईं और विरोध में मुंडन कराया।

अंकिता से जुड़ी हर जांच को तैयारः धामी

अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी की भूमिका की जांच को लेकर बने गतिरोध पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकार का स्टैंड साफ कर दिया। सचिवालय में हुई प्रेस कांफ्रेंस में मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि सरकार इस मामले में हर जांच को तैयार है। बकौल धामी-इस विषय पर दिवंगत बेटी अंकिता के माता-पिता से मैं खुद बात करूंगा। वो जिस भी कार्रवाई और जांच के लिए कहेंगे, सरकार वही जांच कराएगी। इस मामले में हर निर्णय उन्हीं की भावनाओं के अनुसार होगा।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।