delhi erupts in celebration after india t20 world cup win हाथों में तिरंगा और ढोल; टी-20 वर्ल्डकप में भारत की जीत पर जश्न में डूबी दिल्ली- VIDEO, Ncr Hindi News - Hindustan
More

हाथों में तिरंगा और ढोल; टी-20 वर्ल्डकप में भारत की जीत पर जश्न में डूबी दिल्ली- VIDEO

टी-20 विश्वकप के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस ऐतिहासिक जीत के बाद दिल्ली समेत पूरे देश में जश्न का माहौल रहा। फैंस नीली जर्सी पहनकर सड़कों पर ढोल-नगाड़ों के साथ झूमते दिखे। 

Mon, 9 March 2026 12:14 AMKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, निखिल पाठक, नई दिल्ली
share
हाथों में तिरंगा और ढोल; टी-20 वर्ल्डकप में भारत की जीत पर जश्न में डूबी दिल्ली- VIDEO

इंडिया…इंडिया…इंडिया… के नारों से रविवार रात पूरी दिल्ली गूंज उठी। टी-20 विश्वकप के फाइनल में भारत की शानदार जीत ने राष्ट्रीय राजधानी को जश्न के रंग में रंग दिया। जैसे ही भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से पराजित कर खिताब अपने नाम किया, वैसे ही दिल्ली की सड़कों, बाजारों और सोसाइटियों में क्रिकेट प्रेमियों का सैलाब उमड़ पड़ा। हाथों में तिरंगा लिए लोग ढोल की थाप पर झूमते नजर आए, कई जगह आतिशबाजी हुई और लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी साझा की।

चेहरों पर गर्व और खुशी

न्यूजीलैंड टीम की अंतिम विकेट गिरते ही दिल्ली समेत पूरे देश में जश्न का माहौल बन गया। सड़कों पर उमड़े क्रिकेट प्रेमियों के चेहरों पर गर्व और खुशी साफ झलक रही थी। भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक जीत ने हर देशवासी को गर्व करने का एक और अवसर दे दिया। इससे पहले भारत ने वर्ष 2024 में टी-20 विश्वकप का खिताब अपने नाम किया था।

क्रिकेट फैंस ने पहनी नीली जर्सी और चेहरे पर बनाया तिरंगा

कई इलाकों में क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बड़ी संख्या में युवा और बच्चे भारतीय टीम की नीली जर्सी पहनकर मैच देखने पहुंचे थे। सोसाइटियों, पार्कों और बाजारों में लोग टीम इंडिया की टी-शर्ट और चेहरे पर तिरंगे के रंग लगाए नजर आए। कई जगह युवाओं ने ढोल और डीजे की व्यवस्था भी की थी, जहां चौके-छक्कों पर लोग झूम उठते थे।

चैंपियन इंडिया के नारे

मैच खत्म होते ही लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर जीत की बधाई दी और ‘चैंपियन इंडिया’ के नारे लगाते हुए खुशी का इजहार किया। यमुना विहार, कालकाजी, प्रीत विहार, गीता कॉलोनी, मौजपुर, पटपड़गंज, मयूर विहार, आनंद विहार, वसंत कुंज, सफदरजंग, आईपी एक्सटेंशन, रोहिणी और पीतमपुरा समेत कई इलाकों में सड़कों से लेकर सोसाइटियों तक बड़ी स्क्रीन लगाकर मैच देखने की व्यवस्था की गई थी।

भारत माता की जय और वंदे मातरम से गूंजा आसमान

जैसे-जैसे मुकाबला रोमांचक होता गया, दर्शकों का उत्साह भी बढ़ता गया। भारतीय बल्लेबाजों के हर चौके और छक्के पर लोग कुर्सियों से खड़े होकर तालियां बजाते और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाते नजर आए। वहीं, न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों के आउट होने पर भी लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। ओखला औद्योगिक क्षेत्र फेज तीन में क्रिकेट प्रेमियों ने पटाखे जलाकर भारत माता की जय, वंदे मातरम और टीम इंडिया जिंदाबाद के नारों के साथ भारतीय क्रिकेट टीम की शानदार जीत का स्वागत किया।

होटलों-रेस्तरां में भी दिखा फाइनल का रोमांच

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए टी-20 विश्वकप फाइनल का रोमांच रविवार को दिल्ली के होटलों, रेस्तरां और बार में भी साफ नजर आया। शहर के कई प्रमुख इलाकों में क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी स्क्रीन लगाकर मैच की लाइव स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई थी। शाम होते-होते कनॉट प्लेस, खान मार्केट, एयरोसिटी, साकेत और हौजखास समेत कई क्षेत्रों के रेस्तरां और बार क्रिकेट प्रशंसकों से भर गए।

होटलों और रेस्तरां में क्रिकेट थीम पर सजावट

लोग अपने दोस्तों और परिवार के साथ खाने-पीने का आनंद लेते हुए मैच का लुत्फ उठाते नजर आए। कई होटलों और रेस्तरां में क्रिकेट थीम पर सजावट भी की गई थी, ताकि माहौल स्टेडियम जैसा महसूस हो। भारत की जीत के बाद कनॉट प्लेस के इनर सर्किल और मिडिल सर्किल में भी लोग सड़कों पर निकल आए।

हाथों में तिरंगा लिए युवाओं ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाए। कुछ जगहों पर आतिशबाजी भी की गई। देर रात तक लोग जीत के जश्न में डूबे रहे और हर ओर सिर्फ भारत की जीत की खुशी ही दिखाई देती रही।

कीवियों को नहीं दिया खुलकर खेलने का मौका

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी-20 विश्वकप के फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। हालांकि भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाते हुए न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। संजू सैमसन, ईशान किशन और अभिषेक शर्मा ने शानदार अर्धशतक जड़ते हुए टीम के स्कोर को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

इन तीनों की तूफानी पारियों की बदौलत भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम को भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव में रखा। तेज गेंदबाजों और स्पिनरों ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए कीवी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। फील्डिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। महज आठ ओवर के भीतर न्यूजीलैंड के आधे बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे, जिसके बाद दर्शकों को भारत की जीत लगभग तय नजर आने लगी थी। भारत ने कीवियों की टीम को 19 ओवर में ही ऑलआउट कर खिताब अपने नाम कर लिया।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।