बकरीद पर सूर्या के कत्ल से हिन्दू संगठनों में उबाल; नवनीत नगर का बाजार बंद, हाईवे भी किया जाम
गाजियाबाद के खोड़ा में सूर्या चौहान की हत्या के विरोध में नवनीत विहार का बाजार आज भी बंद है।वहीं, दूसरी ओर सूर्या की हत्या से आक्रोशित कुछ हिंदू संगठनों के लोगों ने आज NH-9 पर जाम भी लगा दिया।

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में बकरीद के दिन हुई सूर्या चौहान की हत्या के विरोध में नवनीत विहार का बाजार आज भी बंद है। हालांकि कुछ गलियों के अंदर दुकानें खुली हैं। वहीं, दूसरी ओर सूर्या की हत्या से आक्रोशित कुछ हिंदू संगठनों के लोगों ने आज NH-9 पर जाम भी लगा दिया। हालांकि, पुलिस ने जल्द ही डंडे फटकार जाम लगा रहे लोगों को भगाया और हाईवे को खुलवा दिया। 17 वर्षीय सूर्या चौहान 11वीं क्लास में पढ़ता था।
सूर्या का परिवार और हिन्दू संगठन के लोग असद की तरह बाकी सभी 6 अन्य आरोपियों का एनकाउंटर करने और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग कर रहे हैं।
असद के अनकाउंटर के बाद सूर्या की मां सरोज ने मीडिया से बात करते हुए कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ और यहां तक कि मीडिया के लोगों को भी धन्यवाद देती हूं जिन्होंने हमारी आवाज उठाई और मेरे बच्चे को न्याय मिला। सरोज ने कहा कि सभी 6 आरोपियों के घरों पर बुलडोजर भी चलाया जाना चाहिए।
क्या बोले मंत्री और डिप्टी सीएम
कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने आज खोड़ा स्थित नवनीत विहार कॉलोनी में मृतक सूर्या प्रताप के परिजनों से मिलकर उन्हें आरोपियों पर कानून के अनुसार ठोस कार्रवाई और पीड़ित परिवार की मदद का आश्वासन दिया।
वहीं, खोड़ा कॉलोनी में एक किशोर की चाकू मारकर हत्या किए जाने की घटना पर उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा, "गाजियाबाद में जो घटना घटी है, उसे हमारी सरकार ने बहुत गंभीरता से लिया। पुलिस ने सूर्या के हत्यारों को घेर लिया और जवाबी कार्रवाई में मुख्य अभियुक्त मारा गया है। अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।
सूर्या का हत्या पुलिस मुठभेड़ में ढेर
खोड़ा के नवनीत विहार में बकरीद वाले दिन 17 वर्षीय छात्र सूर्या चौहान की हत्या करने वाले 50 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपी असद को आज तड़के गाजियाबाद पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान ढेर कर दिया। इस दौरान क्रॉस फायरिंग में गोली लगने से पुलिस का एक सिपाही भी घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
धवल जायसवाल ने बताया कि असद खोड़ा थाना क्षेत्र स्थित मदरसे वाली गली का रहने वाला था और सूर्या चौहान हत्याकांड के बाद से फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी तथा उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। सूचना के आधार पर खोडा थाना एवं इंदिरापुरम पुलिस की संयुक्त टीम ने संदिग्ध की घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी असद ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि असद सूर्या प्रताप चौहान की हत्या का मुख्य आरोपी था और उसके खिलाफ विभिन्न आपराधिक मामलों की भी जांच की जा रही थी। मुठभेड़ स्थल से अवैध हथियार एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस का कहना है कि घटना की जांच और मुठभेड़ से संबंधित सभी वैधानिक प्रक्रियाएं नियमानुसार पूरी की जा रही हैं। आरोपी के मारे जाने के बाद सूर्या प्रताप चौहान हत्याकांड में एक महत्वपूर्ण सफलता पुलिस को मिली है, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है।




साइन इन