दिल्ली पुलिस को मिली आतंकी शब्बीर अहमद लोन की रिमांड; होंगे बड़े खुलासे
Delhi News: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी शब्बीर अहमद लोन को गिरफ्तार कर 5 दिन की कस्टडी में लिया है। वह आतंकी नेटवर्क चला रहा था और अवैध प्रवासियों की भर्ती कर भारत में हमलों की साजिश रच रहा था।

लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी शब्बीर अहमद लोन को दिल्ली की एक अदालत ने 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गाजीपुर इलाके से शब्बीर अहमद लोन को गिरफ्तार किया था। अब दिल्ली पुलिस की जांच टीमें आतंकी शब्बीर अहमद लोन से पांच दिन तक पूछताछ कर सकेंगी। दिल्ली पुलिस की पूछताछ में बड़े खुलासे होने की संभावना है। लोन पर हाल ही में पकड़े गए एक बड़े टेरर मॉड्यूल को चलाने का आरोप है।
मांगी थी 5 दिन की रिमांड
दिल्ली पुलिस ने जुडिशियल मजिस्ट्रेट विजयश्री राठौर की अदालत से शब्बीर अहमद लोन को पांच दिन तक हिरासत में लेकर पूछताछ करने की मांग की थी। इस पर अदालत ने दिल्ली पुलिस की उस याचिका को मंजूर कर लिया। अब दिल्ली पुलिस की जांच टीमें शब्बीर अहमद लोन से सख्त पूछताछ कर सकेंगी। दिल्ली पुलिस की पूछताछ में कई बड़े खुलासे होने का अनुमान है।
ISI के हैंडलरों के संपर्क में था लोन
दिल्ली पुलिस ने शब्बीर अहमद लोन ‘कट्टर और बेहद प्रशिक्षित आतंकवादी’ बताते हुए कहा कि वह कथित तौर पर इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) की ओर से काम करने वाले हैंडलरों से संपर्क में था। आरोपी को 'राजा' और 'कश्मीरी' जैसे उपनामों से भी जाना जाता है। आरोपी जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर का रहने वाला है। शब्बीर अहमद लोन पर हाल ही में पकड़े गए एक मॉड्यूल के हैंडलर के तौर पर काम करने का आरोप है।
मॉड्यूल में बांग्लादेशी
इस आतंकी मॉड्यूल में कई बांग्लादेशी शामिल थे। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने शब्बीर अहमद लोन के पास से विदेशी मुद्रा और नेपाली सिम कार्ड बरामद किया है। जांच में सामने आया कि वह पाकिस्तान के हाफिज सईद और लखवी जैसे आतंकियों के संपर्क में था। वह भारत में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों को भर्ती कर उन्हें कट्टरपंथी बना रहा था। वह देश के संवेदनशील स्थानों और मंदिरों पर हमले की साजिश रच रहा था।
टेरर मॉड्यूल चला रहा था शब्बीर लोन
दिल्ली पुलिस के अनुसार, शब्बीर अहमद लोन का टेरर मॉड्यूल दिल्ली और कोलकाता में देश के खिलाफ पोस्टर लगाने की गतिविधियों में शामिल था। स्पेशल सेल की नई दिल्ली रेंज की एक टीम ने 29 मार्च को गाजीपुर इलाके से शब्बीर अहमद लोन को गिरफ्तार किया। बता दें कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 22 फरवरी को लश्कर से जुड़े मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया था। पुलिस ने पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु में छापेमारी के बाद सात बांग्लादेशियों समेत 8 आतंकियों को पकड़ा था।
लोन के निर्देश पर काम कर रहे थे मॉड्यूल के आतंकी
पुलिस सूत्रों की मानें तो गिरफ्तार आतंकी लोन के निर्देश पर काम कर रहे थे। ये आरोपी आतंकवाद के समर्थन में पोस्टर लगाने और संवेदनशील प्रतिष्ठानों की रेकी में शामिल थे। लोन बांग्लादेश से उनके आका के रूप में काम कर रहा था। लोग इन आतंकियों को निर्देश देता था। इस मॉड्यूल का गठन भारत में आतंकी वारदातों को अंजाम देने के लिए किया गया था। आतंकियों को भर्ती करने और हथियार जुटाने का काम सौंपा गया था।




साइन इन