Handler Shabbir was in contact with Hafiz Saeed major revelation in the case of arrest of suspected Terrorists हाफिज सईद के संपर्क में था हैंडलर शब्बीर, संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी केस में बड़ा खुलासा, India News in Hindi - Hindustan
More

हाफिज सईद के संपर्क में था हैंडलर शब्बीर, संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी केस में बड़ा खुलासा

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि शब्बीर ही वह आतंकी है जो कॉर्डिनेशन में अहम रोल निभाता था। उसे साल 2007 में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया था। तब भी वह हाफिज सईद और लखवी के साथ सीधे संपर्क में था।

Sun, 22 Feb 2026 06:08 PMMadan Tiwari लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
हाफिज सईद के संपर्क में था हैंडलर शब्बीर, संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी केस में बड़ा खुलासा

पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और बांग्लादेश स्थित चरमपंथी संगठनों के इशारे पर दिल्ली में एक बड़ी आतंकी साजिश रचने के आरोप में आठ संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है। इंडिया टुडे ने दिल्ली पुलिस के सूत्रों के हवाले से बताया है कि संदिग्धों का हैंडलर मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद और सीनियर कमांडर जकी-उर रहमान लखवी समेत लश्कर के टॉप लीडरशिप के सीधे संपर्क में था। सूत्रों के अनुसार, हैंडलर की पहचान शब्बीर अहमद लोन के नाम से हुई है। यह कश्मीरी आतंकी है, जो इस समय बांग्लादेश में छिपा हुआ है। वह साल 2007 से ही लश्कर की लीडरशिप से संपर्क में है।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि शब्बीर ही वह आतंकी है जो कॉर्डिनेशन में अहम रोल निभाता था। उसे साल 2007 में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया था।तब वह हाफिज सईद और लखवी के साथ सीधे संपर्क में था और इसके सबूत भी हाथ लगे थे। जांच में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के भी शामिल होने का भी पता चला है। आईएसआई की भारत में गैर कानूनी ढंग से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों को आतंकी हमले करवाने के लिए भर्ती करने का प्रयास कर रही है।

बता दें कि केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने यह सूचना दी थी कि पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने कथित तौर पर भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की साजिश रची है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने शनिवार को यहां लाल किले के पास विस्फोट की आशंका को लेकर अलर्ट जारी किया था। सूत्रों ने बताया कि यह अभियान देश के विभिन्न हिस्सों में विध्वंसक गतिविधियों की योजना बना रहे एक संदिग्ध मॉड्यूल के बारे में मिली विशिष्ट खुफिया जानकारी के बाद चलाया गया था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:क्यों हाई अलर्ट पर दिल्ली, लश्कर की धमकी से 'रिवेंज' थ्योरी तक, बड़ी बातें
ये भी पढ़ें:भारत के मंदिरों पर हमले की फिराक में लश्कर के आतंकी, लाल किला भी निशाने पर
ये भी पढ़ें:लश्कर के लिए आतंकी भर्ती करने वाले को 10 साल की कैद

तलाशी के दौरान पुलिस ने संदिग्धों के कब्जे से दर्जनों मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए, जिनकी नेटवर्क के विस्तार और संभावित विदेशी संबंधों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह समूह पाकिस्तान की आईएसआई और बांग्लादेश स्थित कुछ संगठनों से जुड़े लोगों के संपर्क में था। सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय एजेंसियां जांच में मदद कर रही हैं। सूत्रों के अनुसार, खुफिया एजेंसियों ने संकेत दिया था कि लश्कर-ए-तैयबा 'इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस' (आईईडी) से हमले को अंजाम देने की कोशिश कर सकता है। यह कथित योजना आतंकी समूह द्वारा छह फरवरी को पाकिस्तान के इस्लामाबाद में एक मस्जिद में हुए विस्फोट का बदला लेने के प्रयासों से जुड़ी है।