नाबालिग साली से रेप में जीजा को 20 साल की कैद, घर से लेकर होटल और गेस्ट हाउस तक कई बार लूटी आबरू
गुरुग्राम से सटे हरियाणा के रेवाड़ी में फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश लोकेश गुप्ता ने नाबालिग साली से दुष्कर्म करने के मामले में आरोपी जीजा को दोषी करार देते हुए 20 साल कैद की सजा सुनाई है।

गुरुग्राम से सटे हरियाणा के रेवाड़ी में फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश लोकेश गुप्ता ने नाबालिग साली से दुष्कर्म करने के मामले में आरोपी जीजा को दोषी करार देते हुए 20 साल कैद की सजा सुनाई है। अदालत ने सजा के साथ ही दोषी पर दो लाख 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
केस की सुनवाई के दौरान जांचकर्ता पुलिस अधिकारी ने अदालत को बताया कि 14 जून 2023 को जिले के एक गांव की रहने वाली पीड़ित नाबालिग लड़की ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि उसकी दो बहनों की शादी वर्ष 2015 में हुई थी। जब वह नौवीं क्लास में पढ़ती थी तब छुट्टियों में वह अपनी बहन के घर गई हुई थी। एक दिन उसकी बहन किसी काम से बाहर गई हुई थी और वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान उसके जीजा ने अकेली होने का फायदा उठाते हुए उसके साथ जबर्दस्ती कर दुष्कर्म किया।
बहन को छोड़ने और पिता व भाई को मारने की दी धमकी
इतना ही नहीं जीजा ने इस घटना के बारे में किसी को भी बताने पर उसकी बहन को छोड़ने और उसके पिता एवं भाई को जान से मारने की धमकी भी दी थी। धमकी से डरकर उसने किसी को कुछ नहीं बताया। इसके बाद भी उसका जीजा कई बार उसे स्कूल के बाहर मिलता और संबंध बनाने के लिए दबाव डालता।
होटल में ले जाकर किया रेप
जब वह 12वीं क्लास में थी तो एक जनवरी 2023 को स्कूल से घर आते समय उसके जीजा ने धमकी देकर उसे जबरदस्ती अपनी बाइक पर बैठा लिया और रेवाड़ी स्थित एक होटल में ले गया। वहां होटल में जाकर आरोपी ने फिर से उसके साथ दुष्कर्म किया। इस बार भी किसी को बताने पर किशोरी के पिता और भाई को जान से मारने की फिर धमकी दी गई।
हरिद्वार से लौटते वक्त भी किया दुष्कर्म
लड़की ने बताया था कि 4 जून 2023 को वह अपनी बहन-जीजा और उनके बेटे के साथ हरिद्वार गई थी। हरिद्वार से वापस लौटते समय सोनीपत के हुमायूंपुर में वो रात को एक किराये के मकान में ठहरे थे। उस रात को भी जीजा ने फिर से धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने बताया कि वापस लौटने के बाद वह गुमसुम रहने लगी। परिवार के लोगों ने उससे चुपचाप रहने का कारण पूछा तो उसने अपनी मां को जीजा की हरकतों के बारे में बताया। इसके बाद पुलिस में शिकायत दी गई। पुलिस ने नाबालिग की शिकायत पर आरोपी जीजा के खिलाफ रेवाड़ी के महिला थाना में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया था।




साइन इन