झूठे रेप केस में आर्मी कैप्टन समेत 9 फांसे, जालसाज महिला की शिकायत सुप्रीम कोर्ट तक पहुंची
दिल्ली क्राइम ब्रांच ने हनीट्रैप मामले में महिला और उसके साथी को अरेस्ट किया है। ये फर्जी मुकदमे दर्ज करवा सौदेबाजी की आड़ में पैसे वसूलते थे। महिला की शिकायत सुप्रीम कोर्ट तक पहुंची थी।

दिल्ली में हनीट्रैप और फर्जी मुकदमों के जरिए करोड़ों की उगाही करने वाले रैकेट का खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने इस मामले में महिला समेत उसके साथी को गिरफ्तार किया है। साथी की पहचान यशदेव सिंह चौहान के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि महिला ने सुनियोजित तरीके से कई लोगों को अपने जाल में फंसाया और उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कराकर पैसे ऐंठने की कोशिश की।
मामला तब सुर्खियों में आया जब एक रिटायर्ड आर्मी कैप्टन को महिला ने झूठे रेप केस में फंसा दिया। पीड़ित ने अपने खिलाफ दर्ज केस को पहले दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी और बाद में सुप्रीम कोर्ट में भी अपील की। सुप्रीम कोर्ट ने 25 फरवरी 2025 को सुनवाई के बाद उस एफआईआर को रद्द कर दिया और कहा कि यह केस कानून का गलत इस्तेमाल है।
क्राइम ब्रांच के खुलासे
क्राइम ब्रांच की जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी महिला ने अलग-अलग थानों में कुल 9 मामले दर्ज कराए थे। इनमें कई केस दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोपों से जुड़े थे, जबकि अन्य मामलों में छेड़छाड़ और धमकी की धाराएं लगाई गईं। पुलिस को शक है कि इन मामलों का इस्तेमाल दबाव बनाने और पैसे की डील करने के लिए किया जाता था।
साथी करता था डील
जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी महिला सीधे तौर पर पैसों की बात नहीं करती थी। इसके लिए उसका साथी यशदेव सिंह चौहान आगे आता था, जो खुद को वकील बताकर पीड़ितों से संपर्क करता और समझौते के नाम पर रकम तय करता था। हालांकि, जांच में पता चला कि वह कड़कड़डूमा कोर्ट में एक वकील का क्लर्क है।
सोशल मीडिया से कॉन्टेक्ट
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन और पेन ड्राइव बरामद की है, जिनमें कथित तौर पर पैसों के लेन-देन और समझौते से जुड़ी बातचीत रिकॉर्ड है। इन ऑडियो क्लिप्स को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि यह एक संगठित नेटवर्क था, जो सोशल मीडिया के जरिए लोगों से संपर्क करता, उन्हें हनीट्रैप में फंसाता और फिर कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर मोटी रकम वसूलने की कोशिश करता था। फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।




साइन इन