गुरुग्राम रैपिड मेट्रो सालाना घाटे से निकली बाहर, 1 साल में इतने बढ़ गए यात्री; कहां से कितनी कमाई
मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में रैपिड मेट्रो का सफर अब यात्रियों को पसंद आने लगा है। गत वर्ष फरवरी में यात्रियों की संख्या करीब 13.85 लाख प्रतिमाह थी, जो इस साल फरवरी में बढ़कर 15.22 लाख हो गई है। यात्रियों की संख्या बढ़ने और विज्ञापन से आय अधिक होने से रैपिड मेट्रो अब सालाना घाटे से बाहर निकल गई है।

मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में रैपिड मेट्रो का सफर अब यात्रियों को पसंद आने लगा है। गत वर्ष फरवरी में यात्रियों की संख्या करीब 13.85 लाख प्रतिमाह थी, जो इस साल फरवरी में बढ़कर 15.22 लाख हो गई है। यात्रियों की संख्या बढ़ने और विज्ञापन से आय अधिक होने से रैपिड मेट्रो अब सालाना घाटे से बाहर निकल गई है।
हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (एचएमआरटीसी) की रिपोर्ट के मुताबिक, एक अप्रैल, 2024 से लेकर 28 फरवरी, 2025 तक रैपिड मेट्रो में करीब एक करोड़ 53 लाख यात्रियों ने सफर किया है। एक अप्रैल, 2025 से लेकर 28 फरवरी, 2026 तक यात्रियों की संख्या में करीब 21 लाख का इजाफा हुआ है। इस समयावधि में एक करोड़ 74 लाख यात्रियों ने रैपिड मेट्रो में सफर किया है। रिपोर्ट में यह भी साफ हुआ कि रैपिड मेट्रो का संचालन अब घाटे से बाहर निकल गया है।
कैसे बढ़ी रैपिड मेट्रो की कमाई
एक अप्रैल, 2024 से लेकर 28 फरवरी, 2025 तक रैपिड मेट्रो के संचालन में 9.23 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। एक अप्रैल, 2025 से लेकर 28 फरवरी, 2026 तक 22 लाख रुपये का फायदा हुआ है। यात्रियों से किराये के रूप में 33.33 करोड़ रुपये, मेट्रो स्टेशन की दुकानों को किराये पर देने की एवज में 3.18 करोड़ रुपये, विज्ञापन से 21.59 करोड़ मिलाकर 58.94 करोड़ रुपये की आमदनी हुई है, जबकि खर्चा 58.72 करोड़ रुपये हुआ है। रैपिड मेट्रो संचालन में 31.97 करोड़ रुपये का खर्चा हुआ है।
13 KM लंबे रूट पर 11 स्टेशन
रैपिड मेट्रो गोल्फ कोर्स रोड पर दौड़ती है। 12.85 किमी लंबे इस मेट्रो रूट में 11 स्टेशन हैं। इसमें डीएलएफ फेज-तीन, मोलसरी एवेन्यू, साइबर सिटी, बेलवेडियर टावर, डीएलएफ फेज-दो, सिकंदरपुर, डीएलएफ फेज-एक, सेक्टर-42-43, सेक्टर-53-54, सेक्टर-54 चौक, सेक्टर-55-56 स्टेशन शामिल हैं।
ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो बनने से सफर और सुगम होगा
मौजूदा समय में रैपिड मेट्रो सिर्फ गोल्फ कोर्स रोड पर चलती है। ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो का निर्माण होने के बाद रैपिड मेट्रो में यात्रियों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। मौजूदा समय में मेट्रो के माध्यम से आसपास क्षेत्रों में कार्यरत लोग शंकर चौक पर पहुंचते हैं। यहां से सिटी बस या ऑटो के माध्यम से अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं। नया मेट्रो रूट बनने से सफर और सुगम होगा।




साइन इन