मुस्लिम मैनेजरों की छाती पर लिखा 'जिहादी'- बजरंग दल ने शोरूम में मचाया हंगामा- VIDEO
वीडियो में दिखाई देता है- बजरंग दल के लोग जबरन दो युवकों की छाती से लगे नेमप्लेट पर 'जिहादी' लिखते हैं। यह घटना गुरुवार को राजपुर रोड स्थित फुटवियर आउटलेट पर हुई है। जानिए गुस्साए कार्यकर्ताओं का क्या आरोप है?

देहरादून के शोरूम का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें बजरंग दल के लोग हंगामा करते दिख रहे हैं। वीडियो में दिखाई देता है- "बजरंग दल के लोग जबरन दो युवकों की छाती से लगे नेमप्लेट पर 'जिहादी' लिखते हैं।" गुस्साए कार्यकर्ताओं का आरोप है कि दोनों युवक आउटलेट में काम करने वाले हिंदू कर्मचारियों को परेशान करते हैं। यह घटना गुरुवार को राजपुर रोड स्थित फुटवियर आउटलेट पर हुई है।
बजरंग दल ने बताया, ऐसा क्यों किया…
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, बजरंग दल के उत्तराखंड राज्य संयोजक विकास वर्मा ने इस ग्रुप को लीड किया था। उन्होंने दावा किया है कि हमने आउटलेट के मैनेजर और को-मैनेजर द्वारा हिंदू कर्मचारियों को परेशान करने की शिकायत पर कार्रवाई को अंजाम दिया है। वर्मा ने बताया, “दो मुस्लिम मैनेजर हिंदू कर्मचारियों को टारगेट कर रहे थे। बिना कोई एक्स्ट्रा पैसे दिए, उनसे चार-चार घंटे तक ओवरटाइम काम करवा रहे थे। दोनों ने सैलरी काटने के लिए उन पर चोरी का झूठा आरोप भी लगाया।”
ये लोग जिहादी थे, जिहादी हैं और जिहादी रहेंगे…
बजरंग दल का एक कर्मचारी स्टाफ से पूछता है- नाम क्या है? ठीक जवाब न मिलने पर वह कहता है- आलम। दूसरे शख्स के पास जाकर कहता है- यहां नेम प्लेट पर कोई नाम नहीं लिखा है। अब मुझे लगता है कि... और फिर मार्कर से छाती पर लगे नेम प्लेट पर 'जिहादी' लिखकर लगा देते हैं। पीले वस्त्र धारण किए व्यक्ति आगे कहता है- ये लोग जिहादी थे, जिहादी हैं और जिहादी रहेंगे। ये मुसलमान है। हमारे लोगों का उत्पीड़न कर रहा है। चोरी शोरूम में खुद करता है और हमारे लोगों को फंसाता है।
सिटी एसपी ने इस मामले में क्या कहा
जब विकास वर्मा से पूछा गया- क्या पुलिस को इस मामले की जानकारी दी? इस सवाल पर वर्मा ने दावा किया कि अधिकारियों ने पहले उनके उठाए गए ऐसे ही मुद्दों पर कोई कार्रवाई नहीं की। इसलिए अब हम आगे बढ़कर आए हैं। जब SP (सिटी) प्रमोद कुमार से संपर्क किया गया, तो उन्होंने कहा, "हमें इस मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। अगर कोई पुलिस से संपर्क करता है तो हम कार्रवाई करेंगे।"
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन