Raghav Chadha says on ED raid making Punjab Rangla Aam Aadmi Party made it Kangla पंजाब को लेकर राघव चड्ढा का बड़ा दावा, कहा- AAP ने विदेश में कंपनी बनाकर फंड का राउंड ट्रिपिंग किया, Ncr Hindi News - Hindustan
More

पंजाब को लेकर राघव चड्ढा का बड़ा दावा, कहा- AAP ने विदेश में कंपनी बनाकर फंड का राउंड ट्रिपिंग किया

पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा पर ईडी की छापेमारी को लेकर राज्यसभा सांसद और बीजेपी नेता राघव चड्ढा ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पंजाब को 'रंगला' बनाने का सपना दिखाकर आम आदमी पार्टी ने पंजाब के खजाने को लूट लिया है और उसे 'कंगला' बना दिया है।

Sat, 9 May 2026 05:14 PMSubodh Kumar Mishra लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
पंजाब को लेकर राघव चड्ढा का बड़ा दावा, कहा- AAP ने विदेश में कंपनी बनाकर फंड का राउंड ट्रिपिंग किया

पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा पर ईडी की छापेमारी को लेकर राज्यसभा सांसद और बीजेपी नेता राघव चड्ढा ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पंजाब को 'रंगला' बनाने का सपना दिखाकर आम आदमी पार्टी ने पंजाब के खजाने को लूट लिया है और उसे 'कंगला' बना दिया है। बीजेपी नेता ने कहा कि पंजाब के लोगों ने आम आदमी पार्टी को सरकार चलाने के लिए वोट दिया था। यह पंजाब को लूटने के लिए नहीं था।

जनादेश के साथ बहुत बड़ा विश्वासघात

राघव चड्ढा ने कहा कि जो जानकारियां आ रही हैं कि ईडी की छापेमारी के दौरान बालकनी से एक बैग में 21 लाख रुपये कैश फेंके गए। दस्तावेज बता रहे हैं कि कई सौ करोड़ रुपए के फंड की राउंड-ट्रिपिंग की गईं। यह दिखाता है कि यह पंजाब में मिले जनादेश के साथ बहुत बड़ा विश्वासघात है। आम आदमी पार्टी ने पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत के साथ विश्वासघात किया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पंजाब सरकार को बड़ा झटका, कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को ED ने किया गिरफ्तार

हमें चुप करा दिया गया

राघव चड्ढा ने कहा कि आम आदमी पार्टी से नाता तोड़ने वाले सातों सांसदों ने पार्टी छोड़ते समय कहा था कि यह पार्टी पूरी तरह से भ्रष्ट और समझौता करने वाले लोगों के हाथों में फंसी हुई है। जब भी हमने पार्टी के भीतर रहते हुए ऐसे मुद्दे उठाने की कोशिश की तो हमें चुप करा दिया गया। लेकिन, आज एजेंसियों की कार्रवाई के बाद जो बातें सामने आ रही हैं, वे चौंका देने वाली हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:'सुपारी किलर' आज फिर पंजाब पहुंच गया; ED के छापों के बाद BJP पर भड़के AAP सांसद

फंड का राउंड-ट्रिपिंग किया गया

बीजेपी नेता ने कहा कि जो डॉक्यूमेंट सामने आ रहे हैं वो बता रहे हैं कि यूएई, कनाडा और आस्ट्रेलिया में कंपनी बनाकर फंड का राउंड-ट्रिपिंग किया गया है। ये तमाम चीजें दिखाती हैं कि यह पंजाब के लोगों के साथ बड़ा धक्का है। बड़ी लूट है। वहीं, मैं यह भी कहना चाहता हूं कि पंजाब के लोगों और पंजाब सरकार पर 5 लाख करोड़ का कर्ज है। और दूसरी ओर पंजाब के खजाने को आम आदमी पार्टी लूटकर उस पैसे को ठिकाने लगा रही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:‘औरंगजेब का भी सपना था और मोदी जी का भी’… पंजाब में ED की रेड पर भड़के केजरीवाल

असली कार्रवाई तो जनता करेगी

राघव चड्ढा ने कहा कि एजेंसियां ​​तो कार्रवाई कर ही रही हैं, लेकिन असली कार्रवाई विधानसभा चुनाव के दौरान पंजाब की जनता करेगी। पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत के साथ जो धोखा हुआ है, उसे समझते हुए सही फैसला लेंगे। असली कार्रवाई तो लोग फरवरी 2027 में आम आदमी पार्टी के साथ करने जा रहे हैं।

राउंड ट्रिपिंग क्या है

राउंड ट्रिपिंग एक वित्तीय और व्यावसायिक प्रक्रिया है, जिसमें किसी देश का काला धन अवैध रूप से विदेश भेजा जाता है और फिर विदेशी निवेश के रूप में वापस उसी देश में लाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य टैक्स चोरी करना, काले धन को वैध बनाना या कृत्रिम रूप से व्यापार/राजस्व बढ़ा-चढ़ाकर दिखाना होता है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।