राघव चड्ढा समेत 7 सांसदों के आम आदमी पार्टी छोड़ने पर प्रतिक्रिया देते हुए पार्टी के नेता संजय सिंह ने कहा, एक अच्छी सरकार पंजाब में चल रही है, और आज उस सरकार के साथ ऑपरेशन लोटस का खेल खेला जा रहा है। हमारे सांसदों को तोड़ा जा रहा है। उनको अपनी पार्टी में शामिल किया जा रहा है। ईडी-सीबीआई का इस्तेमाल किया जा रहा है। अभी दो-तीन दिन पहले अशोक मित्तल जी के यहां ईडी का छापा पड़ा था। चीजें अपने आप में जुड़ती हैं, ईडी का छापा पड़ा और तोड़ लिया। इससे पहले राज्यसभा सांसद राघव चड्डा ने आम आदमी पार्टी से शुक्रवार को इस्तीफा दे दिया। उनके साथ ही राज्यसभा सदस्य संदीप पाठक, स्वाति मालीवाल, हरभजन सिंह, अशोक मित्तल और विक्रमजीत साहनी ने भी AAP छोड़ दी। चड्डा ने दावा किया कि AAP के दो-तिहाई राज्यसभा सदस्य पार्टी छोड़ रहे हैं।
24 Apr 2026, 11:16:28 PM IST
AAP में बगावत: CM गुप्ता बोलीं- दिल्ली के बाद पंजाब की बारी है
दिल्ली की मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी में हुई फूट को लेकर प्रतिक्रिया देेत हुए लिखा, ‘इंकलाब के नारे से शुरु हुई AAP का अंत अविश्वास और अलगाव से हो रहा है। आपकी पार्टी में अब आम आदमी नहीं, सिर्फ भ्रष्ट आदमी बचा है। केजरीवाल जी, दो-तिहाई राज्यसभा सांसदों का जाना आपकी तानाशाही पर सीधी चोट है। अब दिल्ली के बाद पंजाब की बारी है।’
24 Apr 2026, 10:42:04 PM IST
AAP में बगावत: मनोज तिवारी बोले- मैं उनके साहस की तारीफ करूंगा
AAP के दो-तिहाई राज्यसभा सांसदों के BJP में शामिल होने और विलय करने पर, सांसद मनोज तिवारी ने कहा, ‘मैं उन लोगों के साहस की तारीफ करना चाहता हूं, जो लोग BJP में शामिल हुए हैं, उन्हें अब खुलकर काम करना चाहिए। BJP एक ऐसी पार्टी है जहां आप जनता के विकास और कल्याण के लिए काम कर सकते हैं।’
24 Apr 2026, 09:02:28 PM IST
AAP में बगावत: कांग्रेस नेता बोलीं- इस पार्टी का जन्म ही ‘बी’ टीम के तौर पर हुआ
राज्यसभा सांसदों के BJP में शामिल होने पर कांग्रेस नेता व पूर्व कांग्रेस महासचिव अहमद पटेल की बेटी मुमताज पटेल ने कहा, 'AAP का जन्म ही BJP की 'B' टीम के तौर पर कांग्रेस पार्टी को नुकसान पहुंचाने के लिए हुआ था। AAP ने जहां भी चुनाव लड़ा है, वहां केवल BJP की ही मदद की है। आने वाले दिनों में अरविंद केजरीवाल जी भी BJP में शामिल हो सकते हैं।'
24 Apr 2026, 08:59:37 PM IST
AAP में बगावत: दुष्यंत चौटाला बोले- लोकतंत्र का गला घोंटा गया
AAP के दो-तिहाई राज्यसभा सांसदों के BJP में शामिल होने पर हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री और JJP नेता दुष्यंत चौटाला ने कहा, 'इससे पता चलता है कि लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है। सभी क्षेत्रीय पार्टियों को एकजुट होकर इनके खिलाफ लड़ना चाहिए। ED और CBI का दुरुपयोग करके उन लोगों (भाजपा) ने AAP नेताओं पर दबाव बनाया।'
24 Apr 2026, 08:54:16 PM IST
AAP में बगावत: कैलाश विजयवर्गीय ने किया स्वागत
राज्यसभा सांसदों के AAP छोड़कर BJP में शामिल होने पर MP के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पूरे कार्यकाल के दौरान अपनी छवि बनाई है और विकास को गति दी है, और आज उनका नाम विश्व स्तर पर पहचाना जाता है। इसी का परिणाम है कि हर कोई PM मोदी के साथ, उनके अंडर में काम करना चाहता है। आने वाला कल भारत के लिए बहुत अच्छा होगा, ये हमें विश्वास है।'
24 Apr 2026, 08:11:04 PM IST
AAP में बगावत: संजय सिंह बोले- अयोग्य घोषित करने की मांग करूंगा
पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने कहा कि वह भाजपा में शामिल होने वाले तीनों सांसदों को अयोग्य घोषित करने की मांग करेंगे। इस बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने लिखा, 'मैं माननीय राज्यसभा सभापति को एक पत्र प्रस्तुत करूंगा, जिसमें राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक को BJP में शामिल होने के कारण राज्यसभा की सदस्यता से अयोग्य घोषित करने की मांग की जाएगी, क्योंकि यह संविधान की दसवीं अनुसूची के अंतर्गत स्वेच्छा से अपनी पार्टी की सदस्यता त्यागने के समान है।'
24 Apr 2026, 07:46:01 PM IST
AAP में बगावत: भाजपा अध्यक्ष ने AAP के बागी सांसदों का पार्टी में किया स्वागत
पार्टी मुख्यालय पर तीन सांसदों से हुई मुलाकात के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए AAP के सातों बागी सांसदों का पार्टी में स्वागत किया। उन्होंने लिखा, 'आज पार्टी मुख्यालय में राघव चड्ढा जी, संदीप पाठक जी और अशोक मित्तल जी का भाजपा परिवार में स्वागत किया। साथ ही, हरभजन सिंह जी, स्वाति मालीवाल जी, विक्रम साहनी जी और राजिंदर गुप्ता जी को पीएम श्री नरेंद्र मोदी जी के गतिशील नेतृत्व में काम करने के लिए शुभकामनाएं।'
24 Apr 2026, 07:39:34 PM IST
AAP में बगावत: भाजपा में शामिल होने के बाद मुख्यालय से निकले तीनों सांसद
भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद नई दिल्ली स्थित BJP मुख्यालय से रवाना हुए राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल।
24 Apr 2026, 07:20:02 PM IST
AAP में बगावत: भूपेश बघेल बोले- देखना होगा केजरीवाल कब लौटेंगे?
AAP के 7 सांसदों के BJP में शामिल होने की घोषणा पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कहा, 'आम आदमी पार्टी, भाजपा की 'B टीम' है और अब वे अपनी मूल पार्टी में वापस जा रहे हैं, वहीं से निकले हैं और उसी में जा रहे हैं। आम आदमी पार्टी और BJP में कोई अंतर नहीं है। तो ये लोग अब मुख्यधारा में लौट रहे हैं। अब केजरीवाल जी कब वापस जाते हैं, यह देखने वाली बात है।'
24 Apr 2026, 07:04:54 PM IST
AAP में बगावत: अन्ना हजारे बोले- कहां रहना, कहां जाना, यह व्यक्ति विशेष पर निर्भर
AAP सांसदों के पार्टी छोड़ने पर सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने कहा, 'लोकतंत्र में कहां जाना, कहां रहना, लोकतंत्र में हर एक व्यक्ति की अपनी-अपनी राय पर निर्भर करता है। किसी के साथ सख्ती करना सही नहीं है। लोकतंत्र में लोगों के नजरिये अलग-अलग हो सकते हैं, उनकी आपसी राय में कुछ मतभेद होना स्वाभाविक है। सोच में कुछ असहमति या अंतर आया होगा, शायद इसी वजह है कि वह लोग पार्टी छोड़कर चले गए। आखिरकार, इस तरह के मतभेद और असहमति के कारण राजनीति के कामकाज का ही एक हिस्सा हैं।'
24 Apr 2026, 06:49:53 PM IST
AAP में बगावत: शहजाद पूनावाला बोले- AAP अब 'अरविंद अकेले की पार्टी' बनी
AAP सांसदों के BJP में शामिल होने पर BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, 'आम आदमी पार्टी ताउम्र वही गलती करती रही, 'धूल चेहरे पर थी, और वह आईना साफ करती रही।' अब आत्म-मंथन का समय है। लेकिन ऐसा करने के बजाय, वे अपनी तुलना पंजाब से कर रहे हैं। केजरीवाल को छोड़ना पंजाब के साथ विश्वासघात कैसे हो गया? AAP अब 'अरविंद अकेले की पार्टी' बन गई है। कितने नेता अबतक पार्टी छोड़ चुके हैं, योगेंद्र यादव, शांति भूषण, प्रशांत भूषण, आशुतोष, अलका लांबा, राजेंद्र पाल गौतम इनमें से कई नेता तो अलग-अलग पार्टियों में शामिल हो गए, तो क्या वह भी 'ऑपरेशन लोटस' ही था।'
24 Apr 2026, 06:33:52 PM IST
AAP में बगावत: प्रवक्ता बोलीं- हमारी पार्टी में एक राघव नहीं, 10 चड्ढा मिल जाएंगे
AAP में बगावत: AAP के दो-तिहाई राज्यसभा सांसदों के BJP में शामिल होने पर AAP की मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा, 'हर कोई जानता है कि पंजाब में भाजपा का कोई नेता नहीं है। यह भी सब जानते हैं कि वहां कांग्रेस लगभग खत्म हो चुकी है। इसलिए इस बार BJP ने AAP के नेताओं को तोड़ा। लेकिन मैं आपको बता सकती हूं कि पंजाब के लोग यह देख रहे हैं कि जिन 7 सांसदों को उन्होंने राज्यसभा में भेजा था, उन्होंने एक ऐसी पार्टी का साथ दिया, जिसने 800 किसानों की जान ले ली। जो BJP किसानों को आतंकवादी कहती है, और इन 7 सांसदों ने आज उनका समर्थन किया। यह 'गद्दारी' से कम नहीं है। जनता इसका जवाब देगी।'
24 Apr 2026, 06:26:10 PM IST
AAP में बगावत: शाहनवाज हुसैन बोले- AAP का अस्तित्व भी बचने वाला नहीं
राघव चड्ढा और AAP के छह अन्य सांसदों के BJP में शामिल होने पर पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा, 'सभी बिछड़ेंगे बारी-बारी, तन्हा रह जाएंगे अरविंद केजरीवाल। उन्होंने जिस तरह देश की जनता को धोखा देकर एक पार्टी बनाई थी, भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई पार्टी बनाई। उनके लोगों को भी यकीन हो गया है कि आम आदमी पार्टी मकसद से पूरी तरह भटक गई है, इसलिए उनके साए भी उनको छोड़कर जा रहे हैं, ये साफ संदेश है कि आम आदमी पार्टी का कोई अस्तित्व भी बचने वाला नहीं है।'
24 Apr 2026, 06:01:21 PM IST
AAP में बगावत: कपिल मिश्रा बोले- केजरीवाल की गैंग में अब सिर्फ चोर व भ्रष्टाचारी बचे
केजरीवाल के गैंग में अब सिर्फ चोर और भ्रष्टाचारी बचें हैं, जिसकी भी आत्मा जीवित है वो वहां ज्यादा दिन नहीं रह सकता। राघव भाई, संदीप पाठक, अशोक मित्तल और बाकी साथियों का निर्णय साहसिक है और स्वागत योग्य है। पंजाब की जनता को केजरीवाल की लूट से बचाने के लिए निर्णायक साबित होगा।
24 Apr 2026, 05:56:38 PM IST
AAP में बगावत: सिसोदिया बोले- कुछ गद्दारों ने खून पसीने की कमाई का सौदा कर लिया
AAP में हुई टूट पर पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, 'तीन दिन से गुजरात में हूं… जिस समय गुजरात में हजारों कार्यकर्ता अपनी जान जोखिम में डालकर, सारे खतरे और BJP की धमकियां झेलकर पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने के लिए खून पसीना बहा रहे हैं, उसी समय कुछ गद्दारों ने पंजाब के कार्यकर्ताओं के ख़ून पसीने की कमाई का सौदा कर लिया। जो राज्यसभा सदस्य आज BJP के सामने झुक गए, अपनी निजी मजबूरियों, डर और लालच के कारण जिन्होंने पंजाब के लोगों के साथ गद्दारी की है, उन्हें पता होना चाहिए कि पंजाब गद्दारों को कभी माफ नहीं करता है।'
24 Apr 2026, 05:51:58 PM IST
AAP में बगावत: कांग्रेस नेता बोले- RSS व BJP का कुछ ऋण अदा हुआ
AAP सांसदों के पाला बदलने पर कांग्रेस नेता उदित राज ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा- ‘दो-तिहाई AAP के राज्यसभा सांसद BJP में शामिल हो गए, इससे कुछ तो ऋण RSS और BJP का अदा हुआ। श्री केजरीवाल एक NGO चलाने वाले इंसान थे और उन्हें BJP का एहसान मानना चाहिए कि कांग्रेस के खिलाफ उन्हें ताकत दी और पार्टी बनवाई। रामलीला मैदान में लाखों की भीड़, उनके रहने और खाने की व्यवस्था भी BJP ने ही की थी। केजरीवाल को भी BJP में शामिल हो जाना चाहिए ताकि वे कुछ ऋण चुका पाएं।’
24 Apr 2026, 05:39:17 PM IST
AAP में बगावत: भाजपा मुख्यालय पहुंचे राघव चड्ढा समेत कई सांसद
आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने की घोषणा करने वाले राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, अशोक मित्तल व संदीप पाठक शुक्रवार शाम को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे। यहां पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया और फिर लड्डू खिलाकर मुंह भी मीठा कराया।
24 Apr 2026, 05:36:28 PM IST
AAP में बगावत: भगवंत मान ने लगाया था भज्जी को फोन
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार पार्टी सांसद हरभजन सिंह को मनाने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उन्हें कई बार फोन लगाया था, लेकिन पूर्व क्रिकेटर ने उनका फोन नहीं उठाया।
24 Apr 2026, 05:34:18 PM IST
AAP में बगावत: मालीवाल बोलीं- पार्टी में भ्रष्टाचार, लूट और महिला उत्पीड़न बेहिसाब बढ़ा
पोस्ट के अंत में मालीवाल ने लिखा, 'केजरीवाल जी के संरक्षण में आम आदमी पार्टी में बढ़ता बेहिसाब भ्रष्टाचार, महिलाओं के साथ उत्पीड़न और मारपीट की घटनाएं, गुंडा तत्वों को बढ़ावा और पंजाब के साथ हो रही धोखेबाजी और लूट को देखते हुए मैंने आज पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया है। मैं इस समय संसदीय समिति की बैठक के लिए इटानगर आई हुई थी। आज रात दिल्ली लौटने के बाद इस विषय पर विस्तार से बात करूंगी।'
24 Apr 2026, 05:33:08 PM IST
AAP में बगावत: मालीवाल बोलीं- मुझे बर्बाद करने की धमकियां दी गईं
अपनी पोस्ट में मालीवाल ने आगे लिखा, 'मेरे साथ उनके आवास पर उनके इशारे पर बुरी तरह मारपीट और अभद्रता की गई। उन्होंने अपने गुंडे को बचाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया और उसे बड़े-बड़े पदों से नवाजा। मुझे बर्बाद करने की धमकियां दी और हर संभव कोशिश की।'
24 Apr 2026, 05:31:21 PM IST
AAP में बगावत: स्वाति मालीवाल बोलीं- पार्टी आदर्शों से भटक चुकी है
आम आदमी पार्टी छोड़ने पर प्रतिक्रिया देते हुए स्वाति मालीवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'साल 2006 में अपनी नौकरी छोड़कर मैंने देश सेवा का मार्ग चुना था। RTI आंदोलन, अन्ना आंदोलन, आम आदमी पार्टी के गठन और दिल्ली महिला आयोग में 8 साल निष्ठापूर्वक काम करते हुए, मैंने हर चरण में पूरी ईमानदारी और समर्पण से योगदान दिया। जिन सिद्धांतों, मूल्यों और ईमानदार राजनीति के संकल्प के साथ हमने यह सफर शुरू किया था, आज बड़े दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि अरविंद केजरीवाल जी और उनके इशारे पर पूरी आम आदमी पार्टी उन आदर्शों से भटक चुकी है।'
24 Apr 2026, 05:23:33 PM IST
AAP में बगावत: तेजस्वी बोले- जो लोग बिके या डरे हैं, वो भाजपा में गए
AAP के सांसदों के भाजपा में शामिल होने पर RJD नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा, 'अब जो लोग भी जा रहे हैं, आप जानते हैं कि वे सभी 'कॉम्प्रोमाइज़्ड' हैं। जो डरा है, वह भाजपा में गया है, जो बिका है, वह भाजपा में गया है। जो देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए संघर्ष कर रहा है, लड़ रहा है, वे लोग भाजपा के खिलाफ खड़े हैं। अब तो आम आदमी पार्टी समेत हम सभी को सोचना चाहिए कि इस तरह के लोगों को हम पहचानने का काम करें। लोगों की असलियत सामने आ रही है।'
24 Apr 2026, 05:17:51 PM IST
AAP में बगावत: राघव चड्ढा ने लिखा- दो तिहाई सांसदों का भाजपा में विलय
राघव चड्ढा ने शुक्रवार शाम को सोशल मीडिया पर लिखा, 'आज भारत के संविधान के प्रावधानों का प्रयोग करते हुए, राज्यसभा में AAP के दो-तिहाई से अधिक सांसदों ने BJP में विलय कर लिया है। सात सांसदों ने इस दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसे राज्यसभा के माननीय सभापति को सौंपा गया। मैंने, दो अन्य सांसदों के साथ मिलकर, हस्ताक्षरित दस्तावेज स्वयं सौंपे।'
24 Apr 2026, 05:14:21 PM IST
AAP में बगावत: मान बोले- इस वजह से तोड़ रहे पार्टी
पंजाब के मुख्यमंत्री बोले- उन्हें भगवंत मान के खिलाफ कुछ नहीं मिला, तो उन्होंने आम आदमी पार्टी को तोड़ने की कोशिश की।
24 Apr 2026, 05:11:51 PM IST
AAP में बगावत: अनुराग ढांडा बोले- देश ने इन लोगों का असली चरित्र देख लिया
AAP के कई सांसदों द्वारा भाजपा में शामिल होने की घोषणा पर AAP नेता अनुराग ढांडा ने कहा, 'इन नेताओं का असली चरित्र आज पूरे देश ने देख लिया। समझौते और झुकने का रास्ता गांधीजी, सुभाषचंद्र बोस और भगत सिंह के पास भी था, लेकिन उन्होंने लड़ना तय किया। आज इन्होंने गद्दारी, लोगों को धोखा देने का रास्ता अपनाया है। यह उनके चरित्र को दिखाता है। इन्हें जनता ने नहीं चुना था, पंजाब के विधायकों ने इन्हें चुना था।'
24 Apr 2026, 05:07:21 PM IST
AAP में बगावत: भगवंत मान बोले- उन्हें पंजाब के विकास से दिक्कत
राज्यसभा में AAP के दो-तिहाई सांसदों द्वारा BJP में शामिल होने की घोषणा पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, 'BJP जिस भी पार्टी से गठबंधन करती है, उसे खत्म कर देती है, पंजाब की जनता पूरे दिल से मेरा समर्थन करती है। उन्हें पंजाब के विकास से दिक्कत है।'
24 Apr 2026, 04:57:35 PM IST
AAP में बगावत;वीरेंद्र सचदेवा बोले- मैं स्वागत करता हूं
दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, मैं राघव चड्ढा और अन्य लोगों के इस फैसले का स्वागत करता हूं, क्योंकि अरविंद केजरीवाल भ्रष्टाचार का पर्याय बन गए हैं, और उनकी आम आदमी पार्टी में लूट, चोरी और भ्रष्टाचार का राज है।
24 Apr 2026, 04:53:26 PM IST
AAP में बगावत; संजय सिंह बोले- जनता कभी माफ नहीं करेगी
पार्टी में फूट पर संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'अमित शाह जी और मोदीजी जी से कहना चाहता हूं, कि ये घिनौना खेल जो आप ने आम आदमी पार्टी के साथ और पंजाब की जनता के साथ खेला है, आपको भी इस गद्दारी और धोखेबाजी के लिए पंजाब की जनता कभी माफ नहीं करेगी।'
24 Apr 2026, 04:51:58 PM IST
AAP में बगावत; केजरीवाल बोले- पंजाबियों को धोखा दिया
सात राज्यसभा सदस्यों के आम आदमी पार्टी छोड़ने के बाद अरविंद केजरीवाल ने कहा, भाजपा ने एक बार फिर पंजाबियों को धोखा दिया।
24 Apr 2026, 04:50:52 PM IST
AAP में बगावत; अरविंद केजरीवाल ने दी प्रतिक्रिया
आम आदमी पार्टी के सांसदों के पार्टी तोडने पर प्रतिक्रिया देते हुए पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, ‘बीजेपी ने फिर से पंजाबियों के साथ किया धक्का’
24 Apr 2026, 04:48:57 PM IST
AAP में बगावत; संजय सिंह बोले- ऑपरेशन लोटस
आम आदमी पार्टी के सांसदों को अपने पाले में लाने के लिए भाजपा ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल कर रही, सत्ता का दुरुपयोग करके 'ऑपरेशन लोटस' चला रही : संजय सिंह।