PM मोदी ने किया दिल्ली के 2 मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन, किन इलाकों को होगा फायदा; देखें रूट
रविवार को पीएम मोदी ने दिल्ली की फेज-4 के दो मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि शहर का हर नागरिक इस आधुनिक परिवहन का लाभ उठाएगा लेकिन माताओं और बेटियों के लिए यह सुरक्षित यात्रा का महत्वपूर्ण साधन है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के फेज-4 के दो मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन किया। पीएम मोदी ने मजलिस पार्क से मौजपुर होते हुए बाबरपुर खंड तक पिंक लाइन और दीपाली चौक से मजलिस पार्क खंड मैजेंटा लाइन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मेट्रो के दो कॉरिडोर के उद्घाटन पर बोलते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि शहर का हर नागरिक इस आधुनिक परिवहन का लाभ उठाएगा लेकिन माताओं और बेटियों के लिए यह सुरक्षित यात्रा का महत्वपूर्ण साधन है।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि मेट्रो के दोनों कॉरिडोर पर मेट्रो का परिचालन शुरू होने से दिल्ली के लाखों लोगों का जीवन आसान बनाएगा। इससे यमुना पार के कई इलाकों और बुराड़ी में पहली बार मेट्रो पहुंच रही है। आइए जानते हैं पीएम मोदी के दो कॉरिडोर के उद्घाटन करने के बाद दिल्ली के किन इलाकों को इसका फायदा मिलेगा।
इन इलाकों को होगा फायदा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रिमोट के जरिये दिल्ली में 33,500 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसके तहत फेज चार में बनकर तैयार पिंक लाइन के एक्सटेंशन मजलिस पार्क-मौजपुर कॉरिडोर और मजेंटा लाइन के एक्सटेंशन दीपाली चौक-मजलिस पार्क कॉरिडोर पर मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन दोनों कॉरिडोर की कुल लंबाई 22.2 किलोमीटर है। मजलिस पार्क-मौजपुर कॉरिडोर की लंबाई 12.3 किलोमीटर है। इस कॉरिडोर पर दिल्ली का पहला डबल डेकर कॉरिडोर भी बना है और यमुना पर मेट्रो का एक नया पुल बनाया गया है। पिंक लाइन की लंबाई बढ़कर 69.79 किलोमीटर हो गई है। दीपाली चौक-मजलिस पार्क कॉरिडोर की लंबाई 9.9 किलोमीटर है।इससे दिल्ली में मेट्रो का नेटवर्क करीब 375 किलोमीटर और एनसीआर में 416 किलोमीटर से अधिक हो गया है। दोनों कॉरिडोर पर दोपहर तीन बजे से यात्री सफर कर सकेंगे।
फेज-5A के 3 कॉरिडोर का शिलान्यास भी किया
पीएम मोदी ने फेज-5A के तीन कॉरिडोर का शिलान्यास भी किया। इसकी कुल लंबाई करीब 16 किलोमीटर है। इसमें आरके आश्रम-इंद्रप्रस्थ, एरोसिटी-एयरपोर्ट टर्मिनल एक, तुगलकाबाद-कालिंदी कुंज कॉरिडोर शामिल हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, पीएम स्वनिधि योजनाओं की लाभार्थी महिलाओं और दिल्ली मेट्रो के महिला स्टेशन कंट्रोलर और ट्रेन ऑपरेटरों से बातचीत की। इसके अलावा जीपीआरए विकास परियोजना के तह बने फ्लैटों का आवंटन और नए फ्लैटों के निर्माण का शिलान्यास किया।




साइन इन