Owaisi says Right under the nose of the Delhi police, Enraged by threat of a bloody Holi on Eid ईद पर 'खून की होली' वाली धमकी पर बिफरे असदुद्दीन ओवैसी, बोले- दिल्ली पुलिस की नाक के नीचे.., Ncr Hindi News - Hindustan
More

ईद पर 'खून की होली' वाली धमकी पर बिफरे असदुद्दीन ओवैसी, बोले- दिल्ली पुलिस की नाक के नीचे..

ओवैसी ने कहा, 'यह पुलिस का काम है कि वह यह सुनिश्चित करे कि हर नागरिक सुरक्षित महसूस करे, लेकिन इलाके में साफ तौर पर हिंसा का माहौल छा रहा है और इसे रोकने के लिए कुछ भी नहीं किया जा रहा है।'

Wed, 18 March 2026 11:50 PMSourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
ईद पर 'खून की होली' वाली धमकी पर बिफरे असदुद्दीन ओवैसी, बोले- दिल्ली पुलिस की नाक के नीचे..

दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन हुए विवाद में हिंदू युवक तरुण की मौत हो गई थी, जिसके बाद से ही इलाके का सांप्रदायिक माहौल ठीक नहीं चल रहा है। वहीं अब ईद का त्योहार करीब आने पर कुछ लोगों ने माहौल खराब करने की कोशिश करते हुए मुस्लिम समुदाय के लोगों को खून की होली खेलने की धमकी दी है। जिसके बाद उत्तम नगर में रहने वाले मुस्लिम परिवारों में खौफ का माहौल है और वो अपने घर छोड़-छोड़कर भाग रहे हैं। उधर अब इस मामले में AIMIM (ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुसलमिन) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की भी एंट्री हो गई है। इस मामले को सोशल मीडिया पर उठाते हुए उन्होंने 'ईद पर खून की होली' की धमकी देने वालों को आड़े हाथ लिया है और पुलिस पर अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाने का आरोप लगाया।

इस 'खून की होली' वाली धमकी के मुद्दे को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर उठाते हुए ओवैसी ने लिखा, 'उत्तम नगर में दिल्ली पुलिस की नाक के ठीक नीचे नफ़रत फैलाने का एक अभियान चल रहा है, फिर भी इसे रोकने के लिए कोई भी साफ कदम नहीं उठाया जा रहा है। यह पुलिस का काम है कि वह यह सुनिश्चित करे कि हर नागरिक सुरक्षित महसूस करे, लेकिन इलाके में साफ तौर पर हिंसा का माहौल छा रहा है और इसे रोकने के लिए कुछ भी नहीं किया जा रहा है।'

'खुलेआम बयानबाजी कर माहौल बिगाड़ रहे'

वहीं उनकी इस पोस्ट को शेयर करते हुए AIMIM के दिल्ली अध्यक्ष शोएब जमई ने लिखा, ‘ईद पर खून की होली की धमकी देने वाले लोगों को कानून का कोई डर नहीं है। खुलेआम इस तरह से बयान बाजी करके माहौल को बिगाड़ा जा रहा है, और दिल्ली की प्रशासन खामोश बैठी है। सदर ए मजलिस असदुद्दीन ओवैसी साहब की हिदायत पर हमने पुलिस कमिश्नर को खत लिख करके उत्तम नगर में ईद के दिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।’

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ईद से पहले क्यों उत्तम नगर छोड़ रहे हैं मुसलमान, 'खून की होली' वाली धमकियां

दिल्ली की सीएम व पुलिस कमिश्नर को लिखा पत्र

अपनी पोस्ट के साथ जमई ने वह पत्र भी साझा किया, जिसे उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री और दिल्ली के पुलिस कमिश्नर के नाम लिखते हुए ईद के दौरान उत्तम नगर में सुरक्षा बढ़ाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का अनुरोध किया। इस पत्र में उन्होंने लिखा, ‘आदरणीय सर/मैडम, मुझे उम्मीद है कि आप स्वस्थ होंगे। मैं उत्तम नगर के मुस्लिम समुदाय की ओर से आपको यह पत्र लिख रहा हूं, जो आने वाले ईद के त्योहार से पहले बढ़ रहे तनाव को लेकर बहुत चिंतित हैं।’

'मुस्लिम समुदाय के लोगों में गहरी असुरक्षा की भावना'

आगे उन्होंने लिखा, 'हमें कुछ चिंताजनक रिपोर्टें मिली हैं कि कुछ असामाजिक तत्व और चरमपंथी समूह इलाके में दंगे भड़काने और नफरत फैलाने वाली बातें कर रहे हैं। जिसके चलते कई परिवार, अपनी सुरक्षा के डर से, पहले ही इलाका छोड़कर चले गए हैं। इससे मुस्लिम समुदाय में गहरी असुरक्षा की भावना पैदा हो गई है।'

'अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की अपील की'

आगे जमई ने लिखा, ‘हम शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के लिए आपसे तत्काल हस्तक्षेप का विनम्र अनुरोध करते हैं। हम आपसे आग्रह करते हैं कि आप उत्तम नगर में, विशेष रूप से मस्जिदों और लोगों के इकट्ठा होने वाली जगहों के आसपास, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। इसके अलावा, हम नफरत या हिंसा भड़काने वाले किसी भी व्यक्ति या समूह के खिलाफ त्वरित जांच और कड़ी कार्रवाई का अनुरोध करते हैं, जिसमें वे लोग भी शामिल हैं जो खुले तौर पर नरसंहार का आह्वान कर रहे हैं। हमें दिल्ली में सभी समुदायों के लिए न्याय और शांति बनाए रखने की आपकी प्रतिबद्धता पर पूरा भरोसा है। हमें त्वरित कार्रवाई और सभी के लिए एक सुरक्षित ईद की उम्मीद है। इस ज़रूरी मामले पर ध्यान देने के लिए आपका धन्यवाद।’

दरअसल उत्तम नगर के हस्तसाल गांव में रहने वाले कई मुस्लिम परिवार ईद से पहले इस खून की होली वाली धमकी मिलने के बाद और स्थिति समान्य होने तक यहां से चले जाने की सोच रहे हैं। हिन्दुस्तान टाइम्स से बातचीत में ऐसे कई परिवारों ने अपनी मंशा जाहिर की है। इनका कहना है कि होली पर 26 साल के युवक की हत्या के बाद अलग-अलग समुदायों से जुड़े धार्मिक समूहों ने जिस तरह धमकियां दीं उससे माहौल बहुत डरावना हो गया है। इस बीच दिल्ली पुलिस ने कहा है कि वे स्थानीय लोगों के साथ बैठकें कर रहे हैं और किसी ने उन्हें इस तरह की योजना के बारे में नहीं बताया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:'खून की होली' की धमकियां दी जा रहीं मी-लॉर्ड! HC में उत्तम नगर में तनाव का मामला
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।